फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Updates: महाराष्ट्र के मराठवाड़ा में बेमौसम बारिश, सात की मौत; कर्नाटक के थाने पर भीड़ के हमले में 25 गिरफ्तार

Mon, 27 May 2024 03:38 PM IST
श्वेता महतो न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
न्यूज अपडेट - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

महाराष्ट्र के मराठवाड़ा के कुछ हिस्सों में हुई बेमौसम बारिश के कारण दो दिनों में अलग अलग घटनाओं में सात लोगों की मौत हो गई। संभागीय आयुक्तालय ने इस बारे में एक रिपोर्ट जारी की है। इसके अनुसार बीते 48 घंटे में बीड, धाराशिव और लातूर जिलों में बेमौसम बारिश दर्ज की गई। रिपोर्ट के अनुसार इस बारिश से 24.3 हेक्टेयर कृषि भूमि में लगी फसल नष्ट हो गई। इसके अलावा 53 पशुओं की भी मौत हो गई। रिपोर्ट के अनुसार लातूर जिले में तीन लोगों की मौत हुई, जबकि बीड और धाराशिव जिलों में कुल चार लोगों की मौत हो गई। 

विज्ञापन


कर्नाटक : थाने पर भीड़ के हमले में 25 आरोपी गिरफ्तार
कर्नाटक के चन्नागिरी थाने पर भीड़ के हमले के सिलसिले में पुलिस ने अब तक 25 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सोमवार को बताया कि सीसीटीवी फुटेज तथा उपलब्ध वीडियो क्लिप के आधार पर लोगों की गिरफ्तारी हुई। सभी संदिग्धों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, दावणगेरे के चन्नागिरी कस्बे के एक थाने में शनिवार तड़के एक व्यक्ति की हिरासत में मौत के बाद गुस्साई भीड़ ने थाने में तोड़फोड़ कर कई वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया था। 

त्रिपुरा में गरीब मां ने अपनी नवजात बेटी को बेचा
त्रिपुरा के धलाई जिले की एक आदिवासी महिला ने कथित तौर पर अपने नवजात बच्ची को बेच दिया। मुख्यमंत्री माणिक साहा ने इस बारे में मुख्य सचिव से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। बताया गया है कि तारबन कॉलोनी की रहने वाली महिला ने 22 मई को बेटी को जन्म दिया। अत्यधिक गरीबी के कारण महिला ने अगले दिन कथित तौर पर बच्ची को 5,000 रुपये में बेच दिया। बताया गया है कि पांच माह पहले महिला के पति का निधन हो गया था। महिला के पहले से ही दो बेटे और एक बेटी हैं। जब सोशल मीडिया पर यह खबर वायरल हुई तो प्रशासन हरकत में आ गया। इसके बाद बच्ची को बरामद कर उसकी मां को सौंप दिया गया। मुख्यमंत्री का कहना है कि परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की गई है।

मुंबई में अज्ञात व्यक्ति ने दी बम धमाकों की झूठी धमकी
मुंबई में एक अज्ञात व्यक्ति ने होटल ताज और मुंबई हवाई अड्डे को उड़ाने की धमकी दी। पुलिस का कहना है कि अज्ञात व्यक्ति द्वारा यह दावा भी किया गया कि इन स्थानों पर बम लगाए गए हैं। जब पुलिस ने तलाशी ली तो किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। पुलिस का कहना है कि मुंबई ट्रैफिक पुलिस के व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर पर यह धमकी भरा संदेश पोस्ट किया गया था। जिस मोबाइल नंबर पर संदेश पोस्ट किया गया था, वह आगरा का है। अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ कई धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने पपुआ न्यू गिनी में भूस्खलन पर दुख जताया
पपुआ न्यू गिनी में भूस्खलन और प्राकृतिक आपदाओं के चलते दो हजार से ज्यादा लोगों की मौत हुई है। इस पर भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर का कहना है कि यह पपुआ न्यू गिनी के लोगों के लिए मुश्किल समय है और इस घड़ी में भारत द्वीप राष्ट्र के साथ खड़ा है। बता दें कि 24 मई को पपुआ न्यू गिनी में जबरदस्त भूस्खलन हुआ था। 

पीएम मोदी ने लिथुआनिया की राष्ट्रपति नौसेदा को दी बधाई 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लिथुआनिया की राष्ट्रपति गितानस नौसेदा को दोबारा निर्वाचित होने पर बधाई दी। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘मैं भारत और लिथुआनिया के बीच घनिष्ठ सहयोग को और मजबूत करने के लिए मिलकर काम करने को उत्सुक हूं।’ बता दें कि गितानस नौसेदा ने 74.5 प्रतिशत वोट हासिल कर बड़ी जीत दर्ज की। अब लिथुआनियाई राष्ट्रपति के रूप में यह उनका दूसरा कार्यकाल होगा। 

असम में पांच ड्रग्स तस्कर गिरफ्तार
असम में कम से कम पांच संदिग्ध ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तस्करों के पास से हेरोइन जब्त की गई। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए उन्होंने बाताया कि कल दो अलग-अलग एंटी नारकोटिक अभियान चलाया गयाष इस दौरान भारी मात्रा हेरोइन जब्त की गई। उन्होंने आगे कहा, "यह हमारे युवाओं को नशे के चंगुल से बचाएगा।" सीएम सरमा ने बताया कि एक अभियान कार्बी आंगलोंग और दूसरा अभियान गोलाघाट पुलिस और सीआरपीएफ की तरफ से चलाया गया था। कार्बी आंगलोंग पुलिस 554.66 हेरोइन के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया। वहीं गोलाघाट पुलिस और सीआरपीएफ ने 505.05 ग्राम हेरोइन के साथ तीन को गिरफ्तार किया।  

अरब सागर में भूकंप
सोमवार को रात 8:56 बजे अरब सागर में भूकंप दर्ज किया गया। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र का कहना है कि रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 4.5 दर्ज की गई। 
 

 

दिल्ली में उज्बेकिस्तान के पांच नागरिक गिरफ्तार
इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के डोमेस्टिक टर्मिनल-1 से उज्बेकिस्तान के पांच नागरिकों को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से सीमा शुल्क अधिकारियों ने दुबई से तस्करी कर लाया 1.92 करोड़ रुपये की कीमत का तीन किलो सोना जब्त किया। अधिकारियों से सोमवार को मिली जानकारी के अनुसार, ये उज्बेक नागरिक बृहस्पतिवार को मुंबई से दिल्ली हवाई अड्डे पर उतरे थे।
विज्ञापन

गोवा में झरनों और नदियों में तैरने पर प्रतिबंध
आगामी मानसून सीजन के मद्देनजर गोवा प्रशासन ने झरनों, खाली पड़ी खदानों में बनी झीलों और नदियों समेत अन्य जल निकायों में तैरने पर रोक लगा दी है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। प्रशासन का कहना है कि इन जल निकायों में लोगों के डूबने की कई घटनाएं सामने आई हैं और इनके पानी में तैरना जोखिम भरा है। इसलिए अगले आदेश तक तैराकी पर प्रतिबंध लगाया गया है। उत्तर और दक्षिण गोवा जिलों के जिलाधिकारियों ने रविवार को इस संबंध में एक परिपत्र जारी कर चेतावनी दी कि आदेश का पालन नहीं करने पर कार्रवाई की जाएगी। 

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें