विदेश मंत्रालय ने उद्योगपति विजय माल्या का पासपोर्ट निरस्त कर दिया है। मंत्रालय ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अनुरोध पर माल्या के खिलाफ इस कार्रवाई को अंजाम दिया। माल्या पर 17 बैंकों का करीब 9,000 करोड़ रुपए का कर्ज है और वो इस वक्त देश छोड़कर जा चुके हैं।
जांच में सहयोग नहीं करने की वजह से ईडी ने मंत्रालय से माल्या का पासपोर्ट रद्द करने का अनुरोध किया था जिस पर कार्रवाई करते हुए विदेश मंत्रालय ने उसे निरस्त कर दिया। आईडीबीआई बैंक के 900 करोड़ रुपए के लोन के मामले में माल्या को पूछताछ में शामिल होने के लिए शनिवार को मुंबई में पेश होना था लेकिन वो नहीं आए।
इससे पहले भी उन्हें तीन बार पेश होने के लिए कहा गया था लेकिन वो नहीं पहुंचे थे। माल्या पर किंगफिशर एयरलाइन के नाम पर बैंकों से कर्ज लेने और उसका अन्य जगहों पर इस्तेमाल करने का भी आरोप है। ईडी के अलावा सीबीआई व अन्य एजेंसियां भी इस मामले की जांच कर रही है। पासपोर्ट रद्द हो जाने के बाद भारत वापस लौटना माल्या की मजबूरी हो गई है।
दिल्ली में ऑड इवन फिर लागू, पहले दिन कटे हजारों चालान
ऑड ईवन के उल्लंघन पर चालान कटवाते लोग
- फोटो : ANI
दिल्ली बोले दिल से, ऑड ईवन फिर से ... इस नारे के साथ दिल्ली में आज से सम-विषम फॉर्मूला फेज टू लागू हो गया है। शुक्रवार को 15 तारीख होने के कारण सिर्फ उन्हीं वाहनों को सड़क पर उतरने की इजाजत है, जिनका आखिरी नंबर विषम है।
हालांकि, इस दौरान भी कई इलाकों में लोग ईवन नंबर की गाड़ी चलाते हुए पकड़े गए। पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए इनका चालान भी काटा। गाजीपुर मंडी के पास पुलिस ने ईवन नंबर की गाड़ी चला रहे दो कार चालकों के चालान काटे।
इससे पहले आज सुबह मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर दिल्ली के लोगों से अपील करते हुए कहा कि आइए हम सब मिलजुल कर इस अभियान को सफल बनाएं।
बता दें कि 30 अप्रैल तक 16 दिन सुबह आठ से रात आठ बजे तक यह व्यवस्था लागू रहेगी। दूसरे राज्यों से आने वाले वाहनों पर भी यही व्यवस्था लागू है। रविवार को दिन भर छूट रहेगी। इसे नहीं मानने वालों को 2000 रुपये का चालान भरना पड़ेगा। इसके लिए दिल्ली भर में कुल 205 प्वाइंट पर मोबाइल चेकिंग टीम और वालंटियर तैनात रहेंगे।
सम विषम फॉर्मूले में इस बार भी छूट का प्रावधान किया गया है। वीआईपी, इमरजेंसी व्हीकल, सीएनजी और बैट्री चालित वाहनों समेत 28 कैटेगरी में छूट दी गई है। दिल्ली के मुख्यमंत्री और मंत्रियों को छूट से बाहर रखा गया है।
केजरीवाल सरकार ने तंबाकू गुटखा पर लगाया प्रतिबंध
तंबाकू उत्पादों पर रोक
दिल्ली सरकार के खाद्य संरक्षा विभाग द्वारा जारी आदेश में अगले एक वर्ष तक तंबाकू के उत्पादन, भंडारण और बिक्री पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। किसी भी प्रकार के तंबाकू अथवा पान मसाला के निर्माण और बिक्री पर रोक रहेगी। दिल्ली सरकार की ओर से इसकी जानकारी केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव, दिल्ली पुलिस, अतिरिक्त जिला न्यायाधीशों समेत कई अन्य सरकारी संस्थानों और अधिकारियों को भेजी गई है।
दिल्ली सरकार के खाद्य संरक्षा विभाग की आयुक्त मृणालिणी दर्सवाल ने खाद्य संरक्षा मानक अधिनियम 2006 का जिक्र करते हुए आदेश में कहा है कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में 13 अप्रैल से एक वर्ष तक सभी प्रकार के तंबाकू के उत्पादन, भंडारण और बिक्री पर प्रतिबंध रहेगा।
जारी अधिसूचना में कहा गया है कि गुटखा, पान-मसाला, खर्रा अथवा सुगंधित पान-मसाले पर प्रतिबंध रहेगा। तंबाकू किसी भी तरह का हो लोगों की स्वास्थ्य को खराब करता है और आने वाली पीढ़ियों की जैविक संरचना को भी प्रभावित कर सकता है। इसलिए तंबाकू उत्पादों पर प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया है।
वाराणसी में केशव मौर्या के विवादित पोस्टर पर मचा बवाल
यूपी में वाराणसी के एक भाजपा नेता ने प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य का एक विवादित पोस्टर साझा किया जिसमें उन्हें कृष्ण के अवतार के रूप में दिखाया गया है। आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए भाजपा ने मौर्य को हाल ही में प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है।
इस पोस्टर को भाजपा नेता रूपेश पांडेय ने साझा किया है जिसमें मौर्य को कृष्ण के अवतार के रूप में दिखाया गया है द्रौपदी रूपी प्रदेश की लाज की रक्षा करने के लिए अवतरित हुए हैं। पोस्टर में उत्तर प्रदेश को द्रौपदी के रूप में दिखाया गया है। जो अपनी लाज बचाने की कोशिश कर रही हैं।
तस्वीर में बसपा सुप्रीमो मायावती, प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी और एआईएम अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी को कौरवों के रूप में दिखाया गया है जो उत्तर प्रदेश का चीर हरण कर रहे हैं।
जेएनयू बस में असलाह, दी गई धमकी, कन्हैया की सुरक्षा बढ़ी
जेएनयू में आने वाली डीटीसी बस में एक देसी बंदूक सहित चार जिंदा कारतूस और एक धमकी भरा खत मिला है जिसमें जेएनयू छात्र संघ अध्यक्ष कन्हैया कुमार व उमर खालिद को जान से मारने की बात लिखी है।
बृहस्पतिवार शाम को वसंत विहार से मोरी गेट तक जाने वाली 604 नंबर की डीटीसी बस के ड्राइवर ने मोरी गेट के पास बस में एक लावारिस थैला देखा।
बैग की तलाशी में एक देसी कट्टे के साथ चार जिंदा कारतूस मिले और इसी थैले में चिट्ठी भी मिली जिसमें उमर खालिद और कन्हैया कुमार को जान से मारने की धमकी भी लिखी हुई है।
इस चिट्ठी के तुरंत बाद ही ड्राइवर ने 100 नंबर को कॉल किया जिसके बाद पुलिस ने तिलक मार्ग थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही कन्हैया कुमार और उमर खालिद को पुलिस सुरक्षा प्रदान करने का भी आदेश दिया गया है।
जापान में आया जबरदस्त भूकंप, मकान गिरने से 9 लोगों की मौत
जापान के दक्षिण पश्चिम इलाके में शुक्रवार तड़के जबरदस्त भूकंप आया जिसमें कई मकान धराशायी हो गए। इसकी वजह से 9 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी और सैकड़ों लोग घायल हुए। भूकंप की वजह से कई जगहों पर आग भी लग गई।
यूरोपियन मेडिटेरेनियन सिस्मोलॉजिकल सेंटर (ईएमएससी) के मुताबिक इस भूकंप का केंद्र दक्षिणी जापान के क्यूशु इलाके में था जिसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 6.2 मापी गई। स्थानीय टीवी चैनलों की फूटेज में धराशायी होती इमारतों और इधर-ऊधर भागते लोगों को देखा जा सकता था।
स्थानीय समाचार चैनलों के मुताबिक भूकंप में 800 से ज्यादा लोगों के घायल होने की भी आशंका जाहिर की गई। अधिकारियों के मुताबिक पूरी रात राहत और बचाव कार्य जारी रहा। धराशायी हुए मकानों में फंसे लोगों को निकालने के लिए सेना के जवानों को भी तैनात किया गया था।