फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

News Updates: भाजपा के पूर्व सांसद जॉन बारला ने थामा TMC का दामन; राज्यपाल सीवी बोस को अस्पताल से मिली छुट्टी

Thu, 15 May 2025 11:36 AM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व सांसद जॉन बारला तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। बारला ने टीएमसी में शामिल होने के बाद दावा किया कि जब वह भाजपा में थे तो उन्हें आदिवासी लोगों के विकास के लिए काम करने की अनुमति नहीं थी।

विज्ञापन


पश्चिम बंगाल: राज्यपाल बोस को ऑपरेशन के बाद अस्पताल से मिली छुट्टी
बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस को ऑपरेशन के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। वे तीन सप्ताह से कोलकाता के एक अस्पताल में भर्ती थे। जहां 22 अप्रैल को उन्हें कंधे के दर्द के बाद भर्ती कराया गया था। अधिकारियों ने इस बारे में जानकारी दी। 

बीसीआई ने विदेशी वकीलों, कानूनी फर्मों के पंजीकरण के लिए जारी की संशोधित नियमों की अधिसूचना
बार काउंसिल ऑफ इंडिया (बीसीआई) ने विदेशी वकीलों, कानूनी फर्मों के पंजीकरण के लिए संशोधित नियमों की अधिसूचना जारी कर दी है। बुधवार को जारी अधिसूचना के मुताबिक संशोधित नियमों को भारत में विदेशी कानून और अंतरराष्ट्रीय कानून के अभ्यास को विनियमित करने का मकसद भारतीय अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा करना है। संशोधन के बाद विदेशी वकीलों और कानूनी फर्मों को मुकदमा चलाने, भारतीय अदालतों में पेश होने या किसी भी क्षमता में भारतीय कानून का अभ्यास करने से स्पष्ट रूप से प्रतिबंधित किया गया है।
विज्ञापन


ग्रेटर बेंगलुरु एक्ट 15 मई से लागू होगा
कर्नाटक सरकार ने कहा है कि ग्रेटर बेंगलुरु गवर्नेंस एक्ट, 2024 15 मई से लागू होगा। इस कानून से बंगलूरू शहर को संचालित करने के लिए अधिकतम सात नगर निगमों के गठन की अनुमति मिलती है। जब तक नया कानून लागू नहीं होता, सभी पदाधिकारियों के पास बृहत बेंगलुरु महानगर पालिका (बीबीएमपी) अधिनियम, 2020 के तहत प्रदत्त शक्तियां और कर्तव्य बने रहेंगे। सूत्रों ने बताया कि जब तक कई निगमों का गठन नहीं हो जाता, तब तक बीबीएमपी ग्रेटर बेंगलुरु अथॉरिटी (जीबीए) के तहत काम करना जारी रखेगा।

भारत का पहला मानवयुक्त गहरा महासागर मिशन 2026 के अंत तक
भारत अपना पहला मानवयुक्त गहरे महासागर मिशन समुद्रयान 2026 के अंत तक लॉन्च करेगा। मानवयुक्त पनडुब्बी वाहन 'मत्स्य' का उपयोग करके 6,000 मीटर की गहराई में मिशन भेजा जाएगा। राष्ट्रीय महासागर प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईओटी) के निदेशक बालाजी रामकृष्णन ने यह जानकारी दी। रामकृष्णन यहां आईसीएआर-केन्द्रीय समुद्री मत्स्य अनुसंधान संस्थान (सीएमएफआरआई) के पांच दिवसीय राष्ट्रीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन करने के बाद सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यह मिशन 6000 मीटर तक गहरे समुद्र में खोज कार्य करने में सक्षम होगा, जिसमें पनडुब्बी वाहन में तीन वैज्ञानिक सवार होंगे। पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के तहत एनआईओटी गहरे महासागर मिशन की कार्यान्वयन नोडल एजेंसी है।

पाकिस्तानी चालक दल के 21 सदस्यों को पारादीप बंदरगाह पर उतरने से रोका
ओडिशा के पारादीप बंदरगाह पर बुधवार सुबह कच्चा तेल लदा एक जहाज पहुंचा, जिस पर सवार पाकिस्तानी चालक के 21 सदस्यों को उतरने से रोक दिया गया। पाकिस्तानी चालक दल के पारादीप पहुंचने की सूचना मिलने पर ओडिशा पुलिस और सीआईएसएफ ने सुरक्षा बढ़ा दी है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि चालक दल के कुल 25 सदस्यों के साथ ‘एमटी साइरन-2’ जहाज इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के लिए कच्चा तेल लेकर दक्षिण कोरिया से सिंगापुर होते हुए पारादीप बंदरगाह पहुंचा। इसके चालक दल में 21 सदस्य पाकिस्तानी नागरिक हैं। बाकी चार सदस्य भारत और थाईलैंड के नागरिक हैं। जहाज तट से लगभग 20 किलोमीटर दूर स्थित सिंगल प्वाइंट मूरिंग (एसपीएम) पर खड़ा है, जिस पर 11,350 मीट्रिक टन कच्चा तेल है। कच्चे तेल की निकासी के दौरान चालक दल के किसी भी पाकिस्तानी सदस्य को जहाज से बाहर जाने पर रोक लगा दी गई है। भारत और पाकिस्तान के बीच हुए सैन्य संघर्ष के दौरान पारादीप बंदरगाह को हाई अलर्ट पर रखा गया था।

पूर्वोत्तर में निवेश की व्यापक संभावनाएं बड़ी कंपनियां आने को तैयार : सिंधिया
पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बुधवार को कहा कि दिल्ली में 23 से 24 मई को राइजिंग नॉर्थईस्ट इंवेस्टमेंट समिट-2025 आयोजित होगा। पूर्वोत्तर राज्यों में निवेश और व्यापार की बहुत संभावनाएं है। सभी बड़ी कंपनियां वहां पर पर्यटन, खाद्य प्रसंस्करण, आईटी, ऊर्जा, शिक्षा और कौशल विकास से लेकर आधारभूत ढांचे और लॉजिस्टक में निवेश के इच्छुक हैं। अभी तक करीब 1.12 लाख करोड़ रुपये से अधिक के प्रस्ताव मिल चुके हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देशभर में रोड शो आयोजित भी किए, ताकि निवेशकों तक सही जानकारियां पहुंचाई जा सके। बड़ी संख्या में निवेशक मणिपुर के लिए भी इच्छुक हैं। सरकार पूर्वोत्तर के विकास को लेकर गंभीरता से काम कर रही है। क्षेत्र में सड़क से लेकर हवाई संपर्क को बेहतर किया गया है। 

एनएबीईटी स्कोर 2025: अदाणी विद्या मंदिर देश के शीर्ष स्कूलों में शामिल
अदाणी विद्या मंदिर अहमदाबाद (एवीएमए) ने दोहरी उपलब्धि हासिल की है। एक तरफ जहां, एवीएमए भारतीय गुणवत्ता परिषद (क्यूसीआई) के तहत राष्ट्रीय शिक्षा व प्रशिक्षण प्रत्यायन बोर्ड (एनएबीईटी) की नवीनतम रेटिंग के अनुसार देश के शीर्ष विद्यालयों में शामिल हो गया। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) के 12वीं कक्षा के परिणामों में एवीएमए के सभी छात्र प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए हैं। रेटिंग में 250 में से 232 अंक हासिल करने के साथ ही एवीएमए देश के शीर्ष स्कूलों की सूची में शामिल होने के साथ ही वंचित वर्ग से जुड़े संस्थानों की सूची में शीर्ष पर है। विद्यालय 2008 से शैक्षणिक रूप से प्रतिभाशाली, लेकिन आर्थिक रूप से वंचित छात्रों के जीवन में बदलाव ला रहा है।

चेंज ऑफ गार्ड समारोह अब सुबह 7:30 से 8:30 बजे के बीच होगा
राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में होने वाले चेंज ऑफ गार्ड समारोह के समय में बदलाव किया गया है। बुधवार को जारी बयान में कहा गया कि शनिवार से यह समारोह ग्रीष्मकालीन समय यानी प्रातः 7:30 से 8:30 बजे के बीच आयोजित होगा।

कोलकाता : दो करोड़ से अधिक की लूट में एएसआई गिरफ्तार
पश्चिम बंगाल में 2.66 करोड़ रुपये की लूट मामले में कोलकाता पुलिस के एक एएसआई को गिरफ्तार किया गया है। इसी के साथ, मामले में अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। यह घटना पांच मई को एंटाली क्षेत्र में तब हुई थी, जब एक निजी कंपनी के दो कर्मचारी एसएन बनर्जी रोड से टैक्सी लेकर महानगर के पार्क सर्कस इलाके में स्थित एक सरकारी बैंक में पैसे जमा करने जा रहे थे। एक अधिकारी ने बताया, एएसआई ने पूरी लूट की साजिश रची थी। हमने उसे गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने घटना से जुड़ी ज्यादा जानकारी देने से इन्कार कर दिया।

ऑपरेशन सिंदूर सेना के अदम्य साहस का प्रतीक : आठवले
रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया के अध्यक्ष और केंद्रीय सामाजिक न्याय व अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास आठवले ने कहा, ऑपरेशन सिंदूर भारतीय सेनाओं के अदम्य साहस और शौर्य का प्रतीक है। इसके लिए वह देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आभारी हैं, जिनके नेतृत्व में यह कदम उठाया गया। उन्होंने कहा, पाकिस्तान को अब अगर शांति चाहिए तो उसे पीओके को भारत के हवाले कर देना चाहिए। तीसरे की मध्यस्थता की कोई आवश्यकता नहीं है।

असम : 3 करोड़ की हेरोइन के साथ दो महिला तस्कर गिरफ्तार
असम के श्रीभूमि जिले में पुलिस ने करीब तीन करोड़ रुपये की हेरोइन के साथ दो महिला तस्करों को गिरफ्तार किया है। इन दोनों पर असम और त्रिपुरा के बीच सक्रिय ड्रग तस्करी गिरोह से शामिल होने का संदेह है। एक अधिकारी ने बताया,खुफिया जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक संदिग्ध खेप को रोका और दो महिलाओं को हिरासत में लिया। दोनों पड़ोसी त्रिपुरा की राजधानी अगरतला की निवासी हैं।

इंफाल : रिम्स छात्रावास में मृत मिली मेघालय की नर्सिंग छात्रा
क्षेत्रीय आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) के छात्रावास में मेघालय की चौथे सेमेस्टर की एक नर्सिंग छात्रा बुधवार को मृत मिली। मृत छात्रा की पहचान एबियल सचियाना (21) के रूप में हुई है, जो वेस्ट गारो हिल्स के रेंगराम की रहने वाली थी। उन्होंने बताया कि एबियल का शव छात्रावास के कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना की जांच की जा रही है।

भारत के साथ ऑस्ट्रिया ने किया किसी भी तरह की न्यूक्लियर ब्लैकमेलिंग का विरोध
भारत के साथ ऑस्ट्रिया ने भी आतंकवाद के प्रति शून्य सहनशीलता का संकल्प दोहराया। साथ ही दोनों देशों ने किसी भी तरह की न्यूक्लियर यानी परमाणु ब्लैकमेलिंग का विरोध किया। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने ऑस्ट्रिया की विदेश मंत्री बियाटे मींल-रेसिंगर से फोन पर बातचीत की। इस दौरान आतंकवाद को बर्दाश्त न करने, परमाणु ब्लैकमेल और यूक्रेन युद्ध जैसे अहम वैश्विक मुद्दों पर प्रमुखता से बात हुई। जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बातचीत का विवरण साझा किया। जयशंकर ने ऑस्ट्रियाई विदेश मंत्री को उनकी नियुक्ति पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि भारत और ऑस्ट्रिया के मजबूत द्विपक्षीय संबंधों को और सशक्त बनाने के तरीकों पर विस्तार से बात हुई। ऑस्ट्रियाई विदेश मंत्री बियाटे मींल-रेसिंगर ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा कि भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर से फोन पर अच्छी बातचीत हुई।

असम में दो और पाकिस्तान समर्थक पकड़े गए, अब तक 58 गिरफ्तार
असम में पाकिस्तान का समर्थन करने के आरोप में दो और लोगों को पकड़ा गया है। इसी के साथ, पहलगाम हमले के बाद से अब तक प्रदेश में 58 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने कहा, दोनों आरोपी सोनितपुर जिले के निवासी हैं। अब तक 58 पाक समर्थकों को जेल भेजा जा चुका है। राष्ट्रविरोधी गतिविधियों के लिए अब उनकी विशेष देखभाल की जाएगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि देशद्रोहियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

रेलवे को आपूर्ति वाली कैटरिंग में मिला खराब भोजन, सील
केरल में भारतीय रेलवे के लिए भोजन की आपूर्ति करने वाली एक खानपान इकाई (कैटरिंग) में बड़ी मात्रा में कई दिन पुरानी और खराब हो चुकी खाद्य सामग्री पाई गई। इतना ही नहीं, इसके कर्मचारी नियमों का उल्लंघन करते हुए भोजन और अन्य कचरे को एक नहर में फेंकते हुए मिले। मामला बृंदावन कैटरिंग से जुड़ा है। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि इस कैटरिंग यूनिट का संचालन निगम के लाइसेंस के किया जा रहा था, इसलिए इसे सील किया जाएगा। रेलवे ने कैटरिंग पर एक लाख रुपये का जुर्माना ठोका है।

केरल में राष्ट्र विरोधी टिप्पणी करने पर अभिनेता मरार के खिलाफ केस
राष्ट्र विरोधी टिप्पणी पर केरल पुलिस ने मलयालम टीवी अभिनेता अखिल पर केस दर्ज किया है। उन पर सोशल मीडिया में वीडियो पोस्ट कर देश विरोधी बयान देने का आरोप है। कोट्टारक्कारा थाने के एक अधिकारी ने बताया कि मरार के खिलाफ भारत की संप्रभुता, एकता और अखंडता को खतरे में डालने वाले कृत्य के तहत केस दर्ज किया गया है, जो गैर-जमानती है। स्थानीय भाजपा नेता अनीश कने अभिनेता के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराई थी।

कर्नाटक लोकायुक्त ने तुमकुरु, मंगलुरु, विजयपुरा, बेंगलुरु सिटी, बेंगलुरु, बेंगलुरु ग्रामीण और यादगिरी में 12 स्थानों पर छापेमारी की। 

गुजरात: मंदिर को बम की झूठी सूचना देने के मामले में शख्स गिरफ्तार
गुजरात के भरूच शहर के स्वामीनारायण मंदिर में बम की झूठी सूचना देने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी। 

पुलिस उपाधीक्षक अनिल सिसारा ने बताया, तौसीफ पटेल नाम के व्यक्ति ने बुधवार शाम को अपने मोबाइल फोन से शहर के पुलिस नियंत्रण कक्ष और आपदा नियंत्रण कक्ष को दो बार फोन किया और कहा कि चार लोग झाडेश्वर स्थित स्वामी नारायण मंदिर को गुरुवार की दरम्यानी रात 1 से 2 बजे के बीच बम से उड़ाने वाले हैं। इसके बाद पुलिस की टीमों के साथ डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ता तुरंत मंदिर परिसर में भेजा गया। तलाशी के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। जांच के बाद फोन करने वाले का पता लगाया गया और उसे भरूच रेलवे स्टेशन के पास एक इलाके से पकड़ लिया गया। 
 
पुलिस ने कहा कि आरोपी ने बताया कि उसका अपने भाइयों के साथ संपत्ति विवाद चल रहा है और उसने अपने ही रिश्तेदारों को फंसाने के इरादे से फोन किया था। उसका कहना है कि भाई उसे पुश्तैनी संपत्ति में हिस्सा नहीं दे रहे थे और उसका बहनोई भी उसे परेशान कर रहा था। आरोपी के खिलाफ भरूच शहर के थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 217 (जानबूझकर गलत सूचना देकर सरकारी अधिकारी को उसके अधिकार का गलत इस्तेमाल करने को उकसाना, जिससे किसी अन्य व्यक्ति को नुकसान हो) और 353(2) (झूठी बातें, अफवाहें या डर फैलाने वाली बातें बनाना, फैलाना या प्रचारित करना) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

इस्राइली रक्षा मंत्रालय के महासचिव ने रक्षा सचिव राजेश कुमार से की फोन पर बात
इस्राइली रक्षा मंत्रालय के महानिदेशक (डीजी) मेजर (सेवानिवृत्त) अमीर बराम ने आज रक्षा सचिव राजेश कुमार से फोन पर बातचीत की। उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ भारत की कार्रवाई को इस्राइल का पूर्ण समर्थन देने की बात कही और ऑपरेशन सिंदूर की कामयाबी की सराहना की। रक्षा मंत्रालय ने यह जानकारी दी। 

कर्नल सोफिया कुरैशी के ससुराल पर हमले की फर्जी पोस्ट पर एफआईआर
कर्नल सोफिया कुरैशी के बेलगावी स्थित ससुराल पर ‘हमले’ का झूठा दावा करते हुए सोशल मीडिया मंच पर पोस्ट करने को लेकर साइबर अपराध पुलिस ने बृहस्पतिवार को एफआईआर दर्ज की है।

एक पुलिस अधिकारी की शिकायत के बाद यहां सीईएन पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत सोशल मीडिया मंच 'एक्स' खाताधारक अनीस उद्दीन के खिलाफ केस दर्ज किया गया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि कथित फर्जी पोस्ट को साझा करने के लिए दो अन्य 'एक्स' अकाउंट धारकों, खुबानी और द्रुमी का भी नाम एफआईआर में दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि इन अकाउंट धारकों की पहचान अभी सत्यापित नहीं की गई है। बेलगावी के पुलिस अधीक्षक भीमाशंकर गुलेड़ ने बुधवार को पुष्टि की थी कि ऐसी कोई घटना नहीं हुई है और ये पोस्ट झूठी थी। 

पीएम मोदी बोले- मत्स्य पालन क्षेत्र का किया कायाकल्प, मछुआरों के कल्याण के लिए उठाए बड़े कदम 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि उनकी सरकार ने मत्स्य पालन क्षेत्र का कायाकल्प किया है। उन्होंने कहा कि मछुआरों के लिए ऋण के साथ-साथ बाजारों तक और अधिक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए बड़े पैमाने पर काम किया गया है। प्रधानमंत्री ने गुरुवार को यहां एक बैठक की अध्यक्षता करते हुए मत्स्य पालन की प्रगति और भविष्य की योजनाओं का जायजा लिया।

समीक्षा बैठक में समुद्री खाद्य निर्यात बढ़ाने पर फोकस किया गया। पीएम मोदी ने एक पोस्ट में कहा कि मत्स्य पालन क्षेत्र के बुनियादी ढांचे में काफी बदलाव किया गया है। मछुआरों के कल्याण के लिए कई पहल की गई हैं। उन्होंने कहा कि बैठक में इस बात पर विचार-विमर्श किया गया कि निर्यात को कैसे बढ़ाया जाए और गहरे समुद्र में मछली पकड़ने पर अधिक ध्यान कैसे दिया जाए। यह बैठक मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय के तहत मत्स्य पालन विभाग की ओर से मुंबई में 255 करोड़ रुपये की लागत वाली मत्स्य पालन परियोजनाओं का अनावरण करने के कुछ दिनों बाद की गई है। इसके लिए मंत्रालय ने 'कोस्टल स्टेटस फिशरीज मीटः 2025' का आयोजन किया, जहां केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह ने प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना (पीएमएमएसवाई) के तहत 255.30 करोड़ रुपये के कुल व्यय के साथ 7 तटीय राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए प्रमुख प्रोजेक्टस का उद्घाटन और शिलान्यास किया।
 

कर्नाटक लोकायुक्त ने 7 अधिकारियों के 40 ठिकानों पर छापे मारे
आय से अधिक संपत्ति मामले में कर्नाटक लोकायुक्त ने सात सरकारी अधिकारियों से जुड़े 40 ठिकानों पर छापे मारे। इस दौरान करीब 22.79 करोड़ रुपये की अघोषित संपत्ति बरामद की। लोकायुक्त सूत्रों के अनुसार, छापे के दौरान अचल संपत्ति, नकदी, गहने, लग्जरी वाहनों से जुड़े कई अभिलेख जब्त किए गए। अधिकारियों के पास आय से अधिक संपत्ति पाई गई। मामले की जांच शुरू की गई है।
विज्ञापन

इसरो और जापानी अंतरिक्ष एजेंसी ने चंद्रयान-5 मिशन पर तकनीकी बैठक की
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने बृहस्पतिवार को घोषणा की कि उसने चंद्रयान-5/लूपेक्स (चंद्र ध्रुवीय अन्वेषण) मिशन के लिए जापानी अंतरिक्ष एजेंसी जेएक्सए के साथ तीसरी आमने-सामने तकनीकी बैठक (टीआईएम-3) आयोजित की है।

इसरो ने बताया कि चंद्रयान-5/लूपेक्स मिशन भारत के चंद्र अन्वेषण अभियान में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा, जिसमें 2040 तक भारतीय गगनयात्रियों (अंतरिक्ष यात्रियों) के चंद्रमा पर उतरने की परिकल्पना की गई है।

भारतीय अंतरिक्ष एजेंसी द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक 13 से 14 मई को बेंगलुरु स्थित इसरो के मुख्यालय में आयोजित बैठक में इसरो, जेएक्सए और जापान की मित्सुबिशी हेवी इंडस्ट्रीज (एमएचआई) के वरिष्ठ अधिकारियों, परियोजना अधिकारियों और तकनीकी टीम के सदस्यों ने हिस्सा लिया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें