मणिपुर के जिरीबाम जिले में उग्रवादियों द्वारा एक व्यक्ति की हत्या के बाद क्षेत्र से मैतेई समुदाय के 200 से अधिक लोगों को उनके घरों से निकाल कर राहत शिविरों में ले जाया गया है। उग्रवादियों ने जिले के लमताई खुनौ, डिबोंग खुनौ, नुनखाल और बेगरा के बाहरी गांवों में जिरी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के राहत शिविरो में रहने वाले लोगों के घर जला दिए।
बता दें कि मृतक की पहचान सोइबम शरतकुमार सिंह के तौर पर की गई है। उनका शव मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने कुछ जगहों पर आग लगा दी। इस घटना को देखते हुए गुरुवार रात से ही निषेधाज्ञा लागू कर दी गई। शव मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने जिरीबाम पुलिस स्टेशन के बाहर प्रदर्शन करना शुरू किया। लोगों ने चुनाव के दौरान के मद्देनजर उनसे ली गई उनकी लाइसेंसी बंदूकें चुनाव खत्म होने के बाद उन्हें वापस करने की मांग की।
गुजरात में सड़क दुर्घटना में दो की मौत, पांच घायल
गुजरात के सूरत शहर में एक कार सड़क किनारे बैठे लोगों को कुचल कर निकल गई। इस हादसे में एक बच्चा और उसके चाचा की मौत हो गई और अन्य पांच लोग घायल हुए हैं। यह घटना शुक्रवार की रात 11.30 बजे घटी। एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि कार चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया था, जिसके कारण यह हादसा हो गया। इस हादसे में एक आठ वर्षीय बच्चा विहान और उसके चाचा संकेत बावरिया की भी मौत हो गई। कार चालक की पहचान 40 वर्षीय यगनेश गोहिल के तौर पर की गई है, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
अवैध तरीके से भारत में रहने वाली नौ बांग्लादेशी महिलाएं गिरफ्तार
महाराष्ट्र के मुंबई में अवैध तरीके से रहने वाली नौ बांग्लादेशी महिलाओं और उन्हें आश्रय देने वाली महिला को गिरफ्तार किया गया है। यह गिरफ्तारी मीरा रोड इलाके में की गई।
केच्चि एयरपोर्ट के पास एक घर में लगी आग, चार की मौत
केरल में कोच्चि इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास अंगदिक्कादावु इलाके में एक घर में आग लग गई। इस हादसे में दो बच्चों समेत एक ही परिवार के चार सदस्यों की जलकर मौत हो गई। अधिकारियों ने शनिवार को इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आग घर की दूसरी मंजिल पर लगी। अग्निशमन सेवा के एक कर्मी ने कहा कि उन्हें सुबह 5.20 बजे घटना की जानकारी दी गई। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच जारी है।
दिल्ली गोवा जाने वाली स्पाइसजट की फ्लाइट में आई तकनीकी समस्या
दिल्ली से गोवा जाने वाली स्पाइसजेट की फ्लाइट को तकनीकी समस्याओं का सामना करना पड़ा, जिसके कारण उड़ान भरने में देरी हो गई। यात्रियों के लिए वैकल्पिक विमान के साथ रिफ्रेशमेंट की व्यवस्था भी की गई है।
सियालदह स्टेशन पर रद्द हुई कई ट्रेनें
सियालदह स्टेशन पर बुनियादी ढांचे के विकास और मरम्मत कार्यों के लिए कई ट्रेनों को या तो रद्द कर दिया गया है या बीच में ही रोक दिया गया, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
पूर्वी रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि कोलकाता के केंद्रीय व्यापारिक जिले में स्टेशन पर विकास कार्य के लिए टर्मिनल स्टेशन से आने-जाने वाली 80 लोकल ट्रेनें शनिवार को रद्द कर दी गईं, शुक्रवार को भी ट्रेन सेवाएं रद्द रहीं थी। उन्होंने बताया कि शुक्रवार की सुबह से रविवार की दोपहर तक 147 लोकल ट्रेन सेवाओं को या तो रद्द कर दिया या बीच में ही रोक दिया गया था। सियालदह स्टेशन पर 12 कोच वाली ईएमयू ट्रेनों को समायोजित करने के लिए पांच प्लेटफार्मों की लंबाई बढ़ाने और इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग सिस्टम बनाने का काम चल रहा है।
जेल में बंद हेमंत सोरेन से मिले सीएम चंपई सोरेन और झामुमो नेता
झारखंड के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन और कई अन्य झामुमो नेताओं ने शनिवार को रांची की बिरसा मुंडा सेंट्रल जेल में पूर्व सीएम हेमंत सोरेन से मुलाकात की। झामुमो नेताओं में हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन भी शामिल थीं। लोकसभा चुनाव के बाद झामुमो नेताओं की हेमंत सोरेन से यह पहली मुलाकात थी। लोकसभा चुनाव में झारखंड की 13 सीटों में से 8 पर भाजपा ने जीत दर्ज की है। एक सीट पर भाजपा की सहयोगी आजसू ने जीत दर्ज की है। झामुमो तीन सीटों पर जीतने में सफल रही और कांग्रेस को एक सीट से संतोष करना पड़ा। कल्पना सोरेन गांडेय उपचुनाव में जीतने में सफल रहीं। हेमंत सोरेन को ईडी ने 31 जनवरी को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया था। झामुमो नेताओं की हेमंत सोरेन से मुलाकात पर भाजपा ने तंज कसा और कहा कि सरकार जेल सचिवालय से चल रही है न कि सीएम सचिवालय से।
भाजपा ने कर्नाटक सीएम के इस्तीफे की मांग की
87 करोड़ रुपये के कथित कर्नाटक महर्षि वाल्मिकी आदिवासी जनजातीय विकास कॉरपोरेशन लिमिटेड घोटाले में भाजपा ने सीएम सिद्धारमैया के इस्तीफे की मांग की है। इस मामले में राज्य के जनजातीय कल्याण मंत्री बी नागेंद्र पहले ही इस्तीफा दे चुके हैं। भाजपा ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर साझा एक पोस्ट में सीएम के इस्तीफे की मांग की।
एसआईटी द्वारा इस कथित घोटाले की जांच की जा रही है। इस मामले में कई लोगों की गिरफ्तारी भी हुई है। कर्नाटक महर्षि वाल्मीकि अनुसूचित जनजाति विकास निगम से संबंधित 87 करोड़ रुपये का कथित अनधिकृत हस्तांतरण तब सामने आया जब लेखा अधीक्षक चंद्रशेखर ने 26 मई को शिवमोगा स्थित अपने आवास पर आत्महत्या कर ली थी। मृतक ने एक नोट छोड़ा था जिसमें धन के दुरुपयोग का आरोप लगाया गया था और अपनी मौत के लिए सहकारी समिति के एमडी जेजी पद्मनाभ, लेखा अधिकारी परशुराम जी और यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की मुख्य प्रबंधक सुचिस्मिता रावल को जिम्मेदार ठहराया था।
सूरत में कार हादसे में तीन की मौत
गुजरात के सूरत शहर में एक बेकाबू कार ने सड़क किनारे बैठे लोगों को टक्कर मार दी, जिससे एक परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए, पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। उतरान पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि 'यह दुर्घटना शुक्रवार रात करीब 11.30 बजे शहर के बाहरी रिंग रोड पर हुई।' उन्होंने बताया, 'कार चालक ने कार पर से नियंत्रण खो दिया, जिसके कारण कार सड़क से उतर गई और सड़क किनारे बैठे लोगों को कुचल दिया।"
पुलिस अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना में आठ वर्षीय लड़के वियान, उसके पिता देवेश वग्झानी (40) और चाचा संकेत बावरिया (32) की मौत हो गई। कार चालक को नींद की झपकी आने के चलते हादसा हुआ। नींद की झपकी लगने के बाद जैसे ही कार चालक को होश आया तो उसने ब्रेक लगाने की कोशिश की, लेकिन वह गलती से एक्सीलेटर दबा गया, जिससे दर्दनाक हादसा हो गया। हादसे के बाद पुलिस ने कार चालक योगेश गोहिल को गिरफ्तार कर लिया है।
चुनाव आयोग ने ओडिशा के आईपीएस अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की
भारत के चुनाव आयोग (ईसीआई) ने ओडिशा के आईपीएस अधिकारी आशीष कुमार सिंह के खिलाफ उनकी स्वास्थ्य स्थिति के बारे में 'तथ्यों को गलत तरीके से प्रस्तुत करने' के लिए कार्रवाई की सिफारिश की है, जबकि एक अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी डी एस कुटे का निलंबन आदेश रद्द कर दिया है। ओडिशा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) को लिखे पत्र में चुनाव आयोग ने कहा कि एम्स, भुवनेश्वर के विशेष मेडिकल बोर्ड की रिपोर्ट ने 2010 बैच के आईपीएस अधिकारी सिंह को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ घोषित किया है। वे 4 मई से स्वास्थ्य कारणों से छुट्टी पर हैं। जबकि ओडिशा के मुख्यमंत्री के विशेष सचिव कुटे को आयोग ने 28 मई को 'चुनाव के संचालन में अनुचित हस्तक्षेप' करने के लिए निलंबित कर दिया था।