फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Updates: गुजरात में नमाज विवाद से जुड़े सात विदेशी विद्यार्थियों को हॉस्टल-देश छोड़ने का फरमान, पढ़िए बड़ी खबर

Sun, 07 Apr 2024 10:30 PM IST
श्वेता महतो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

एकीकरण के प्रयासों को बढ़ावा देने के लिए पहल और सुधार लाने के उद्देश्य से पहला त्रि-सेवा सम्मेलन सोमवार को नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा। पढ़ें आज की बड़ी खबरें
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दक्षिणी पश्चिम बंगाल में बिजली गिरने से दो किसानों की मौत हो गई। एक हादसे में हुगली जिले के तारकेश्वर में बिजली गिरने से 26 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान लक्ष्मण मलिक के तौर पर हुई है। यह घटना तब घटी, जब वह खेतों में काम कर रहा था। दूसरी मौत उत्तर 24 परगना में हुई है। 38 वर्षीय नेपाल हल्दर भी खेतों में काम कर रहे थे। हालांकि, बारिश होने के बाद तापमान नीचे गिर गया, जिससे लोगों को कई दिनों बाद गर्मी से राहत मिली। 
विज्ञापन

 

डिगलीपुर क्षेत्र में जंगल की आग पर काबू

अंडमान निकोबार कमांड (एएनसी) के एमआई-17 वी5 हेलीकॉप्टर को डिगलीपुर क्षेत्र में जंगल की आग पर काबू पाने का सौंपा गया था। इस मामले में तुरंत कार्रवाई हेलीकॉप्टर की बांबी बकेट का इस्तेमाल करके अग्निशमन के लिए कई उड़ाने भरकर आग पर काबू पाया गया। 

लद्दाख में बर्फबारी के बीच फंसे 80 लोगों को बचाया गया

केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख में लेह और श्योक नदी घाटी के बीच 17,688 फीट ऊंचे चांग ला में बर्फबारी के बीच फंसे महिलाओं और बच्चों समेत 80 लोगों को सुरक्षित स्थानों में भेजा गया। त्रिशूल डिवीजन के सैनिकों ने आधी रात को ऑपरेशन चलाकर लोगों की जान बचाई। 

बंगलूरू में बस पटलने से तीन की मौत

बंगलूरू से गोकर्ण जा रही एतक निजी बस के पलटने से तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि इस दुर्घटना के बाद मरने कालों की संख्या पहले चार बताई गई थी, लेकिन बाद में जांच के दौरान तीन लोगों के मरने की जानकारी मिली। यह घटना अंजनेय मंदिर के पास घटी। 

मरने वालों में दो की पहचान 45 वर्षीय जगदीश और 40 वर्षीय गणपति के तौर पर की गई है। ये दोनों ही शिवमोगा जिले के सागर के रहने वाले थे। इस घटना में करीबन 30 लोग घायल हुए, जिनमें से आठ की हालत गंभीर है। घायलों को होलालकेरे तालुक अस्पताल भेजा गया है। 

ठामे में ऑटोरिक्शॉ से 11.7 लाख रुपये की कोकीन जब्त

महाराष्ट्र के ठाणे में पुलिस ने एक ऑटोरिक्शा से 11.7 लाख रुपये की कोकीन जब्त की। उन्होंने वाहन के चालक को गिरफ्तार कर लिया। गुप्त सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम ने शुक्रवार की दोपहर को मोडेला नाका के पास वाहन को रोका। वाहन की तलाशी लेने पर उन्होंने 11.7 लाख कीमत की प्रतिबंधित पदार्थ बरामद किया। ऑटोरिक्शा चालक की पहचान 36 वर्षीय मनजीत सीताराम साव के तौर पर की गई है। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। 

अवैध ड्रेजिंग के लिए तीन पर मामला दर्ज किया गया

महाराष्ट्र के ठाणे जिले में अधिकारियों ने अवैध रूप से ड्रेजिंग करने के लिए तीन लोगों पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने रविवार को इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर राजस्व विभाग के अधिकारियों ने शुक्रवार शाम को भिवंडी के पिंपलास रेती बंदर में यह कार्रवाई की। गिरफ्तार लोगों की पहचान अजगर शेख (32), रफू बशीर शेख (25) और कालू मिनाज़र शेख (19) के रूप में हुई है।


दिल्ली में त्रि-सेवा सम्मेलन की अध्यक्षता करेंगे सीडीएस
एकीकरण के प्रयासों को बढ़ावा देने के लिए पहल और सुधार लाने के उद्देश्य से पहला त्रि-सेवा सम्मेलन सोमवार को नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा। इस सम्मेलन की अध्यक्षता चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान करेंगे। रक्षा मंत्रालय द्वारा एक बयान में कहा गया है कि इस सम्मेलन का उद्देश्य संयुक्तता और एकीकरण के प्रयासों को बढ़ावा देना है। इस दौरान नए और ताजा विचारों, पहलों और सुधारों पर चर्चा की जाएगी। भारतीय सशस्त्र बलों ने भविष्य के युद्धों के लिए तैयार होने के लिए एक बड़े परिवर्तनकारी बदलाव की शुरुआत की है। अब संयुक्तता और एकीकरण को बढ़ावा देने के लिए पहल की जा रही है। यह सैन्य मामलों के विभाग, मुख्यालय एकीकृत रक्षा कर्मचारियों और तीनों सेवाओं के प्रमुखों का पहला सम्मेलन होगा, जिसमें विभिन्न सेवा वर्ग के अधिकारी अपनी समझ और अनुभव के माध्यम से चर्चा करेंगे।

ओडिशा की कालाहांडी जेल से दो कैदी फरार
रविवार को ओडिशा की कालाहांडी जिला जेल से दो कैदी फरार हो गए। दोनों पर पॉक्सो अधिनियम के तहत मुकदमे चल रहे थे। पुलिस का कहना है कि दोनों आज सुबह जेल के बगीचे में थे और दोनों ऊंची दीवारों और निगरानी टावरों वाली जेल की सुरक्षा को तोड़ने में कामयाब रहे। अधिकारी ने कहा कि दोनों कैदी पॉक्सो अधिनियम के तहत मुकदमे का सामना कर रहे थे। जेल अधिकारियों ने भवानीपटना टाउन पुलिस स्टेशन में एक प्राथमिकी दर्ज की और घटना के बारे में अधिक जानकारी नहीं दी। भवानीपटना टाउन के प्रभारी निरीक्षक जसोबंता हियाल ने कहा कि यह पता लगाने के लिए एक जांच शुरू की गई है कि उन्होंने अंदर सुरक्षा घेरा कैसे तोड़ा। दोनों की पकड़ने के लिए पुलिस की तलाशी लगातार जारी है।
 

तमिलनाडु के वेल्लोर डंप यार्ड में भीषण आग
तमिलनाडु के वेल्लोर डंप यार्ड में कल रात भीषण आग लगने की घटना घटी। आग पर लगातार दूसरे दिन भी काबू पाने की कोशिशें जारी हैं। मौके पर दमकल की 40 पानी के ट्रक, 14 फायर टेंडर और फायर ब्रिगेड के 300 कर्मचारी मौजूद हैं।

 

हैदराबाद में गोली लगने से पुलिसकर्मी की मौत
हैदराबाद में रविवार तड़के एक 49 वर्षीय पुलिसकर्मी की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि तेलंगाना राज्य विशेष पुलिस (टीएसएसपी) का एक सशस्त्र रिजर्व उप-निरीक्षक हुसैनियालम पुलिस स्टेशन के तहत एक चौकी पर ड्यूटी पर तैनात था। जब वह अपने बगल में एसएलआर गन लेकर सो रहा था, तो संदेह है कि हथियार से 'मिसफायर' हो गया और दो गोलियां उसकी गर्दन को पार कर गईं। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि यह पता लगाने के लिए जांच चल रही है कि यह आत्महत्या है या गलती से गोली चलने का मामला है। फिलहाल संदिग्ध मौत का मामला दर्ज कर लिया गया है। 
 

मिजोरम में बेहिसाब नकदी के साथ पकड़े म्यांमार के दो नागरिक
असम राइफल्स ने दक्षिण मिजोरम के सियाहा जिले में म्यांमार के दो नागरिकों सहित चार लोगों को भारी मात्रा में बेहिसाब नकदी के साथ पकड़ा गया। सेना ने कहा है कि एक गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए, असम राइफल्स के जवानों ने शुक्रवार को जॉन्ग्लिंग गांव में पांच मिनी ट्रकों को रोका, जिन पर 16 लोग यात्रा कर रहे थे। गहन तलाशी के दौरान, वाहनों में म्यांमार की मुद्रा के 7,74,74,500 नकद और कुल 1 लाख रुपये के भारतीय मुद्रा के नोट पाए गए। असम राइफल्स ने एक बयान में कहा, चार लोगों को बेहिसाब नकदी के साथ पकड़ा गया। आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए करेंसी नोट और चारों आरोपियों को तुईपांग में राज्य पुलिस को सौंप दिया गया है।

नागपुर में महिलाओं के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने पर व्यक्ति की हत्या, तीन गिरफ्तार
महाराष्ट्र के नागपुर शहर के एक बाजार में दो महिलाओं को कथित तौर पर छेड़ने और उनके खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने के आरोप में 28 वर्षीय एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने बताया कि महालक्ष्मी नगर इलाके में हुए हमले में शामिल दो महिलाओं और एक पुरुष को गिरफ्तार किया गया है। पीड़ित रंजीत राठौड़ ने आरोपी जयश्री पंजाडे और सविता सायरे के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की, जो इलाके में कपड़े खरीदने के लिए आई थीं। इसके बाद तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। इसके बाद पंजाडे ने अपने दोस्त आकाश दिनेश राउत को फोन किया, जो घटनास्थल पर पहुंचा और पीड़ित से भिड़ गया। मौके से भागने से पहले उस पर कई बार चाकू से वार किया। इसके बाद राठौड़ को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इलाके के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने तीनों को भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) के तहत गिरफ्तार कर लिया।

महाराष्ट्र के सांगली में मेफेड्रोन फैक्ट्री के भंडाफोड़ मामले में एक गिरफ्तार
मुंबई क्राइम ब्रांच ने हाल ही में सांगली में मेफेड्रोन फैक्ट्री के भंडाफोड़ के सिलसिले में एक 'अंगड़िया' (पारंपरिक कूरियर) को गिरफ्तार किया है। अधिकारी ने कहा कि जांच के बाद जेसाभाई मोटाभाई माली को गिरफ्तार कर लिया गया। जांच में पाया गया कि ठाणे जिले के भिवंडी में एक घर से बरामद 3.46 करोड़ रुपये उसके द्वारा मुख्य आरोपी को दिए गए थे। अंगूर के बागों से घिरे सांगली के इराली गांव में फैक्ट्री पर छापा मारने के बाद पुलिस ने 252 करोड़ रुपये मूल्य का 122.5 किलोग्राम मेफेड्रोन जब्त किया था। अब तक 11 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें मुख्य आरोपी प्रवीण शिंदे भी शामिल है। 

गुजरात विवि में नमाज विवाद: सात विदेशी विद्यार्थियों को हॉस्टल और देश छोड़ने का फरमान

गुजरात यूनिवर्सिटी में नमाज को लेकर हुए विवाद के कुछ सप्ताह बाद सात छात्रों को हॉस्टल खाली करने और देश छोड़ने को कहा गया है। विवि की कुलपति नीरजा गुप्ता ने कहा, अफगानिस्तान के छह व पूर्वी अफ्रीका के एक छात्र को निर्धारित अवधि खत्म होने के बाद गैरकानूनी रूप से रह रहे थे। सभी पढ़ाई पूरी कर चुके थे और कुछ प्रशासनिक कार्य लंबित होने के कारण पूर्व छात्रों के रूप में छात्रावास में रह रहे थे। जो भी विदेशी छात्र विवि में पढ़ाई कर रहे हैं उनका अच्छे से ख्याल रखा जाता है, लेकिन ये लंबे वक्त से अलग-अलग वजह बताकर छात्रावास में रह रहे थे। उन्हें अनुमति नहीं दी जा सकती, इस वजह से हमने उन्हें अपने देश लौटने का आदेश दिया है। हमने संबंधित देशों के वाणिज्य दूतावासों को सूचित कर दिया है। विवि में पिछले माह हॉस्टल में नमाज पढ़ने को लेकर मारपीट करने का मामला सामने आया था। 

तेलंगाना में महंगी घड़ियों की तस्करी में मंत्री का बेटा तलब

चेन्नई सीमा शुल्क विभाग ने तेलंगाना के राजस्व और आवास मंत्री पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी के बेटे पोंगुलेटी हर्ष रेड्डी को करोड़ों रुपये की महंगी घड़ियों की तस्करी में संलिप्तता के आरोप में समन जारी किया है। रेड्डी को 4 अप्रैल को पेश होने के लिए कहा गया था, लेकिन उसने डेंगू बुखार का हवाले देकर उपस्थिति होने में असमर्थता जताई।

आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि वह 27 अप्रैल के बाद विभाग के समक्ष उपस्थित होंगे। रेड्डी ने कहा  कि उनका इस मामले से कोई लेना-देना नहीं है। आरोप पूरी तरह से निराधार हैं। हांगकांग स्थित भारतीय मुहम्मद फहरदीन मुबीन से दो लग्जरी घड़ियां जब्त करने के बाद सीमा शुल्क विभाग ने 5 फरवरी को तस्करी का मामला दर्ज किया था। मुबीन ये घड़ियां सिंगापुर से चेन्नई लेकर आया था। इन घड़ियों का बाजार मूल्य 1.73 करोड़ रुपये आंका गया था। जांच में पता चला है कि हर्ष रेड्डी इन घड़ियों का खरीदार था। उससे सीमा शुल्क विभाग ने 12 मार्च को पूछताछ की थी। 

चर्च के सचिव को ईडी से बचाने की पेशकश पर जॉर्ज की शिकायत

आप के केरल महासचिव अरुण ने हाल ही में भाजपा में शामिल हुए पूंजर के पूर्व विधायक पीसी जॉर्ज के खिलाफ चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, पीसी जॉर्ज ने चर्च ऑफ साउथ इंडिया (सीएसआई) के सचिव को प्रवर्तन निदेशालय से बचाने की सार्वजनिक घोषणा की थी। बता दें कि जॉर्ज पूंजर से सात बार के विधायक रह चुके हैं। उन्हें लोकसभा चुनाव में टिकट मिलने की उम्मीद थी, लेकिन भाजपा ने उन्हें प्रत्याशी घोषित नहीं किया है।

पश्चिम बंगाल : हुगली में बिजली गिरने से दो किसानों की मौत

पश्चिम बंगाल में बिजली गिरने से दो किसानों की मौत हो गई। अधिकारियों ने रविवार को कहा कि हुगली जिले के तारकेश्वर में लक्ष्मण मलिक (26) उस वक्त आकाशीय बिजली की चपेट में आए, जब वह खेतों में काम कर रहे थे। वहीं, उत्तर परगना के गायघाट में नेपाल हलदर (38) की भी खेत में काम करते समय मौत हो गई।

ओडिशा : देवगढ़ में धर्मेंद्र प्रधान का रोड शो, उमड़ा जनसैलाब

केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शनिवार को भाजपा के लोकसभा उम्मीदवार सुभाष चंद्र पाणिग्रही के साथ देवगढ़ में रोड शो किया और उनके लिए वोट मांगे। इस दौरान सैकड़ों लोग मौजूद रहे। तीन बार के भाजपा विधायक पाणिग्रही को देवगढ़ संसदीय सीट से फिर से उम्मीदवार बनाया गया है। प्रधान ने ओडिशा के देवगढ़ विधानसभा क्षेत्र से पीएम मोदी के विजय अभियान की भी शुरुआत की। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के प्रति लोगों का विश्वास दिन-ब-दिन बढ़ रहा है। मोदी सरकार ने 10 वर्षों में देवगढ़ जिले में 2,200 करोड़ रुपये का काम किया है। उन्होंने कहा, मैं यहां पीएम मोदी के प्रतिनिधि के रूप में आया हूं।

तमिलनाडु में तीन लोगों से जब्त किए चार करोड़ रुपये

तमिलनाडु के चेंगलपेट जिले में एक उड़नदस्ते ने ट्रेन से तिरुनेलवेली जा रहे तीन लोगों से चार करोड़ रुपये जब्त किए और मामला आयकर विभाग को सौंप दिया। संदेह है कि ये लोग भाजपा उम्मीदवार नैनार नागेंद्रन के समर्थक हैं। अधिकारियों ने रविवार को बताया कि तीनों को तांबरम स्टेशन पर रोका और उनके पास से चार करोड़ बरामद किए। पूछताछ में वे इसका कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके।
सत्तारूढ़ द्रमुक ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी के समक्ष मामला उठाया और नागेंद्रन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। हालांकि, नागेंद्रन ने दावा किया कि जब्त पैसे से उनका कोई लेना-देना नहीं है। 

मणिपुर हिंसा : निगरानी कर रहे सेवानिवृत्त पुलिस आयुक्त को विदेश यात्रा की अनुमति

सुप्रीम कोर्ट ने मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त दत्तात्रेय पडसलगीकर के विदेश यात्रा की अनुमति दे दी है। सीजेआई जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ की तीन पीठ ने संयुक्त राज्य अमेरिका और यूरोप की यात्रा की अनुमति मांगने वाले उनकी याचिका को स्वीकार कर लिया। वह 1 मई 2024 से 29 मई 2024 तक निजी यात्रा पर अमेरिका और यूरोप की यात्रा करेंगे। मणिपुर जातीय हिंसा मामलों की सुनवाई अब 29 अप्रैल को तय की गई है।

शीर्ष अदालत ने पिछले साल 7 अगस्त को मणिपुर में यौन हिंसा के मामलों की सीबीआई जांच की निगरानी करने के लिए पडसलगिकर को नियुक्त किया था। 1982 बैच के आईपीएस अधिकारी पडसलगीकर कुछ वर्षों के लिए इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) में प्रतिनियुक्ति पर थे। 30 जनवरी 2016 को वह मुंबई पुलिस आयुक्त बने। 29 जून 2018 तक उन्होने मुंबई पुलिस के प्रमुख के रूप में कार्य किया। ब्यूरो

इसके बाद वह महाराष्ट्र के डीजीपी के रूप में पदोन्नत हुए। 29 अक्तूबर 2019 को उन्हें उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार नियुक्त किया गया था।

अग्निकुल ने तीसरी बार टाला अग्निबाण रॉकेट का प्रक्षेपण

चेन्नई स्थित स्टार्टअप अग्निकुल कॉसमॉस ने रविवार को अपने पहले 3डी प्रिंटेट उप-कक्षीय रॉकेट का प्रक्षेपण तीसरी बार टाल दिया। कुछ तकनीकी खामियों के चलते सेमी-क्रायोजेनिक इंजन से संचालित रॉकेट के प्रक्षेपण को उड़ान भरने से करीब 92 सेकंड पहले टालना पड़ा। अग्निबाण सबऑर्बिटल टेक्नोलॉजिकल डिमॉन्स्ट्रेटर (एसओआरटीईडी) का पहला परीक्षण प्रक्षेपण 22 मार्च को निर्धारित था। रॉकेट का प्रक्षेपण इसरो (भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन) के श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से कंपनी के निजी लॉन्च पैड से किया जाना था।

मणिपुर : 24 हजार से अधिक लोग राहत शिविरों से डालेंगे वोट

हिंसा प्रभावित मणिपुर में 50 फीसदी मतदान केंद्र अति सवेंदनशील हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रदीप कुमार झा ने कहा कि 24,500 से अधिक विस्थापित लोग राहत शिविरों से मतदान करेंगे। इसके लिए राहत शिविरों में विशेष व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के लिए राज्य में कुल 2,955 मतदान केंद्र बनाए जाएंगे। 94 विशेष मतदान केंद्र भी स्थापित होंगे, जिसमें विस्थापित लोग मतदान कर सकेंगे। मतदाताओं से सहानुभूतिपूर्वक व्यवहार करने के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है। 
विज्ञापन

गढ़चिरौली में 5.5 लाख रुपये के तीन इनामी नक्सली गिरफ्तार

महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में रविवार को कहा कि सुरक्षा बलों पर कई हिंसक हमलों में शामिल और सामूहिक रूप से 5.5 लाख रुपये की इनामी दो महिला नक्सलियों समेत तीन विद्रोहियों को गिरफ्तार कर लिया गया। एक अधिकारी ने कहा, दोनों महिला नक्सली काजल उर्फ सिंधु गावड़े और गीता उर्फ सुकली कोरचा जिले में सुरक्षा बलों की गतिविधियों पर नजर रखती थीं। इसके अलावा माओवादी जन मिलिशिया कमांडर पीसा पांडु नरोटे को गिलनगुडा जंगल से गिरफ्तार किया गया। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें