पीएम मोदी तीन फरवरी को ओडिशा में 28,978 करोड़ की बिजली परियोजनाओं का करेंगे शुभारंभ
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन फरवरी को ओडिशा की एक दिवसीय यात्रा के दौरान राष्ट्रीय ताप विद्युत निगम लिमिटेड (एनटीपीसी) की दो बिजली परियोजनाओं का लोकार्पण और एक अन्य परियोजना की आधारशिला रखेंगे। इन परियोजनाओं पर कुल 28,978 करोड़ रुपये का निवेश किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री तय कार्यक्रम के तहत दर्लिपाली ताप बिजली घर और एनएसपीसीएल राउरकेला विस्तार परियोजना का लोकार्पण करेंगे। साथ ही एनटीपीसी के तालचेर ताप बिजली घर की आधारशिला रखेंगे। एक संवाददाता सम्मेलन में एनटीपीसी के क्षेत्रीय कार्यकारी निदेशक (पूर्वी क्षेत्र एक और दो) सुदीप नाग ने यह जानकारी दी।
ठाणेः रिश्वतखोरी के आरोप में सब रजिस्ट्रार और सहयोगी गिरफ्तार
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने महाराष्ट्र के ठाणे में दो घरों की रजिस्ट्री के लिए रिश्वत लेने के आरोप में एक सब रजिस्ट्रार और उसके सहयोगी को गिरफ्तार किया है।
जिले के कल्याण शहर में रजिस्ट्रार कार्यालय में एक व्यक्ति ने दो फ्लैटों के पंजीकरण के लिए दस्तावेज जमा किए थे। इसमें एक उसका और दूसरा उसकी पत्नी का था। ठाणे एसीबी के पुलिस उपाधीक्षक प्रमोद जाधव ने बताया कि 53 वर्षीय संयुक्त सब रजिस्ट्रार ने दोनों फ्लैटों के पंजीकरण के लिए 15-15 हजार रुपये मांगे थे।
बातचीत के बाद मांग को घटाकर 12,000 रुपये कर दिया गया और व्यक्ति को बुधवार को रजिस्ट्रार के कार्यालय में पैसे लाने के लिए कहा गया। इसके बाद शख्स ने एसीबी से शिकायत की। अधिकारी ने बताया कि भ्रष्टाचार रोधी एजेंसी ने जाल बिछाकर रिश्वत लेते उसके सहयोगी (46) को पकड़ लिया।
तेलंगाना के पूर्व सीएम केसीआर ने ली विधायक के रूप में शपथ
बीआरएस अध्यक्ष और तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने बृहस्पतिवार को विधायक पद की शपथ ली। हाल के विधानसभा चुनावों में सिद्दीपेट जिले के गजवेल क्षेत्र से विधानसभा के लिए फिर से चुने गए राव ने अध्यक्ष गद्दाम प्रसाद कुमार की मौजूदगी में उनके कक्ष में शपथ ली।
राव मौजूदा विधानसभा में विपक्ष के नेता हैं। नवनिर्वाचित विधायकों ने पिछले साल दिसंबर में आयोजित विधानसभा के पहले सत्र के दौरान शपथ ली थी। हालांकि, केसीआर गिरने के कारण हुए फ्रैक्चर के कारण तब शपथ नहीं ले सके थे। उन्हें 15 दिसंबर को अस्पताल से छुट्टी दी गई।