फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Updates: 20 जून को भुवनेश्वर में रोड शो करेंगे पीएम मोदी; तेलंगाना कांग्रेस के महासचिव बने मोहम्मद असदुद्दीन

Sat, 14 Jun 2025 11:13 PM IST
शिव शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले सप्ताह 20 जून को राजधानी भुवनेश्वर में ओडिशा सरकार के कार्यक्रम में शिरकत करने से पहले रोड शो करेंगे और तिरंगा यात्रा में शामिल होंगे। ओडिशा के पंचायती राज और पेयजल मंत्री रबी नारायण नायक ने शनिवार को बताया कि प्रधानमंत्री मोदी 20 जून को ओडिशा में भाजपा सरकार के एक साल पूरे होने के उपलक्ष्य आयोजित होने वाले कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। एक सप्ताह तक चलने वाले इस कार्यक्रम का 20 जून को समापन होगा, जिसमें प्रधानमंत्री भी शामिल होंगे। राज्य सरकार के कार्यक्रम में हिस्सा लेने से पहले वह बीजू पटनायक अतंरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से भुवनेश्वर के जनता मैदान तक रोड शो करेंगे और तिरंगा यात्रा में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी के नेतृत्व में राज्य मंत्रिमंडल ने पिछले साल 12 जून को शपथ ली शपथ ली।

विज्ञापन


असम IED विस्फोट मामले में NIA ने दाखिल की चार्जशीट
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने 2024 में स्वतंत्रता दिवस पर असम में आईईडी विस्फोट करने की उल्फा (आई) की साजिश से जुड़े मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया है। अफसरों ने बताया कि प्रतिबंधित उग्रवादी समूह उल्फा के अध्यक्ष और एसएस कमांडर-इन-चीफ परेश बरुआ, अभिजीत गोगोई और जाह्नु बरुआ के साथ, बीएनएस, यूए(पी) अधिनियम और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत आरोप लगाए गए हैं। 

धुबरी गोमांस कांड में बड़ी कार्रवाई
असम के धुबरी शहर में मंदिर के पास कथित तौर पर मांस फेंके जाने के मामले में 38 लोग गिरफ्तार किए गए। सीएम हिमंत बिस्व सरमा ने कहा कि कार्रवाई जारी है। अधिकारी ने बताया कि रविवार को एक मंदिर के पास संदिग्ध गाय का सिर मिला था। फिर इसका विरोध करते हुए भीड़ ने धुबरी मजिस्ट्रेट कॉलोनी और न्यू मार्केट के पास सब्जी विक्रेताओं और ई-रिक्शा चालकों पर हमला किया। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने शुक्रवार को धुबरी जिले का दौरा कर धार्मिक स्थलों को नुकसान पहुंचाने का प्रयास करने वालों को देखते ही गोली मारने का आदेश दिया था।

विज्ञापन

कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए पहला जत्था रवाना
कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए शुक्रवार को 50 यात्रियों का पहला जत्था जवाहरलाल नेहरू भवन से रवाना किया गया। विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा ने जत्था  रवाना करने के बाद कहा, यह पवित्र यात्रा है जो सीमाओं के पार भारत के जीवंत सभ्यतागत संबंधों का प्रमाण है। उन्होंने यात्रा को फिर से शुरू करने में सहयोग के लिए चीन सरकार की भी सराहना की।

सरकार हर साल जून से सितंबर के बीच उत्तराखंड में लिपुलेख दर्रा (1981 से) और सिक्किम में नाथू ला दर्रा (2015 से) के दो आधिकारिक मार्गों के जरिये कैलाश मानसरोवर यात्रा संपन्न कराती है। कोविड और उसके बाद चीनी पक्ष द्वारा यात्रा व्यवस्थाओं का नवीनीकरण न करने के कारण 2020 से यह यात्रा बंद थी। पिछले साल शीर्ष स्तर पर बातचीत के बाद यात्रा को फिर से बहाल करने पर सहमति बनी थी। इस साल यात्रा के 750 यात्रियों का चयन किया गया। यह यात्रा हिंदुओं, जैनियों और बौद्धों के लिए अत्यंत धार्मिक महत्व रखती है।

बंगलूरू में 10 करोड़ के ड्रग्स के साथ महिला गिरफ्तार
बंगलूरू में पुलिस ने शुक्रवार को एक विदेशी महिला को 10 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया। उसके पास से 5.3 किलोग्राम से अधिक प्रतिबंधित एमडीएमए क्रिस्टल जब्त किए गए। गिरफ्तार महिला नाइजीरिया की है। उसे केंद्रीय अपराध शाखा की मादक पदार्थ निरोधक शाखा ने गुप्त सूचना के आधार पर पकड़ा है। वह राजनुकुंटे के पास ताराहुनासे गांव में मादक पदार्थ बेचने की कोशिश कर रही थी।

पुलिस कमिश्नर सीमांत कुमार सिंह ने कहा, पूछताछ में उसने बताया कि वह 4 अक्तूबर 2021 को तेलंगाना के एक कॉलेज में पढ़ने के लिए स्टूडेंट वीजा पर नई दिल्ली आई थी। पुलिस की जांच में पता चला कि वह उस कॉलेज में नामांकित नहीं थी। अधिकारी ने बताया कि वह शानदार जीवन जीने के लिए अपने दोस्त के साथ ड्रग तस्करी में शामिल हो गई। इन एमडीएमए क्रिस्टल को नए ड्रेस पीस मटीरियल में छिपाकर बस से दिल्ली से बंगलूरू ले जाती थी और नशीली दवा विक्रेताओं को बेच देती थी। पुलिस ने कहा कि मामले में चिक्काजाला पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया। आरोपी के फरार दोस्त की तलाश जारी है। पुलिस कमिश्नर ने घोषणा की कि 26 जून को अंतरराष्ट्रीय नशा निरोधक दिवस के मौके पर सिटी पुलिस नशीली दवाओं के दुरुपयोग और अवैध तस्करी के खिलाफ विशाल रैली का आयोजन करेगी। नशीली दवाओं के दुरुपयोग के बारे में जागरूकता पैदा करने के लिए सेमिनार और कार्यशालाएं भी आयोजित की जाएंगी। 

नीलांबुर उपचुनाव से पहले प्रियंका गांधी केरल पहुंचीं

नीलांबुर उपचुनाव से पहले कांग्रेस महासचिव और वायनाड से सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा केरल पहुंच गई हैं। यहां पहुंचने पर केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) के प्रमुख सनी जोसेफ और पार्टी के अन्य नेताओं ने उनका स्वागत किया। वह वायनाड से सांसद प्रियंका गांधी शनिवार को कलपेट्टा, मनंतावडी, सुल्तान बाथरी और थिरुवंबाडी विधानसभा क्षेत्रों में अलग-अलग कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी। सूत्रों ने बताया कि रविवार को वह वंडूर और नीलांबुर विधानसभा क्षेत्रों में कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी।

फॉर्मूला ई-रेस मामले में रामा राव को 16 को पेश होने के लिए नोटिस
तेलंगाना भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने फॉर्मूला ई-रेस मामले में भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामा राव को 16 जून की सुबह 10 बजे पेश होने का नोटिस दिया है। एसीबी ने इससे पहले उनको 28 मई को पेश होने के लिए कहा था। रामा राव ने अमेरिका और ब्रिटेन की निर्धारित यात्रा के मद्देनजर समय मांगा था। उन्होंने इस कार्रवाई को राजनीतिक प्रतिशोध बताते हुए मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी पर निशाना साधा था। बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष से जनवरी में भी पूछताछ हुई थी। रामा राव पिछली बीआरएस सरकार में नगर प्रशासन मंत्री थे। एसीबी ने बीआरएस सरकार के दौरान फरवरी 2023 में हैदराबाद में फॉर्मूला ई-रेस आयोजित करने के लिए कथित भुगतान को लेकर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया है। इनमें से ज्यादातर भुगतान बिना मंजूरी के विदेशी मुद्रा में किए गए थे।

तमिलनाडु : सड़क दुर्घटना में जज घायल, सुरक्षाकर्मी समेत चार की मौत 
राजमार्ग पर शुक्रवार को एक जिला न्यायाधीश की कार मालवाहक ट्रक से टकरा गई। हादसे में न्यायाधीश घायल हो गए, जबकि दो कार्यालय सहायकों और एक निजी सुरक्षा अधिकारी (पीएसओ) समेत 4 लोगों की मौत हो गई। एक वरिष्ठ जिला पुलिस अधिकारी ने बताया कि जिला न्यायाधीश थूथुकुडी के मूल निवासी हैं। घर लौटते समय उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसके बाद उन्हें गंभीर चोटें आईं। उन्होंने बताया कि न्यायाधीश तंजावुर जिले के हैं, उन्हें इलाज के लिए तुरंत अस्पताल ले जाया गया।

मणिपुर में पांच उग्रवादी गिरफ्तार
मणिपुर के विभिन्न हिस्सों से जबरन वसूली के आरोप में पांच उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया है। ये गिरफ्तारियां शुक्रवार को थौबल, काकचिंग, इंफाल पश्चिम और तेंगनौपाल जिलों से की गईं। यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी ऑफ कांगलीपाक (यूपीपीके) के एक सदस्य को काकचिंग जिले के लैंगमीडोंग मैनिंग लेईकाई से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि संदिग्ध की पहचान अकोइजाम रॉबिन्सन (51) के रूप में हुई। वहीं प्रतिबंधित कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (नोयोन) के सदस्य को थौबल जिले के थौबल मेला ग्राउंड से गिरफ्तार किया गया, जबकि पीआरईपीएके (प्रो) और पीआरईपीएके के एक-एक कार्यकर्ता को तेंगनौपाल जिले के शांगटोंग में भारत-म्यांमार सीमा के पास से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि केसीपी (पीडब्ल्यूजी) के एक सदस्य को इंफाल पश्चिम जिले के लांगोल गेम गांव से गिरफ्तार किया गया।
विज्ञापन

अजहरुद्दीन के बेटे ने क्रिकेट छोड़ शुरू की राजनीतिक पारी, तेलंगाना कांग्रेस के महासचिव बनाए गए
पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद अजहरुद्दीन के बेटे असदुद्दीन को तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस का महासचिव नियुक्त किया गया है। उन्होंने अपने पिता अजहरुद्दीन और कांग्रेस नेता राहुल गांधी से प्रेरणा लेते हुए राजनीति के जरिये जनता की सेवा करने की इच्छा जताई है। कांग्रेस ने नौ जून को तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष और महासचिवों की नियुक्त की घोषणा की थी।

कभी हैदराबाद कोल्ट्स इलेवन और गोवा जैसी टीमों के लिए प्रथम श्रेणी क्रिकेट खेल चुके 35 वर्षीय असदुद्दीन ने शनिवार को कहा कि वह पार्टी और सामाजिक न्याय के प्रति राहुल गांधी की प्रतिबद्धता से बहुत प्रभावित हैं। उन्होंने कहा, मैं निश्चित रूप से लोगों की सेवा और उनके लिए मौजूद रहना चाहूंगा। यदि मैं लोगों की जिंदगी में कुछ बदलाव ला पाया तो मुझे बेहद खुशी होगी।

क्रिकेट छोड़ने के सवाल पर असदुद्दीन ने कहा, एक खिलाड़ी का करियर छोटा होता है और सफलता में समय का बहुत बड़ा योगदान होता है। मुझे लगा कि क्रिकेट में मेरा समय खत्म हो गया है। मैंने सोचा कि मैं कुछ और करूंगा, जिसमें मेरा जुनून है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें