फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

न्यूज राउंडअपः आरक्षण पर महाभारत, राहुल-अफरीदी को नोटिस और दिनभर की बड़ी खबरें

Mon, 14 Mar 2016 07:19 PM IST
टीम डिजिटल/ अमर उजाला, दिल्ली
विज्ञापन
अरुण जेटली - फोटो : PTI
विज्ञापन
राजस्थान स्थित नागौर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तीन दिवसीय सभा के आखिरी दिन आरक्षण पर हुई चर्चा पर सोमवार को राज्यसभा में सरकार को जवाब देना पड़ा जिसमें कहा गया था कि जो लोग संपन्न वर्ग से आते हैं  नौकरी और शिक्षा में उन लोगों को आरक्षण नहीं मिलना चाहिए।
विज्ञापन


संघ की सभा से निकली इस बात पर सरकार की ओर से राज्यसभा में वित्त मंत्री अरुण जेटली ने कहा कि मौजूदा आरक्षण की व्यवस्था पर कुछ भी फिर से सोचने की जरूरत नहीं है। जाति आधारित आरक्षण नीति जारी रहेगी।

जेटली ने राज्यसभा में कहा कि यह सरकार की नीति में कहा गया है कि आरक्षण की व्यवस्था वही रहेगी जो वर्तमान में है। जेटली ने कहा कि 'संघ ने यह नहीं कहा कि आरक्षण को खत्म कर दिया जाए या फिर उसकी मौजूदा व्यवस्था में कोई बदलाव किया जाएगा।'
विज्ञापन


दबे-कुचले लोगों को न्याय मिलने तक आरक्षण जारी रहे : भागवत
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की प्रतिनिधिसभा के समापन बैठक को संबोधित करते हुए संघ प्रमुख मोहन भागवत ने कहा कि देश में आरक्षण पर बहस हो रही है। देश में वर्षों से दबे-कुचले लोगों को जब तक न्याय नहीं मिल जाता तब तक आरक्षण जारी रहना चाहिए।

कांग्रेस बोली, इतिहास बदलने की कोशिश कर रही BJP
भाजपा सरकार इतिहास बदलने की कोशिश कर रही है और इसके लिए लोगों को सचेत करने की जरूरत है। यह कहना है, कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव शकील अहमद का। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास कोई रोल माडल शख्सियत नहीं है  जिसे वे जनता के सामने पेश कर सकें।

इसलिए वह बाबा साहेब और सरदार बल्लभ भाई पटेल जैसे महान नेताओं को अपनाने की कोशिश कर रही है जबकि आरएसएस ने उन नेताओं की हमेशा आलोचना करती रही है। 'बीजेपी सत्ता में आई है आरक्षण पर बहस शुरु हो गई'

इसके पहले सदन में समाजवादी पार्टी नेता और राज्यसभा सदस्य राम गोपाल यादव ने आरोप लगाया कि मौजूदा आरक्षण व्यवस्था में बदलाव करने के लिए षड़यंत्र रचा जा रहा है। वहीं बहुजन समाज पार्टी सुप्रीमो मायावती ने कहा कि संविधान में यह साफ है कि एससी, एसटी और ओबीसी को आरक्षण देने का मानदंड क्या होगा लेकिन संघ के लोग इसे आर्थिक आधार पर जारी करना चाहते हैं।

संघ की IS से तुलना पर आजाद की सफाई तो जेटली ने ली चुटकी

Arun Jaitley - फोटो : Google
कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद के उस बयान पर सोमवार संसद में जमकर हंगामा हुआ जिसमें उन्होंने राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) की तुलना आतंकी संगठन इस्लामिल स्टेट (आईएसआईएस) से की थी। आईएस एक ऐसा आतंकी संगठन है जिसने इस्लाम की स्थापना की नाम पर कई देशों में जनसंहार करने का काम किया है।

भाजपा ने संसद में यह मांग की कि गुलाम नबी आजाद अपने उस बयान के लिए सदन के सामने माफी मांगे। भाजपा की मांग पर आजाद ने माफी तो नहीं मांगी लेकिन उन्होंने अपनी सफाई पेश की और उस कार्यक्रम की सीडी भी मुहैया कराई जिसमें उन्होंने यह बयान दिया था।

आजाद ने सदन को बताया कि उन्होंने कभी भी आरएसएस की तुलना आईएसआईएस से नहीं की थी। उन्होंने कहा कि उनका मतलब सिर्फ इतना था कि वो हर उस संगठन का विरोध करते हैं जो आईएसआईएस जैसी सोच रखता है जाहे वह आरएसएस ही क्यों न हो।
 

गुलाम नबी आजाद ने सीडी की कॉपी देते हुए कहा कि अगर उनके सदन के अंदर दिए बयान और सीडी के बयान में कोई अंतर हो तो भाजपा उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग कर सकती है।

आजाद की इस सफाई के बाद वित्त मंत्री अरुण जेटली ने चुटकी लेते हुए कहा, 'मैं नेता प्रतिपक्ष गुलाम नबी आजाद की इज्जत करता हूं। वह सदन और उसके बाहर हमेशा एक तहजीब के साथ अपनी बात रखते हैं। लेकिन मुझे लगता है कि इस मामले में वह थोड़ा सा फिसल गए।'

जेटली ने कहा कि यह पूरे देश को पता है कि आईएसआईएस किस काम के लिए जाना जाता है। दूसरे धर्मों के प्रति उनका क्या व्यवहार है यह किसी से छिपा नहीं है। वह दूसरे धर्म के महिलाओं के साथ क्या बर्ताव करते हैं इसके कई दस्तावेज मौजूद हैं, ऐसे में किसी दूसरे संगठन की तुलना आईएसआईएस से करना कहीं से भी उचित नहीं है।

ब्रिटिश नागरिकता पर राहुल गांधी को कारण बताओ नोटिस

राहुल गांधी - फोटो : pti
ब्रिटिश नागरिकतो को लेकर संसद की इथिक्स कमिटी ने राहुल गांधी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। लालकृष्ण आडवाणी की अध्यक्षता वाली कमिटी ने उनसे पूछा है कि उन्होंने खुद को ब्रिटिश नागरिक क्यों बताया। राहुल ने बिट्रेन की एक कंपनी में जमा किए दस्तावेज में खुद को ब्रिटिश नागरिक घोषित किया है।

ब्रिटिश नागरिकता के मामले में राहुल गांधी नोटिस जारी होने के बाद अब तरह-तरह की प्रतिक्रिया आ रही है। जहां बीजेपी और शिवसेना ने तीखा हमला किया है वही जेडीयू ने बचाव करते हुए केन्द्र पर बेवजह परेशान करने की बात कही है।

भारत से प्यार बयां करने पर अफरीदी को कोर्ट का नोटिस

अफ्रीदी
लगता है पाक कप्तान शाहिद अफरीदी के लिए उनका बयान खुद के गले की फांस बनता जा रहा है। रविवार को उन्होंने कोलकाता में कहा था कि भारत में जितना प्यार उन्हें मिलता है पाकिस्तान में नहीं मिल सकता। अफरीदी अपने बयान पर घिरते नजर आ रहे हैं, पहले जावेद मियांदाद ने उन्हें लताड़ा अब पाकिस्तानी वकील ने नोटिस जारी किया है।

इन बयानों के तेजी से वायरल होने के बाद पहले तो सोशल मीडिया में अफरीदी की जमकर खिंचाई हुई। ‌फिर पाक टीम के पूर्व कप्तान जावेद मियांदाद ने दोनों को आड़े हाथों लिया। मियांदाद ने तो गुस्से में यह तक कह दिया कि अफरीदी शर्म करो, ऐसा बोलते हो। मियांदाद ने कहा है ‌कि दोनों टीम के वरिष्ठ क्रिकेटर हैं और उन्हें वर्ल्ड कप में होने वाले मैचों पर फोकस करना चाहिए न कि इस तरह के बयानों से।

मियांदाद के साथ ही टीम के चीफ कोच मोहसिन खान ने दोनों खिलाड़ियों को मीडिया में सोच-समझकर कहने की सलाह दी है। अबकी बार पाक के वकील ने उन्हें नोटिस जारी किया है। पाकिस्तान मीडिया के अनुसार, लाहौर के एक वकील ने नोटिस के जरिए अफरीदी से जवाब मांगा है कि वह भारत से मिले प्यार को पाक से बेहतर किस आधार पर बता रहे हैं।

'गर्दन पर चाकू रख लो लेकिन भारत माता की जय नहीं बोलूंगा'

सदुद्दीन ओवैसी - फोटो : ANI Grab
अपने विवादित बयानों के लिए चर्चा में रहने वाले एमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा है कि चाहे गर्दन पर चाकू रख दो लेकिन मैं भारत माता की जय नहीं बोलूंगा। ओवैसी ने महाराष्ट्र के लातूर में एक सभा में कहा कि 'मैं भारत में रहूंगा लेकिन भारत माता की जय नहीं बोलूंगा क्योंकि यह संविधान में कही नहीं लिखा है कि भारत माता की जय बोलना जरूरी है। चाहे तो मेरे गले पर चाकू लगा दीजिए, पर भारत माता की जय नहीं बोलूंगा। इसकी आजादी मुझे संविधान देता है।'

बता दें कि बीते दिनों राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत ने कहा था कि देश में लोगों को भारत माता की जय बोलना सिखाया जाता है, ओवैसी ने यह बयान उसी संदर्भ में दिया है। अब ओवैसी के इस बयान के बाद सियासी तूफान खड़ा हो गया है।

महाराष्ट्र सरकार में मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के नेता सुधीर मुंगटीवार ने ओवैसी के इस बयान पर कहा है कि अल्ला ताला, ओवैसी को बुद्धि दें, हम यही दुआ करेंगे। अभिव्यक्ति की आजादी के नाम पर कोई भी बयान नहीं दिया जा सकता। शिवसेना नेता ने कहा कि ओवैसी का बयान बहुत गंभीर है। उन्हें पाकिस्तान चले जाना चाहिए। इसकी जांच कराई जाएगी।

महाराष्ट्र सदन घोटाला: ईडी के सामने पेश हुए महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री भुजबल

छगन भुजबल
महाराष्ट्र के पूर्व लोक निर्माण मंत्री छगन भुजबल मनी लांड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के सामने पेश हुए। इस दौरान ईडी ने घोटालों के आरोपों में घिरे भुजबल से गहन पूछताछ की।

पेशी के दौरान उनके साथ एमएलसी जितेंद्र अवहड भी थे। ये दोनों सोमवार को दक्षिण मुंबई के बलार्ड पायर में स्थित ईडी दफ्तर पहुंचे थे। किसी हंगामे की आशंका के मद्देनजर प्रशासन ने पहले ही दफ्तर के बाहर सख्त पहरा लगा रखा था। इस दौरान ईडी कार्यालय के बाहर सैकड़ों की संख्या में भुजबल समर्थक मौजूद थे।

ईडी ने प्रिवेंसन ऑफ मनी लॉड्रिंग एक्ट (पीएमएलए) के तहत छगन भुजबल से पूछताछ किया। भुजबल के अलावा कई अन्य लोगों के खिलाफ इस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। ईडी ने पिछले ही महीने उनके भतीजे समीर को गिरफ्तार किया था। फिलहाल समीर को आर्थर रोड जेल में रखा गया है।

कर्नाटक: वीएचपी कार्यकर्ता की हत्या, सड़क पर उतरी भाजपा

कर्नाटक के मैसूर में विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) के एक कार्यकर्ता की हत्या के बाद सोमवार को विपक्षी पार्टी भाजपा ने बंद किया। इसके बाद शहर में तनाव का माहौल है। पुलिस के मुताबिक रविवार को 30 वर्षीय राजू एक चाय की दुकान पर खड़ा था, इसी दौरान कुछ अज्ञात लोगों ने उस पर हमला कर उसकी निर्मम हत्या कर दी थी। हत्या के आरोप में पुलिस ने अब तक चार लोगों को हिरासत में लिया हैं।

वहीं भाजपा इसके लिए प्रदेश सरकार को जिम्मेदार मान रही है। हत्या के विरोध में केवल भाजपा कार्यकर्ता ही नहीं बल्कि वीएचपी कार्यकर्ता भी सड़कों पर नारे लगा रहे थे। उनकी मांग थी कि पुलिस जल्द से जल्द हमलावरों को पकड़े और उनके खिलाफ त्वरित जांच की जाए।

यूपीः लखनऊ में तेज बारिश, गिरे ओले

snow fall - फोटो : amar ujala
लखनऊ में सोमवार दोपहर मौसम ने करवट ली। तेज धूप से अचानक आसमान में काले बादल छा गए।देखते ही देखते तेज बारिश होने लगी। बारिश के साथ लखनऊ में कई जगह ओले ‌भी गिरे।लखनऊ के साथ ही सीतापुर जिले में भी तेज बारिश के साथ ओले गिरे।ओले गिरने के बाद तापमान में गिरावट भी हुई।

ठंडी हवाएं चलने लगी। जहां बारिश से पहले मौसम गर्म था वहीं बारिश के तुरंत बाद हवाओं में ठंडक महसूस हुई। जहां बारिश से पहले मौसम गर्म था वहीं बारिश के तुरंत बाद हवाओं में ठंडक महसूस हुई।मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि मार्च में हुई बेमौसम बारिश और ओले फसलों को बर्बाद कर सकते हैं।
विज्ञापन

तुर्की: कार बम धमाके में 34 मरे, 75 जख्मी

तुर्की के अंकारा शहर में हुए कार बम विस्फोट में कम से कम 34 लोगों की मौत हो गई जबकि 75 घायल हो गए। यह जानकारी सरकारी तौर पर दी गई है। बताया जाता है कि धमाका इतना जोरदार था कि उसकी आवाज पूरे शहर में सुनाई दी।

शहर के किजिले स्कवायर पर विस्फोटक से भरी कार पार्क कर धमाका किया गया। बताया गया कि यह स्कवायर अंकारा के एंबेसी वाले इलाके के नजदीक है और शहर का प्रमुख वाणिज्यिक और परिवहन हब है। धमाके के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। इस घटना की जिम्मेदारी अभी किसी ने नहीं ली है। हालांकि सूत्रों के अनुसार आतंकियों के गुट ने ये काम किया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

तुर्की के आंतरिक मामलों के मंत्री ने कहा कि सोमवार को जांच पूरी हो जाने के लिए इस धमाके के लिए जिम्मेदार संगठन का नाम जारी करेंगे। पिछले महीने भी अंकारा में एक बम धमाका हुआ था जिसमें कम से कम 30 लोग मारे गए थे। एक कुर्द चरमपंथी समूह ने इस हमले की जिम्मेदारी ली थी।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें