फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Updates: अवैध खनन मामले में BRS नेता जी मधुसूदन रेड्डी की गिरफ्तारी; राष्ट्रपति-उपराष्ट्रपति का तेलंगाना दौरा

Fri, 15 Mar 2024 10:24 PM IST
श्वेता महतो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

बीजद के वरिष्ठ उपाध्यक्ष और पूर्व सांसद प्रसन्ना आचार्य शुक्रवार सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए। दरअसल, ओडिशा के संबलपुर में उनकी कार की टक्कर एक ट्रक से हो गई थी। राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति हैदराबाद में वैश्विक आध्यात्मिकता महोत्सव में शामिल होंगे। एक अन्य मामला केरल की महिला से दुष्कर्म का है। जानिए दिन की बड़ी खबरें
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज हैदराबाद में विश्व आध्यात्मिक महोत्सव में शामिल होंगी। इस महोत्सव का आयोजन 14 से 17 मार्च तक हैदराबाद में गैर लाभकारी संगठन हार्टफुलनेस के मुख्यालय कान्हा शांति वनम में किया गया है। 
विज्ञापन

नवी मुंबई में रिश्वत लेने वाले राजस्व अधिकारी गिरफ्तार

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने नवी मुंबई में भूमि रिकॉर्ड को लेकर एक शिकायतकर्ता से रिश्वत लेने के आरोप में एक राजस्व अधिकारी को गिरफ्तार किया है। राजस्व अधिकारी की पहचान 48 वर्षीय अर्जुन गोरे के तौर पर की गई है। 

गोरे ने एक व्यक्ति से उसके दो पैतृक भूमि पार्सल को श्रेणी-II से श्रेणी-I में बदलने के लिए एक लाख रुपये की मांग की थी। उस व्यक्ति ने कुछ बातचीत की और बाद में रिश्वत की रकम घटाकर 80,000 रुपये कर दी गई। राजस्व अधिकारी को गुरुवार को 40,000 रुपये रिश्वत के तौर पर लेते हुए पकड़ा गया। फिलहाल उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

सड़क दुर्घटना में बीजद के वरिष्ठ नेता घायल

बीजद के वरिष्ठ उपाध्यक्ष और पूर्व सांसद प्रसन्ना आचार्य शुक्रवार सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए। दरअसल, ओडिशा के संबलपुर में उनकी कार की टक्कर एक ट्रक से हो गई थी। यह घटना रात के एक बजे की है, जब पूर्व सांसद भुवनेश्वर से संबलपुर की तरफ जा रहे थे। इस दौरान उनकी कार ऑक्सीजन से भरे टैंकर से टकरा गई। 

आचार्य और अनके पीएसओ को अस्पताल में भर्ती किया गया है, जबकि कार चालक को मामूली चोट आई है। संबलपुर के पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पूर्व सांसद और पीएसओ दोनों फिलहाल खतरे से बाहर हैं। आचार्य को सिर, नाक और ठुड्डी पर चोट लगी है। पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लिया है।

संदेशखाली की पीड़ितों ने राष्ट्रपति मुर्मू से की मुलाकात

पश्चिम बंगाल के संदेशखाली की पांच महिलाओं समेत हिंसा के शिकार 11 पीड़ितों ने आज दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। उन्होंने संदेशखाली में एससी-एसटी समुदाय की सुरक्षा के लिए हस्तक्षेप की मांग करते हुए राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपा है।

एससी-एसटी सहायता एवं अनुसंधान केंद्र के निदेशक डॉ. पार्थ विश्वास ने कहा, "संदेशखाली मुद्दे को लेकर पीड़ितों ने आज राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपा है। राष्ट्रपति ने पूरे मामले को बहुत सहानुभूति के साथ सुना। 11 पीड़ित यहां राष्ट्रपति मुर्मू से मिलने आए, जिनमें पांच महिलाएं और छह पुरुष शामिल हैं।"

 

भारतीय नौसेना के पूर्व प्रमुख एडमिरल एल. रामदास का निधन

भारतीय नौसेना के पूर्व प्रमुख एडमिरल (सेवानिवृत्त) एल. रामदास का शुक्रवार को एक सैन्य अस्पताल में निधन हो गया। रक्षा सूत्रों ने इसकी जानकारी दी। 90 वर्षीय रामदास ने दिसंबर 1990 से सितंबर 1993 तक नौसेना प्रमुख के पद पर अपनी सेवाएं दी थीं। बताया जा रहा है कि बढ़ती उम्र संबंधी समस्याओं के कारण उनका निधन हो गया। वह अपनी पत्नी ललिता रामदास और तीन बेटियों के साथ रहते थे।

वैश्विक आध्यात्मिकता महोत्सव: उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ दो दिवसीय दौरे पर हैदराबाद जाएंगे

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ (फाइल) - फोटो : जगदीप धनखड़
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ शनिवार से हैदराबाद की दो दिवसीय यात्रा पर जाएंगे। उपराष्ट्रपति सचिवालय ने शुक्रवार को बताया कि धनखड़ शनिवार को हैदराबाद के कान्हा शांति वनम में 'वैश्विक आध्यात्मिकता महोत्सव' के समापन समारोह में मुख्य अतिथि होंगे।

केरल की महिला का आरोप- दुबई में रहने वाल शख्स ने किया दुष्कर्म, मामला दर्ज

केरल पुलिस ने कोच्चि की एक महिला से कथित तौर पर बलात्कार करने के आरोप में दुबई में रहने वाले शख्स के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपी कोझिकोड का मूल निवासी है। पुलिस ने कहा कि महिला ने 13 मार्च को शिकायत दर्ज कराई और गुरुवार को दुबई के शख्स के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।

शिकायत के मुताबिक, महिला का परिचित व्यक्ति उससे दुबई में मिला था। पुलिस ने कहा कि यह घटना तब हुई जब वह एक बिजनेस ट्रिप के सिलसिले में दुबई में थी। पीड़िता के मुताबिक उसके हाथ-पैर बांध कर बलात्कार किया गया। मामला दर्ज कर लिया गया है। कानून के मुताबिक आगे की कार्रवाई की जाएगी।

प्रसार भारती के अध्यक्ष का चुनाव; उपराष्ट्रपति धनखड़ की अध्यक्षता में बैठकउपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने शुक्रवार को देश के सार्वजनिक प्रसारक प्रसार भारती के अध्यक्ष के चयन के लिए एक बैठक की अध्यक्षता की। फरवरी 2020 में ए सूर्य प्रकाश का कार्यकाल पूरा होने के बाद से प्रसार भारती के अध्यक्ष का पद खाली है। उपराष्ट्रपति, जो राज्यसभा के सभापति भी हैं, प्रसार भारती के अध्यक्ष पद के लिए चयन पैनल के प्रमुख होते हैं। भारतीय प्रेस परिषद के अध्यक्ष और राष्ट्रपति द्वारा नामित एक व्यक्ति तीन सदस्यीय पैनल को पूरा करते हैं। बैठक में प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया की अध्यक्ष न्यायमूर्ति रंजना देसाई (सेवानिवृत्त) और सूचना एवं प्रसारण सचिव संजय जाजू ने भाग लिया। प्रसार भारती के अध्यक्ष पद का कार्यकाल तीन वर्ष या व्यक्ति के 70 वर्ष की आयु प्राप्त करने तक होता है।

प्रसार भारती - फोटो : सोशल मीडिया
देश के सार्वजनिक प्रसारक- प्रसार भारती के अध्यक्ष की नियुक्ति और चयन के लिए उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने शुक्रवार को बैठक की अध्यक्षता की। फरवरी 2020 में ए सूर्य प्रकाश का कार्यकाल पूरा हो गया था। इसी समय से प्रसार भारती अध्यक्ष का पद खाली है। बैठक में प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया (PCI) की अध्यक्ष न्यायमूर्ति रंजना देसाई (सेवानिवृत्त) और सूचना एवं प्रसारण सचिव संजय जाजू ने भी भाग लिया। प्रसार भारती के अध्यक्ष पद का कार्यकाल तीन वर्ष या व्यक्ति के 70 वर्ष की आयु के होने तक का होता है।

गौरतलब है कि उपराष्ट्रपति राज्यसभा के सभापति भी होते हैं। प्रसार भारती का अध्यक्ष चुनने के लिए बने चयन पैनल के प्रमुख भी उपराष्ट्रपति ही होते हैं। इस तीन सदस्यीय पैनल में भारतीय प्रेस परिषद के अध्यक्ष और राष्ट्रपति की तरफ से नामित व्यक्ति भी शामिल होते हैं।

रेल मंत्री वैष्णव से केरल पर विशेष ध्यान देने की अपील; सीपीआई सांसद ने लिखा पत्र

भाकपा के राज्यसभा सांसद बिनॉय विश्वम (फाइल) - फोटो : एएनआई (फाइल)
सीपीआई के राज्यसभा सांसद बिनॉय विश्वम ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखा है। विश्वम ने केरल में रेलवे के बुनियादी ढांचे के तेजी से विकास के लिए हस्तक्षेप करने का आग्रह किया है। उन्होंने त्रिवेन्द्रम के लिए वंदे भारत ट्रेन सुनिश्चित करने की अपील भी की। साथ ही उन्होंने अच्छी गुणवत्ता वाली अधिक ट्रेनों और कोचों का आवंटन करने की भी अपील की। सीपीआई सांसद ने क्षेत्र के समग्र विकास के लिए उच्च गुणवत्ता वाली स्पीड कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने का आह्वान भी किया। उन्होंने इसके लिए अधिक परियोजनाओं की सौगात देने की अपील भी की।

हैदराबाद में राष्ट्रपति का गर्मजोशी से स्वागत; राज्यपाल और सीएम रेवंत रेड्डी रहे मौजूद

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (फाइल) - फोटो : social media
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हैदराबाद पहुंचने पर राज्यपाल तमिलिसाई सुंदरराजन और मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) से जारी बयान के मुताबिक राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगमन पर उनका रेड कारपेट वेलकम किया गया।

अवैध खनन मामले में BRS नेता की गिरफ्तारी

तेलंगाना के संगारेड्डी में पुलिस ने अवैध खनन मामले में बीआरएस पार्टी के नेता गुडेम मधुसूदन रेड्डी को गिरफ्तार किया। इस मामले में पथानचेरू एसएचओ की तरफ से कार्रवाई कई गई। पुलिस ने कार्रवाई के संबंध में फिलहाल अधिक विवरण जारी नहीं किए हैं।
 

रेलवे में अब तक का सर्वश्रेष्ठ माल ढुलाई व्यवसाय; राजस्व सृजन और ट्रैक बिछाने में भी नए कीर्तिमान

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव (फाइल) - फोटो : x.com
रेलवे में अब तक सर्वश्रेष्ठ माल ढुलाई व्यवसाय हुआ है। राजस्व सृजन और ट्रैक बिछाने के मामले में भी नए कीर्तिमान बने हैं। शुक्रवार को सरकार ने कहा, रेलवे वित्तीय वर्ष 2023-24 में माल लदान, समग्र राजस्व संग्रह और ट्रैक बिछाने के मामले में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दर्ज करने की राह पर है। रेल मंत्रालय के प्रारंभिक आंकड़ों के मुताबिक 15 मार्च, 2024 को रेलवे ने 1500 मीट्रिक टन की मूल माल ढुलाई को पार कर लिया है। वित्त वर्ष 2022-23 के दौरान 1512 मीट्रिक टन माल ढुलाई हुई। यह अब तक की सबसे अच्छी माल ढुलाई थी। रेल मंत्रालय ने कहा, इस वित्तीय वर्ष में 15 मार्च तक भारतीय रेलवे ने 5,100 किलोमीटर नई पटरियां बिछाने में सफलता पाई। आंकड़ों की तुलना से पता लगता है कि इस वित्तीय वर्ष में प्रतिदिन ट्रैक बिछाने का औसत 14 किमी से अधिक रहा।

एक साल में अर्जित कुल राजस्व में 17,000 करोड़ रुपये का उछाल
15 मार्च तक के आंकड़ों के मुताबिक वित्त वर्ष 2023-24 के दौरान, भारतीय रेलवे का कुल राजस्व 2.40 लाख करोड़ रुपये रही। पिछले साल 15 मार्च को, कुल राजस्व 2.23 लाख करोड़ रुपये दर्ज किया गया था। यानी एक साल में 17,000 करोड़ रुपये की वृद्धि दर्ज की गई।

सूरज चव्हाण के खिलाफ ED ने दाखिल की चार्जशीट

राजस्थान में ईडी की रेड। - फोटो : social media
प्रवर्तन निदेशालय ने शिवसेना(यूबीटी) नेता सूरज चव्हाण के खिलाफ खिचड़ी घोटाला मामले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में चार्जशीट दाखिल की है। हालांकि विशेष न्यायाधीश एमजी देशपांडे के सामने दाखिल आरोप पत्र का विवरण अभी नहीं दिया गया है। चव्हाण को इस साल 17 जनवरी को गिरफ्तार किया गया था और वह फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं।

मनी लॉन्ड्रिंग का यह मामला मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) की एक एफआईआर से उपजा है। जांच एजेंसी के अनुसार, बृहन्मुंबई नगर निगम ने महामारी के दौरान प्रवासियों के बीच 'खिचड़ी' (चावल, दाल और सब्जियों से युक्त एक पॉट डिश) पैकेट के वितरण के लिए फोर्स वन मल्टी सर्विसेज के बैंक खाते में 8.64 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए गए थे

'गोवा सरकार की इमारत में मिला खजाना'

गोवा में पुर्तगाली युग की एक इमारत में रखे एक मजबूत बक्से को खोलने पर सोने के टुकड़े, तांबे के सिक्कों समेत अत्यधिक कीमती कई वस्तुएं मिली हैं। मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने शुक्रवार को इसके बारे में जानकारी दी।  उन्होंने कहा, 1961 में गोवा के आजाद होने के बाद पणजी में इसे दूसरी बार खोला गया था। लेखा निदेशालय भवन में रखे स्ट्रॉन्गबॉक्स को राज्य सरकार की ओर से नियुक्त समिति की उपस्थिति में बॉक्स खोला गया।

सीएम ने कहा, हमें 2.23 किलोग्राम वजन के सोने के टुकड़े, 5,000 प्राचीन सिक्के, 3.15 किलोग्राम वजन वाले 307 तांबे के सिक्के मिले। इसका अलावा अरबी में शिलालेख वाले 4.78 किलोग्राम वजन वाले 814 सिक्के, महारानी विक्टोरिया लिखे हुए 786 तांबे के सिक्के, घरेलू सामान भी मिला। उन्होंने कहा, गोवा की मुक्ति के बाद यह दूसरी बार है जब स्ट्रांगबॉक्स खोला गया है। इसे आखिरी बार 1991 में खोला गया था।

सीजीएसटी के सहायक आयुक्त, इंस्पेक्टर 1.5 लाख की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार

सीबीआई(सांकेतिक) - फोटो : Social media
केंद्रीय जांच एजेंसी (सीबीआई) ने नवी मुंबई के बेलापुर में केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर और केंद्रीय उत्पाद शुल्क इकाई के एक सहायक आयुक्त और एक इंस्पेक्ट को कथित तौर पर 1.5 लाख रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

केंद्रीय जांच एजेंसी ने एक बयान में कहा कि एक ट्रांसपोर्ट कंपनी के साझेदार को सर्विस टैक्स से संबंधित कारण बताओ नोटिस मिला था। आरोपी सहायक आयुक्त ने मामले को निपटाने के लिए उससे 6 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। हालांकि, पीड़ित के आग्रह पर रिश्वत की रकम घटाकर 1.50 लाख रुपये कर दी गई।

इस मामले में शिकायतकर्ता ट्रांसपोर्ट कंपनी के साझेदार को रिश्वत की रकम सीजीएसटी इंस्पेक्टर को देने के लिए कहा गया था। सीबीआई ने जाल बिछाकर सीएसजीएसटी इंस्पेक्टर को रिश्वत लेते धर दबोचा। इसके बाद सहायक आयुक्त को भी गिरफ्तार कर लिया गया। बयान में कहा गया है कि आरोपियों के आवासीय और आधिकारिक परिसरों की तलाशी भी ली गई।

1.46 करोड़ रुपये ठगने वाले आरोपी गिरफ्तार

मुंबई के एक व्यक्ति और उसके रिश्तेदार से 1.46 करोड़ रुपये ठगने के आरोप में पश्चिम बंगाल से सात लोग गिरफ्तार किए गए हैं। पुलिस अधिकारी ने इस बारे में जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि सिलीगुड़ी से पकड़े गए सातों लोगों ने चर्चगेट स्थित एक व्यक्ति के कार्ड और बैंक की जानकारी जुटाई थी। इसके अलावा, यूएसए में रहने वाली उसकी बेटी की कार का विवरण प्राप्त किया था और फिर 1.46 करोड़ रुपये का ऑनलाइन लेनदेन किया था।  

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रेयान शाहदास (22), अरुणभा हलदर (22), रितम मंडल (23), तमोजीत सरकार (22), राजीब शेख (24), सुजॉय नस्कर (23) और रोहित बैद्य (23) के रूप में हुई है।
 
साइबर अपराध सेल के अधिकारी ने कहा कि आरोपियों पर आईपीसी और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम प्रावधानों के तहत धोखाधड़ी और अन्य अपराधों के लिए मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि आगे की जांच के लिए ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई लाया गया है।

नेपाल के पूर्व उपराष्ट्रपति का बेटा सोना तस्करी मामले में गिरफ्तार
सोने की तस्करी के घोटाले के सिलसिले में नेपाल पुलिस ने शुक्रवार को पूर्व उपराष्ट्रपति नंद बहादुर पुन के बेटे दीपेश पुन को गिरफ्तार कर लिया।

सीआईबी ने पिछले साल सितंबर में 60.716 किलोग्राम सोने की तस्करी के संबंध में दीपेश पुन से पूछताछ की थी। इसे जुलाई 2023 में काठमांडो में त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के सीमा शुल्क कार्यालय की ओर से बिना जांच जारी किया गया था और बाद में इसे जब्त कर लिया गया था। पुलिस प्रवक्ता भीम प्रसाद ढकाल के अनुसार, नेपाल पुलिस की एक विशेष टीम ने दीपेश पुन को काठमांडो के बाहरी इलाके धापसी स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया। दीपेश सत्तारूढ़ नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी की छात्र शाखा ऑल नेपाल नेशनल फ्री स्टूडेंट्स यूनियन (रिवोल्यूशनरी) के महासचिव हैं। उनके सोना तस्करी मामले के मुख्य संदिग्ध दावा छिरिंग के साथ घनिष्ठ संबंध हैं। छिरिंग वर्तमान में जांच के उद्देश्य से हिरासत में है। दीपेश सूर्यदर्शन बचत और क्रेडिट सहकारी समितियों में धन के गबन में भी शामिल था।
विज्ञापन

कोलकाता में देश की पहली अंडरवाटर मेट्रो ट्रेन आम जनता के लिए शुरू हुई
देश की पहली अंडरवाटर मेट्रो ट्रेन का आम जनता के लिए परिचालन शुक्रवार को कोलकाता में शुरू हो गया। एक ट्रेन सुबह सात बजे कोलकाता के ईस्ट-वेस्ट मेट्रो कॉरिडोर पर हावड़ा मैदान स्टेशन से चली, जबकि दूसरी ट्रेन उसी समय एस्प्लेनेड स्टेशन से चली। यहां स्टेशन पर कुछ यात्रियों ने ट्रेन में चढ़ते ही ‘जय श्री राम’ और ‘ये मोदी की गांरटी है’ के नारे लगाए। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी न्ै छह मार्च को कोलकाता मेट्रो के ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर के हावड़ा मैदान-एस्प्लेनेड खंड का उद्घाटन किया था। यह भारत में पानी के नीचे मेट्रो सेवाओं की शुरुआत थी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें