वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी हरगोबिंदर सिंह धालीवाल ने सोमवार को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के नए पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) के रूप में पदभार ग्रहण किया।
1997 बैच के अधिकारी धालीवाल अपने अंतिम कार्यभार में ट्रैफिक जोन- II के प्रभारी विशेष पुलिस आयुक्त थे। मीडिया से बात करते हुए धालीवाल ने बताया, ‘मेरा प्राथमिक काम अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के लोगों की सेवा करना और युवा पीढ़ी को राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करना होगा।’
त्रिपुरा में मंदिर की मूर्ति खंडित करने पर उपद्रवियों ने 12 घर फूंके
पश्चिमी त्रिपुरा के रानीरबाजार इलाके में एक मंदिर की मूर्ति खंडित पाए जाने पर उपद्रवियों ने 12 घरों को फूंक दिया और कुछ वाहनों में आग लगा दी। कैतुरबाड़ी में रविवार देर रात हुई इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव फैल गया।
एक अधिकारी ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन ने जिरानिया उपखंड में निषेधाज्ञा लागू कर दी है। सहायक महानिरीक्षक (कानून एवं व्यवस्था) अनंत दास ने बताया कि कैतुरबाड़ी के मंदिर में कालिका मैया की मूर्ति खंडित पाए जाने बाद हुई इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस महानिदेशक (खुफिया) अनुराग धनखड़ और पश्चिमी त्रिपुरा के पुलिस अधीक्षक किरण कुमार ने क्षेत्र का दौरा किया है।