पट्टाली मक्कल कच्ची के संस्थापक डॉ. एस. रामदास ने गुरुवार को अपने बेटे और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. अंबुमणि को पार्टी से निष्कासित कर दिया। अपने और अपने बेटे के बीच सत्ता संघर्ष के बाद, पार्टी के इस फैसले की घोषणा करते हुए, वरिष्ठ रामदास ने अंबुमणि पर पार्टी के सामूहिक नेतृत्व का पालन करने से इनकार करते हुए एक अलग गुट चलाने का आरोप लगाया। विल्लुपुरम जिले में अपने थाईलापुरम स्थित आवास पर रामदास ने संवाददाताओं से कहा, 'अगर वह चाहें, तो अपनी पार्टी शुरू कर सकते हैं और उन्हें उस पार्टी में बने रहने की जरूरत नहीं है जिसकी मैंने (1980 में) स्थापना की थी और जिसे मैंने आगे बढ़ाया था।'
केरल में बूम लिफ्ट क्रेन से गिरकर दो मजदूरों की मौत
कर्नाटक के मद्दुर में गणेश प्रतिमा विसर्जन कार्यक्रम के दौरान भड़काऊ भाषण देने के आरोप में भाजपा नेता एवं एमएलसी सीटी रवि के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। वरिष्ठ भाजपा नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने मद्दुर शहर में भगवान गणेश की मूर्ति विसर्जन के सामूहिक कार्यक्रम में हिस्सा लिया। बुधवार को कार्यक्रम में अपने संबोधन में भाजपा नेता रवि ने कथित तौर पर अल्पसंख्यक समुदाय को निशाना बनाते हुए भड़काऊ टिप्पणी की। एक पुलिस अधिकारी की शिकायत के आधार पर भाजपा नेता के खिलाफ मद्दुर पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है। मद्दुर में पथराव की घटना के सिलसिले में अब तक 22 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
केरल के कासरगोड में बूम लिफ्ट क्रेन से गिरने पर दो मजदूरों की मौत
राष्ट्रीय राजमार्ग-66 पर मोग्रालपुथूर इलाके में गुरुवार दोपहर को स्ट्रीट लाइट के खराब बल्ब बदलते समय दो मजदूर बूम लिफ्ट क्रेन से गिर गए, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। मृतकों की पहचान अक्षय (30 वर्षीय) और अश्विन (26 वर्षीय) के रूप में हुई है। दोनों केरल के कोझिकोड जिले के वडकारा के रहने वाले थे। पुलिस के मुताबिक, दोनों एक वडकारा स्थित ठेकेदार कंपनी में काम करते थे, जो राजमार्ग पर मरम्मत और रखरखाव का कार्य कर रही थी। दुर्घटना उस समय हुई जब बूम लिफ्ट क्रेन की टोकरी, जिसमें दोनों खड़े थे, अचानक गिर गई। वे काफी ऊंचाई से नीचे गिरे और उन्हें गंभीर चोटें आईं। पुलिस ने बताया कि अक्षय को पास के एक अस्पताल में ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, अश्विन को मंगलूरू के एक अस्पताल में स्थानांतरित किया जा रहा था, लेकिन रास्ते में उसकी भी मौत हो गई। इस घटना की जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव उनके परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।
13, 20 और 27 सितंबर को नहीं होगा चेंज ऑफ गार्ड समारोह: राष्ट्रपति भवन
राष्ट्रपति भवन की तरफ से गुरुवार को जारी एक सूचना में बताया गया कि 13, 20 और 27 सितंबर को राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में चेंज ऑफ गार्ड समारोह आयोजित नहीं किया जाएगा। चेंज ऑफ गार्ड एक सैन्य परंपरा है जो हर हफ्ते होती है। इसमें राष्ट्रपति के अंगरक्षकों का नया दल ड्यूटी संभालता है और पुराना दल वापस लौटता है। राष्ट्रपति के अंगरक्षक की स्थापना 1773 में हुई थी। यह भारतीय सेना की सबसे पुरानी और सबसे वरिष्ठ रेजिमेंट है। यह रेजिमेंट राष्ट्रपति के लिए विशेष समारोहों में ड्यूटी करती है। इस रेजिमेंट के जवान बेहतरीन घुड़सवार होते हैं। वे टैंक चलाने और पैराशूट से कूदने में भी सक्षम होते हैं।
राष्ट्रपति भवन की सूचना में कहा गया कि 13, 20 और 27 सितंबर 2025 को राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में चेंज ऑफ गार्ड समारोह नहीं होगा, क्योंकि उस समय अंगरक्षकों की बटालियन 'सिल्वर ट्रम्पेट और ट्रम्पेट बैनर' की डायमंड जुबली (हीरक जयंती) के लिए अभ्यास में व्यस्त रहेगी।
हैदराबाद में महिला की हत्या
हैदराबाद के कुकटपल्ली पुलिस थाना क्षेत्र में एक 50 वर्षीय महिला की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। झारखंड का एक पुरुष नौकर 10 दिनों से वहां काम कर रहा था। पुलिस ने कहा कि हमें संदेह है कि वह और उसका दोस्त हत्या में शामिल हो सकते हैं। हमने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामला दर्ज कर लिया गया है और हम मामले की जांच कर रहे हैं।
फिर उठा रूसी सेना में भारतीयों की भर्ती का मामला
रूसी सेना में भारतीयों की भर्ती पर विदेश मंत्रालय ने जवाब दिया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि हमने हाल ही में रूसी सेना में भारतीय नागरिकों की भर्ती के बारे में रिपोर्ट देखी हैं। सरकार ने पिछले एक साल में कई मौकों पर इस तरह की कार्रवाई में निहित जोखिमों और खतरों को रेखांकित किया है। हमने भारतीय नागरिकों को आगाह किया है। हमने दिल्ली और मॉस्को दोनों जगहों पर रूसी अधिकारियों के साथ भी यह मामला उठाया है और अनुरोध किया है कि इस प्रथा को समाप्त किया जाए और हमारे नागरिकों को रिहा किया जाए। हम प्रभावित भारतीय नागरिकों के परिवारों के संपर्क में भी हैं।
तेलंगाना में आकाशीय बिजली गिरने से 6 की मौत
तेलंगाना के जोगुलंबा गडवाल और निर्मल जिले में बुधवार को आकाशीय बिजली गिरने से 6 लोगों की मौत हो गई। तीन घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि सभी खेतिहर मजदूर थे। बारिश के दौरान घटनाएं हुईं। पुलिस अधिकारी के अनुसार, जोगुलंबा गडवाल जिले के ऐजा मंडल में पेड़ के नीचे खड़े छह लोगों पर बिजली गिरी। इनमें से तीन लोगों की मौत हो गई। तीन घायल हो गए। घायल अस्पताल में भर्ती हैं। निर्मल जिले के पेंबी पुलिस थाना क्षेत्र में एक खेत के पास शेड पर आकाशीय बिजली गिरने से दंपती समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
सुप्रीम कोर्ट से भारत-पाकिस्तान मैच रद्द कराने की मांग
सुप्रीम कोर्ट से एशिया कप टूर्नामेंट में 14 सितंबर को भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले क्रिकेट मैच को रद्द कराने की मांग की गई है। उर्वशी जैन के नेतृत्व में कानून की चार छात्राओं की ओर से दायर याचिका में कहा गया है कि पहलगाम आतंकी हमले और ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान के साथ क्रिकेट मैच का आयोजन राष्ट्रीय गरिमा और जनभावना के विपरीत संदेश देता है।याचिका में कहा गया है कि देशों के बीच क्रिकेट खेलने का उद्देश्य सद्भाव और मित्रता दिखाना है, लेकिन पाकिस्तान के साथ खेलने से गलत संदेश जाएगा कि जिस देश के कारण हमारे सैनिक जान कुर्बान कर रहे, हम उसी देश के साथ खेल का जश्न मना रहे हैं। याचिकाकर्ताओं ने कहा, इससे उन पीड़ित परिवारों की भावनाएं भी आहत हो सकती हैं, जिनके अपनों ने आतंकवादियों के हमलों में जान गंवाई। यह भी कहा कि राष्ट्र की गरिमा और नागरिकों की सुरक्षा मनोरंजन से पहले आती है। दोनों देशों के बीच क्रिकेट मैच राष्ट्रीय हितों के लिए हानिकारक है।
जेपी नड्डा के आवास पर बैठक
राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के आवास पर भाजपा के राष्ट्रीय महासचिवों की बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में देश भर में होने वाली गतिविधियों की योजना बनाने पर चर्चा हुई। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने यह जानकारी दी।