खराब मौसम और क्रू की ड्यूटी समय सीमा (एफडीटीएल) के कारण सोमवार को इंडिगो की मुंबई-कोलकाता उड़ान 6ई-5329 पांच घंटे से अधिक देरी से रवाना हुई। यह उड़ान सुबह आठ बजे प्रस्थान करने वाली थी, लेकिन अंततः दोपहर 1.15 बजे उड़ान भरी। एयरलाइन सूत्रों ने बताया कि विमान के आने में देरी हुई क्योंकि उसे मुंबई के खराब मौसम के चलते सूरत की ओर डायवर्ट करना पड़ा। इस कारण निर्धारित क्रू का ड्यूटी समय पूरा हो गया और तुरंत नए क्रू की व्यवस्था करनी पड़ी। इंडिगो के प्रवक्ता ने कहा कि मानक संचालन प्रक्रिया के तहत सभी यात्रियों को जानकारी दी गई और जिन यात्रियों ने यात्रा रद्द की, उन्हें पूर्ण धनवापसी की पेशकश की गई। वहीं, यात्रियों ने बताया कि सुबह 10.30 बजे उन्हें विमान में सवार कराया गया, जिसके बाद उड़ान कोलकाता के लिए रवाना हुई।
महिला ने पति के साथ की करीब एक करोड़ की ठगी
मुंबई के भांडुप इलाके से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने पति को लोन दिलाने का झांसा देकर और केस में फंसाने की धमकी देकर सात साल में 1.73 करोड़ रुपये ठग लिए।पुलिस के अनुसार आरोपी महिला पूनम रोडे ने अपने पति विशाल अशोक रोडे से यह रकम ऐंठी। इस धोखाधड़ी में उसके तीन साथी-सचिन येलावी, सुहास पवार और किशोर पवार भी शामिल रहे। 2019 में पूनम ने पति को भरोसा दिलाया कि उसके जानने वाले लोग 3 करोड़ रुपये का लोन दिला सकते हैं। पुलिस ने बताया कि विशाल ने शुरुआत में येलावी को 6.92 लाख रुपये दिए। बाद में व्हाट्सएप पर अश्लील तस्वीरें भेजकर उसे धमकाया गया। 2022 से आरोपी ने हर महीने पति के खाते से 2.20 लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर कराए और अब तक कुल 82.23 लाख रुपये निकाल लिए। एफआईआर दर्ज कर जांच जारी है।
वसई में मेफेड्रोन के साथ तीन गिरफ्तार, 50 लाख का माल बरामद
पालघर जिले के वसई इलाके में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मेफेड्रोन के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। जब्त किए गए नशे का बाजार मूल्य लगभग 50 लाख रुपये बताया गया है। अधिकारियों के मुताबिक यह कार्रवाई 13 सितंबर को हुई।एमबीवीवी क्राइम ब्रांच यूनिट 11 (वसई) के वरिष्ठ निरीक्षक अविराज कुरहाडे ने बताया कि आरोपियों की पहचान शहबाज हामिद शेख (22) निवासी नालासोपारा, योगेश राजू राठौड़ (22) और जाफर आसिफ शेख (22), दोनों बांद्रा निवासी, के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि सूचना के आधार पर तुलिन के सेंट्रल पार्क मैदान से इन्हें पकड़ा गया। तलाशी के दौरान इनके पास से 250 ग्राम मेफेड्रोन बरामद हुआ। बरामद नशे की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में 50 लाख रुपये आंकी गई है। तीनों आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटैंसेस (एनडीपीएस) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि यह नेटवर्क कितना बड़ा है और इनके संपर्क किन-किन इलाकों तक फैले हुए हैं।
आचार्य देवव्रत ने महाराष्ट्र के राज्यपाल के रूप में शपथ ली
आचार्य देवव्रत ने महाराष्ट्र के राज्यपाल के रूप में शपथ ली। इस दौरान सीएम देवेंद्र फडणवीस और डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे इस शपथ ग्रहण कार्यक्रम में मौजूद रहे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पिछले सप्ताह गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत को अपने कर्तव्यों के अतिरिक्त महाराष्ट्र के राज्यपाल के कार्यों का निर्वहन करने के लिए नियुक्त किया था। बता दें कि सीपी राधाकृष्णन के देश के अगले उपराष्ट्रपति चुने जाने के कारण उनके पद छोड़ने के बाद यह पदभार ग्रहण किया गया।
फिर विवादों में पूजा खेडकर का परिवार
निलंबित प्रशिक्षु IAS अधिकारी पूजा खेडकर का परिवार एक बार फिर विवादों में है। रबाले पुलिस ने एक अपहृत ड्राइवर को पूजा खेडकर के पुणे स्थित घर से बरामद किया। इस दौरान उनकी मां मनोरमा खेडकर ने पुलिस कार्रवाई में बाधा डाली। पुलिस के अनुसार, शनिवार को मुलुंड-ऐरोली रोड पर 22 वर्षीय ट्रक ड्राइवर प्रल्हाद कुमार का ट्रक एक कार (MH-12 RT-5000) से टकरा गया। इसके बाद कार में सवार दो अज्ञात व्यक्तियों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर प्रल्हाद को जबरन कार में बैठा लिया। उसे पुलिस स्टेशन ले जाने के बजाय करीब 150 किमी दूर पुणे ले जाकर एक कमरे में बंद कर दिया गया।
ट्रक ड्राइवर ने किसी तरह शिकायत दर्ज कराई। जांच में पता चला कि घटना में शामिल कार पूजा ऑटोमोबाइल्स के नाम पर पंजीकृत है, जो खेडकर परिवार से जुड़ी है। पुलिस टीम ने पुणे पहुंचकर प्रल्हाद को बचाया। कार्रवाई के दौरान मनोरमा खेडकर ने दरवाजा खोलने से इनकार किया और पुलिस से दुर्व्यवहार किया। अब उन्हें पूछताछ के लिए तलब किया गया है। पुणे पुलिस उनके खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने का अलग केस दर्ज करने की तैयारी कर रही है। वहीं अपहरण में शामिल दोनों आरोपी अभी फरार हैं। पूजा खेडकर पहले ही कथित रूप से विशेषाधिकारों के दुरुपयोग के मामले में निलंबित हैं।
अजित पवार पर संजय राउत की विवादित टिप्पणी
महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार को लेकर विरोधी दल- शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने विवादित टिप्पणी की है। उन्होंने उपमुख्यमंत्री अजित पवार को भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच पर दिए बयानों को लेकर 'मूर्ख नेता' और 'आधा पाकिस्तानी' बताया। बता दें कि पवार ने कहा था कि मैच को खेल की तरह देखा जाना चाहिए और भावनात्मक राजनीति नहीं करनी चाहिए। राउत ने पलटवार करते हुए कहा कि अगर पवार के परिवार का कोई सदस्य पहलगाम आतंकी हमले में मारा गया होता तो वह ऐसा नहीं कहते। एशिया कप मैच से पहले शिवसेना ने महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और जम्मू में पाकिस्तान विरोधी प्रदर्शन किए, वहीं आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में विरोध जताया।
नीदरलैंड के कलाकार के पाकिस्तानी होने की अफवाह, पुणे में पुलिस ने 14 लोगों को हिरासत में लिया
राज्य की एक अन्य अहम खबर पुणे के यरवदा से सामने आई। यरवदा पुलिस स्टेशन में पदस्थापित वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक रवींद्र शेलके ने बताया कि कल्याणीनगर स्थित पब बॉलर में आज नीदरलैंड के नागरिक और कलाकार इमरान नासिर खान का एक कार्यक्रम होना था। उससे पहले ही सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाई गई कि कलाकार पाकिस्तानी नागरिक है। इस पर कुछ संगठनों के कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन करने के लिए होटल बॉलर के पास जमा हो गए। सच्चाई बताए जाने के बाद भी, उन्होंने होटल जा रहे नागरिकों को रोकने का प्रयास किया। कानून-व्यवस्था न बिगड़े, इसलिए पुलिस ने 14 प्रदर्शनकारियों को एहतियातन हिरासत में ले लिया। मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात हैं। स्थिति शांतिपूर्ण है।