फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Updates: गवर्नर की चाय पार्टी का बहिष्कार करेंगे विधायक; 2 हफ्तों से लापता असम के युवक का शव मणिपुर में मिला

Wed, 13 Aug 2025 03:44 PM IST
नितिन गौतम न्यूज डेस्क, अमर उजाला।
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि भारत सेमीकंडक्टर के क्षेत्र में तेजी से प्रगति कर रहा है और अपने डिजिटल भविष्य को मजबूत बनाने और वैश्विक नवाचार को बढ़ावा देने के लिए एक मजबूत पारिस्थितिकी तंत्र का निर्माण कर रहा है। पीएम मोदी का यह बयान केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा तीन राज्यों में सेमीकंडक्टर इकाइयों को मंजूरी दिए जाने के बाद आया है। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, 'आंध्र प्रदेश, ओडिशा और पंजाब में सेमीकंडक्टर इकाइयों को मंजूरी देने से संबंधित कैबिनेट के फैसले से विनिर्माण क्षमता बढ़ेगी, उच्च-कुशल रोजगार सृजित होंगे और भारत वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला में एक प्रमुख खिलाड़ी के रूप में स्थापित होगा।' बता दें कि मंत्रिमंडल ने तीन राज्यों में चार सेमीकंडक्टर संयंत्रों को मंजूरी दी है, जिनमें अमेरिकी प्रौद्योगिकी दिग्गज इंटेल और लॉकहीड मार्टिन द्वारा समर्थित एक इकाई भी शामिल है। इन संयंत्रों पर कुल 4,594 करोड़ रुपये का निवेश होगा।

विज्ञापन


भारत दौरे पर सिंगापुर का शिष्टमंडल, दिल्ली के बाद मुंबई जाने की भी योजना
सिंगापुर के उप प्रधानमंत्री गान किम योंग, वित्त मंत्री विवियन बालाकृष्णन समेत देश का मंत्रिस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भारत दौरे पर आया है। तीसरे भारत-सिंगापुर मंत्रिस्तरीय गोलमेज (आईएसएमआर) के लिए नई दिल्ली पहुंचने पर इनका स्वागत किया गया। शिष्टमंडल महाराष्ट्र का भी दौरा करेगा, ऐसी संभावना है। इनके दौरे से पहले महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा, 'मैं सिंगापुर के उप प्रधान मंत्री और पूरे प्रतिनिधिमंडल का भारत की वित्तीय, वाणिज्यिक और मनोरंजन की राजधानी मुंबई में स्वागत करना चाहता हूं।' उन्होंने कहा, सिंगापुर के प्रतिनिधिमंडल की इस यात्रा से दोनों देशों के बीच संबंधों और गहरे होंगे। उन्होंने पीएसए और सिंगापुर सरकार को अत्याधुनिक टर्मिनल बनाने के लिए धन्यवाद दिया। बता दें कि पीएसए को भारत मुंबई कंटेनर टर्मिनल (BMCT) के रूप में भी जाना जाता है। पीएसए इंटरनेशनल सिंगापुर की कंपनी है जो बीएमसीटी का संचालन करती है। फडणवीस ने कहा, टर्मिनल उद्घाटन के लिए पूरी तरह से तैयार है। जल्द ही दोनों प्रधानमंत्री इसका उद्घाटन करेंगे। इस टर्मिनल की मदद से भारत की समुद्री शक्ति में इजाफा होगा।

ओडिशा में 8वीं के छात्र ने दी जान
ओडिशा के बालासोर जिले में मंगलवार को दोस्तों के साथ घूमने जाने की माता-पिता से मंजूरी नहीं मिलने पर स्कूली छात्र ने फंदे से लटक कर जान दे दी। घटना सिंगला थाना क्षेत्र के जमसुली गांव की है। पुलिस ने बताया कि कक्षा 8 का छात्र घर में काफी देर तक बाथरूम से बाहर नहीं आया। परिवार वालों ने दरवाजा तोड़ा तो उसे छत से लटका पाया। उसके गले में तौलिया बंधा था। पुलिस ने बताया कि उसे तुरंत बस्ता अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बस्ता के एसडीपीओ मानस देव ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम बाद शव परिवार को सौंपा गया।

अमेरिका से अहमदाबाद आए लोगों ने एअर इंडिया विमान हादसे के मृतकों को दी श्रद्धांजलि
एअर इंडिया विमान दुर्घटना के पीड़ितों के परिवार के सदस्यों ने मंगलवार को अहमदाबाद के मेघाणीनगर में दुर्घटनास्थल पर श्रद्धांजलि अर्पित की। दुर्घटना के दो महीने पूरे होने पर में अमेरिका स्थित विमानन वकील माइक एंड्रयूज मृतकों के परिजनों से मिलने गुजरात आए। उनके मीडिया समन्वयक कुलदीप इसरानी ने यह जानकारी दी। इसरानी ने कहा, एंड्रयूज और विमान दुर्घटना के पीड़ितों के 20-25 परिवार के सदस्यों ने श्रद्धांजलि सभा में भाग लिया। एंड्रयूज ने 8 अगस्त को घोषणा की थी कि भारत और यूनाइटेड किंगडम के 65 परिवारों ने भयावह त्रासदी में परिजनों को खो दिया था।

आवारा कुत्तों को उपद्रवी मानना क्रूरता, शासन नहीं: सिद्धारमैया
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने मंगलवार को कहा कि आवारा कुत्तों को उपद्रवी मानकर 'हटा देना' शासन नहीं, बल्कि 'क्रूरता' है। उनकी यह टिप्पणी सुप्रीम कोर्ट द्वारा दिल्ली-एनसीआर के अधिकारियों को सभी आवारा कुत्तों को सड़कों से जल्द से जल्द स्थायी रूप से आश्रय स्थलों में स्थानांतरित करने का निर्देश देने के एक दिन बाद आई है। शीर्ष अदालत ने कहा कि आवारा कुत्तों के काटने से रेबीज होने की स्थिति बेहद गंभीर है, खासकर बच्चों में। इस पर सिद्धारमैया ने कहा कि मानवीय समाज ऐसे समाधान खोजता है जो लोगों और जानवरों की रक्षा करते हैं। नसबंदी, टीकाकरण और सामुदायिक देखभाल कारगर हैं। भय से प्रेरित उपाय केवल पीड़ा बढ़ाते हैं, सुरक्षा नहीं।

नकली मतदाताओं को हटाने के लिए एआई का इस्तेमाल करें: एनसीपी
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी ने मंगलवार को चुनाव आयोग से नकली मतदाताओं और चुनावी प्रक्रिया में अन्य अनियमितताओं को दूर करने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तकनीकों का इस्तेमाल करने की अपील की। एनसीपी नेता बृजमोहन श्रीवास्तव और अविनाश आदिक ने भी चुनाव आयोग से चुनाव के दौरान मतदाताओं की पहचान स्थापित करने के लिए बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण और लाइव फोटोग्राफी का इस्तेमाल करने का अनुरोध किया। एनसीपी नेताओं ने राजनीतिक दलों के अध्यक्षों और अधिकृत प्रतिनिधियों के साथ बातचीत के तहत मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयुक्तों एसएस संधू और विवेक जोशी से मुलाकात की।

कम्युनिस्ट पार्टियों से संबंध सिर्फ चुनाव जीतने के लिए नहीं: स्टालिन
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने कहा कि कम्युनिस्ट पार्टियों से उनका संबंध सिर्फ चुनाव जीतने के लिए नहीं है, बल्कि यह सिद्धांतों, विचारधारा और आदर्शों पर आधारित है। उन्होंने कहा, 'विपक्षी नेता एडप्पादी पलानीस्वामी को अचानक कम्युनिस्टों से लगाव हो गया है। क्या पलानीस्वामी गुलामी की बात कर सकते हैं? कोई किसी का गुलाम नहीं होता।' स्टालिन ने कहा कि वे भी टीवी पर कम्युनिस्ट पार्टी के नेताओं की बहस देखते हैं और आधे डीएमके सदस्य भी कम्युनिस्ट सोच रखते हैं। उन्होंने कहा कि उनका नाम भी स्टालिन है। इसके बाद उन्होंने अमेरिका और भारत के संबंधों पर बात की। उन्होंने कहा कि अमेरिका ने भारत पर 50% आयात शुल्क लगाया है। उन्होंने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप बार-बार दावा करते हैं कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष को रोका था। जब विपक्षी दलों ने इस पर सवाल किए, तो प्रधानमंत्री ने कोई जवाब नहीं दिया। 
 

तमिलनाडु: पंबन ब्रिज पर तकनीकी खराबी के कारण रोकी गईं ट्रेनें
पंबन न्यू रेलवे ब्रिज पर तकनीकी खराबी के कारण रामेश्वरम से आने वाली ट्रेनों को अक्का मठ पर रोक दिया गया है। इसके बाद, पंबन वर्टिकल सस्पेंशन ब्रिज को नीचे उतारा गया और उस पर ट्रेन का इंजन चलाकर परीक्षण किया गया। सामान्य सेवा बहाल करने के लिए काम जारी है।
 

मंदसौर के दौरे पर पहुंची स्वास्थ्य मंत्रालय-डब्ल्यूएचओ की टीम 
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय और विश्व स्वास्थ्य संगठन के प्रतिनिधियों की एक संयुक्त टीम ने मंगलवार को मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के मुल्तानपुरा गांव का दौरा किया, जहां गिलियन-बैरे सिंड्रोम (जीबीएस) के छह मामले सामने आए। जिलाधिकारी अदिति गर्ग ने बताया कि छह व्यक्तियों में जीबीएस की पुष्टि हुई है और उनमें से दो जिले के बाहर चिकित्सा उपचार ले रहे हैं। गर्ग ने बताया कि कुछ हफ्ते पहले जीबीएस के मामले सामने आए थे, जिसके बाद प्रशासन ने घर-घर जाकर सर्वेक्षण किया। एक अधिकारी ने बताया कि तीन मरीजों को ठीक होने के बाद छुट्टी दे दी गई है, जबकि बाकी का इंदौर, अहमदाबाद और भोपाल में इलाज चल रहा है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मंत्रालय और डब्ल्यूएचओ की संयुक्त टीम क्षेत्र में जीबीएस के मामलों की संख्या का पता लगाने की कोशिश कर रही है।

कांग्रेस ने वोट चोरी के सबूतों के लिए लॉन्च किया पोर्टल
कांग्रेस ने मंगलवार को वोट चोरी के सबूतों को लेकर एक पोर्टल लॉन्च किया है। राहुल ने लोगों से votechori.in/ecdemand पर पंजीकरण की अपील की। साथ ही कहा, कोई भी व्यक्ति इस लिंक पर क्लिक कर वोट चोरी का सबूत, आयोग की जवाबदेही की मांग और वोट चोरी की रिपोर्ट डाउनलोड कर सकता है। पार्टी 14 अगस्त की शाम को लोकतंत्र बचाओ मशाल मार्च निकालेगी। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक के बाद दावा किया कि जैसे-जैसे सबूत सामने आ रहे, ऐसा लग रहा कि यह चोरी नहीं, डकैती है।

केरल में लावारिस कुत्तों ने 2.24 लाख लोगों को काटा, 15 की मौत
केरल में अगस्त 2025 तक कुत्तों के काटने के 2,24,182 मामले आए हैं। इनकी वजह से 15 मौतें दर्ज हुई हैं। इन मौतों में से 11 आवारा कुत्तों और 4 घरेलू कुत्तों के कारण हुईं। केरल में लावारिस कुत्तों की बढ़ती आबादी गंभीर चिंता का विषय बनी है। 2019 की पशुगणना के अनुसार भारत में अनुमानित 15 करोड़ लावारिस कुत्ते हैं। 2022 के सर्वेक्षण में केरल में लावारिस कुत्तों की आबादी 2.9 लाख होने का अनुमान था। हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि यह संख्या काफी बढ़ गई है। 

बिहार में 63,591 लोगों ने मतदाता सूची में सुधार को दिया आवेदन
बिहार में चुनाव आयोग का एसआईआर के तहत मतदाता सूची में सुधार के लिए विशेष अभियान जारी है। इसमें मतदाता अपने नाम जोड़ने, हटाने या संशोधन के लिए दावा-आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। आयोग के मुताबिक, 63591 लोगों ने आवेदन दिया है। 13,970 निर्वाचकों ने सीधे दावे और आपत्तियां दाखिल की हैं। एसआईआर का बिहार से दिल्ली तक विरोध जताने वाले राजनीतिक दलों ने अब तक आयोग के सामने औपचारिक आपत्ति दर्ज नहीं कराई है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि अभियान के दौरान हर पात्र व्यक्ति अपना नाम मतदाता सूची में शामिल करा सकता है। किसी भी गलती पर आपत्ति दर्ज करा सकता है। दावा-आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया तय समय तक जारी रहेगी, जिसके बाद अंतिम सूची प्रकाशित की जाएगी।

बैंक धोखाधड़ी मामले में छह जगह छापे
सीबीआई ने कांचीपुरम स्थित पद्मादेवी शुगर्स लिमिटेड के 120 करोड़ रुपये के बैंक धोखाधड़ी मामले में मंगलवार को तमिलनाडु में छह जगहों पर छापे मारे। अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि केंद्रीय एजेंसी ने मद्रास हाईकोर्ट के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए पद्मादेवी शुगर्स के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। 

अपमानजनक टिप्पणी पर केंद्रीय मंत्री बंडी को नोटिस
भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामा राव ने केंद्रीय मंत्री बंडी संजय कुमार को कानूनी नोटिस भेजा है। अवैध फोन टैपिंग के मामले में राव के खिलाफ कथित रूप से अपमानजनक टिप्पणियां करने को लेकर यह नोटिस भेजा गया है। नोटिस में आरोप लगाया कि बंडी ने झूठे, अपमानजनक और बदनाम करने वाले बयान दिए, जिससे लगता है कि रामा राव ने ही फोन टैपिंग की हो।

दो हफ्ते से लापता असम के युवक का शव मणिपुर में मिला

बीते दो हफ्ते से लापता असम के युवक का शव मणिपुर के चुराचंदपुर जिले में जंगल में मिला। पुलिस ने बताया कि नेशनल हाइवे-102 का निर्माण कार्य चल रहा है, जिसे भारत इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड (बीआईपीएल) द्वारा किया जा रहा है। इस कंपनी में असम का रहने वाला दुग्धा हजारिका भी बतौर मजदूर काम कर रहा था। दुग्धा हजारिका बीते दो हफ्तों से लापता था। अब मंगलवार को उसका शव दोपहर में सिंगनघाट पुलिस स्टेशन से लगभग 17 किलोमीटर दूर सुआहजाहाऊ और जबेलेई गांवों के बीच स्थित एक जंगल से बरामद किया गया। पुलिस ने बताया कि स्थानीय लोगों ने पुलिस को जंगल में एक शव पड़ा होने की सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने एक खोज दल तैनात किया और जंगल से शव बरामद कर लिया। शव को चुराचंदपुर जिला अस्पताल के मुर्दाघर में रखा गया है। पुलिस ने बताया कि मौत के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

सिद्धारमैया पर लगे वोट खरीद के आरोप की जांच की मांग 

भाजपा के राज्यसभा सदस्य लहर सिंह सिरोया ने चुनाव आयोग से पूर्व केंद्रीय मंत्री सी एम इब्राहिम की उस कथित टिप्पणी पर ध्यान देने का आग्रह किया है जिसमें उन्होंने 2018 के कर्नाटक विधानसभा चुनावों के दौरान बादामी विधानसभा क्षेत्र से सिद्धारमैया को जिताने के लिए वोटों की कथित खरीद-फरोख्त की बात कही थी। मंगलवार को चुनाव आयोग को लिखे एक पत्र में, राज्यसभा सदस्य ने कहा कि इब्राहिम, जो दशकों तक सिद्धारमैया के करीबी सहयोगी और सलाहकार रहे, ने कहा है कि उन्होंने वरिष्ठ कांग्रेस नेता बी बी चिमनकट्टी के साथ मिलकर 2018 में 3,000 वोट खरीदने में मदद की थी, ताकि सिद्धारमैया बादामी सीट से विधानसभा चुनाव जीत सकें।

सिरोया ने कहा कि इब्राहिम को कथित वोट खरीद के स्रोत और तरीके की जानकारी देनी चाहिए। सिद्धारमैया ने 2018 के चुनाव में बादामी में भाजपा उम्मीदवार बी. श्रीरामुलु को हराया था। भाजपा सांसद ने कहा, 'सहकारिता मंत्री केएन राजन्ना को अलोकतांत्रिक तरीके से बर्खास्त किया जाना, क्योंकि उन्होंने श्री राहुल गांधी का विरोध किया था, कर्नाटक में कांग्रेस के पतन की शुरुआत है।' के एन राजन्ना को सोमवार को सहकारिता मंत्री के पद से बर्खास्त कर दिया गया क्योंकि उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव में फर्जी मतदान के लिए कांग्रेस सरकार को दोषी ठहराया था।

गवर्नर की चाय पार्टी का बहिष्कार करेंगे विधायक

तमिलनाडु कांग्रेस के विधायक राज्यपाल द्वारा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित की जाने वाली चाय पार्टी का बहिष्कार करेंगे। तमिलनाडु कांग्रेस अध्यक्ष के. सेल्वापेरुंथगई ने ये एलान किया। बता दें कि तमिलनाडु में कांग्रेस डीएमके साथ सत्ताधारी गठबंधन का हिस्सा है और तमिलनाडु के राज्यपाल आरएन रवि और तमिलनाडु सरकार के बीच कई मुद्दों पर तनातनी देखने को मिली है। 
 

रेल मंत्रालय ने स्टेशनों पर सिंगल ब्रांड प्रीमियम स्टोर खोलने की दी अनुमति
रेल मंत्रालय ने कहा है कि जोनल रेलवे अब जरूरत और उचित कारण होने पर स्टेशनों पर सिंगल ब्रांड, कंपनी के स्वामित्व वाले प्रीमियम आउटलेट खोल सकते हैं। इसके लिए ई-नीलामी के जरिए स्टॉल आवंटित किए जाएंगे। 11 अगस्त 2025 को मंत्रालय की ओर से जारी आधिकारिक पत्र में दक्षिण मध्य रेलवे के एक प्रस्ताव का जवाब दिया गया, जिसमें स्टेशनों पर हवाई अड्डों की तरह प्रीमियम सिंगल ब्रांड स्टोर खोलने के लिए दिशानिर्देश मांगे गए थे। मंत्रालय ने कहा कि इस मामले की जांच के बाद यह तय किया गया है कि स्टॉल मौजूदा नीति के तहत ही दिए जाएंगे, नामांकन के आधार पर नहीं।

मंत्रालय ने कहा, संबंधित डिवीजन/जोनल रेलवे स्टेशनों की भीड़, जगह की उपलब्धता, यात्रियों की जनसांख्यिकी और अन्य विशेषताओं के आधार पर प्रीमियम स्थान और उपयुक्त उत्पाद/सेवा श्रेणियों की पहचान करेंगे। मंत्रालय ने यह भी स्पष्ट किया कि इन स्टॉल का आवंटन ई-नीलामी नीति के अनुसार ही होगा।

खराब मौसम के कारण राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कई उड़ानें रद्द और डायवर्ट 
बुधवार को खराब मौसम के कारण हैदराबाद स्थित राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कई उड़ानों को रद्द किया गया या उन्हें दूसरे हवाई अड्डों की ओर मोड़ना पड़ा। हवाई अड्डे से जुड़े सूत्रों ने यह जानकारी दी। 

सूत्रों ने बताया कि इंडिगो की कोच्चि, चेन्नई और अहमदाबाद जाने वाली उड़ानें और इन जगहों से हैदराबाद लौटने वाली उड़ानें रद्द कर दी गईं। करीब 10 उड़ानों को दूसरे हवाई अड्डों की ओर डायवर्ट किया गया। इनमें से सात उड़ानें बाद में वापस हैदराबाद लौटकर शाम तक वहां उतरीं। मौसम विभाग (आईएमडी) ने बताया कि तेलंगाना के कई हिस्सों में गुरुवार तक के लिए 'रेड अलर्ट' जारी किया गया है। मौसम केंद्र के एक अधिकारी ने पत्रकारों को बताया कि हैदराबाद समेत कई जिलों के लिए 'भारी से बहुत भारी बारिश' की संभावना को देखते हुए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया गया है।
 
विज्ञापन

सिंधु नदी का 80 प्रतिशत पानी पाकिस्तान को देकर कांग्रेस ने देश को दिया धोखा: शिवराज
कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पर सिंधु, झेलम और चिनाब नदियों का 80 प्रतिशत पानी पाकिस्तान को देकर देश को धोखा देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहलगाम हमले के बाद पाकिस्तान के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई करते हुए 1960 की सिंधु जल को निलंबित कर दिया था।

मध्य प्रदेश के विदिशा में अपने संसदीय क्षेत्र में बुधवार को तिरंगा यात्रा के दौरान शिवराज ने कहा, कांग्रेस ने देश से धोखा किया। पूर्व प्रधानमंत्री पंडित नेहरू ने भी धोखा किया। हमारी सिंधु, झेलम, चिनाब का 80 प्रतिशत पानी पाकिस्तान को दे दिया। पंडित नेहरू ने पानी के साथ पाकिस्तान को पैसा भी दिया। इन पैसों से पाकिस्तान में नहरें बनीं और वहां से आतंकवादी आकर पहलगाम में हमारे निर्दोष नागरिकों की हत्या करते हैं। लेकिन, प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पानी और खून साथ नहीं बह सकते। उन्होंने सिंधु जल संधि को रद्द कर दिया। शिवराज ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद हमारी सेना ने ऑपरेशन महादेव चलाया और पहलगाम हमले शामिल आतंकियों को मार गिराया। यह नया भारत है, जो दुनिया की आंख में आंख डालकर बात करता है। अब पड़ोसी मुल्क खोखली धमकियां दे रहा है, लेकिन भारत इससे डरने वाला नहीं है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें