केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सभी हवाई अड्डों के अधिकारियों को ‘मंकीपॉक्स’ के चलते अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के प्रति सतर्क रहने को कहा है। इसके अलावा बांग्लादेश और पाकिस्तान की सीमाओं के पास स्थित भूमि बंदरगाहों के अधिकारियों को भी ऐसे ही निर्देश दिए गए हैं। आधिकारिक सूत्रों ने रविवार को यह जानकारी दी। मंत्रालय ने मंकीपॉक्स से पीड़ित किसी भी रोगी के पृथकवास, प्रबंधन और उपचार के लिए राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में तीन केंद्र संचालित अस्पतालों (राम मनोहर लोहिया अस्पताल, सफदरजंग अस्पताल और लेडी हार्डिंग अस्पताल) को नोडल केंद्रों के रूप में चिह्नित किया है। सूत्रों ने बताया कि सभी राज्य सरकारों को अपने यहां ऐसे चिह्नित अस्पतालों की पहचान करने को कहा गया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रधान सचिव पी के मिश्रा ने रविवार को एक उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में त्वरित पहचान के लिए निगरानी बढ़ाए जाने के बीच मंकीपॉक्स को लेकर देश की तैयारियों की समीक्षा की गई।
येचुरी को आईसीयू में भर्ती कराया गया
सीपीआई(एम) महासचिव सीताराम येचुरी दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती कराए गए हैं। बताया गया है कि उन्हें पहले इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया था और इसके बाद आईसीयू में भर्ती कराया गया।
तीन दिवसीय दौरे पर भारत पहुंचे मलेशिया के पीएम
मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर बिन इब्राहिम भारत की तीन दिवसीय यात्रा पर दिल्ली पहुंच चुके हैं। गृह राज्य मंत्री वी. सोमन्ना ने मलेशिया के पीएम का स्वागत किया।
महाराष्ट्र: सायन अस्पताल में महिला डॉक्टर से मारपीट के मामले में दो गिरफ्तार
महाराष्ट्र में मुंबई के सायन अस्पताल में एक महिला रेजिडेंट डॉक्टर के साथ मारपीट के मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। रविवार की सुबह एक मरीज और उसके रिश्तेदारों ने कथित रूप से महिला रेजीडेंट डॉक्टर को पीटा। आरोप है कि ये सभी लोग शराब के नशे में धुत थे। सायन अस्पताल के डॉक्टरों ने इस बारे में जानकारी दी। बता दें कि हाल ही में कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में एक प्रशिक्षु महिला डॉक्टर के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या की गई। इस घटना से पूरे देश में हड़कंप मच गया था।
अभिषेक मनु सिंघवी ने कांग्रेस के राज्यसभा उम्मीदवार के तौर पर नामांकन दाखिल किया
अभिषेक मनु सिंघवी ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी की उपस्थिति में कांग्रेस के राज्यसभा उम्मीदवार के तौर पर नामांकन दाखिल किया। राज्यसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस के विधायक दल ने सिंघवी की उम्मीदवारी का समर्थन किया।
केरल हाई कोर्ट के पूर्व मुख्य कार्यवाहक न्यायाधीश का निधन
केरल हाई कोर्ट के पूर्व कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश वीपी मोहन कुमार का रविवार को निधन हो गया। उनके परिवार के सूत्रों ने यह जानकारी दी। वह 2002 में केरल हाई कोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। इसके बाद उन्हें राज्य मानवाधिकार आयोग का सदस्य नियुक्त किया गया था। वह 1994 से लेकर 2001 तक कर्नाटक हाई कोर्ट के न्यायाधीश भी रहे।
राकेश पाल को दी जा रही अंतिम श्रद्धांजलि
भारतीय तटरक्षक बल के प्रमुख राकेश पाल का पार्थिव शरीर दिल्ली लाया गया, राकेश पाल का कल चेन्नई में हार्ट अटैक से निधन हो गया था; उन्हें बरार स्क्वायर पर अंतिम श्रद्धांजलि दी जा रही है।
AIMIM की प्रेस कॉन्फ्रेंस में हाथापाई और गाली-गलौज
मुंबई में एआईएमआईएम महाराष्ट्र प्रमुख इम्तियाज जलील की प्रेस कॉन्फ्रेंस में हाथापाई और गाली-गलौज हुई। फैयाज अहमद खान की जगह रईस लश्करिया को मुंबई एआईएमआईएम प्रमुख बनाए जाने के बाद शुरू हुआ विवाद और फैयाज अहमद खान के समर्थकों ने अपना विरोध दर्ज कराया।
अंतिम यात्रा पर राकेश पाल
भारतीय तटरक्षक बल के प्रमुख राकेश पाल का अंतिम संस्कार दिल्ली के बरार स्क्वायर में किया जा रहा है। राकेश पाल का कल चेन्नई में हार्ट अटैक से निधन हो गया था।
एक महीने के भीतर जारी होगा डाटा सुरक्षा नियमों का मसौदा- वैष्णव
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोमवार को कहा कि सरकार एक महीने के भीतर डिजिटल व्यक्तिगत डेटा संरक्षण अधिनियम के तहत नियमों का मसौदा जारी कर सकती है। मंत्री ने कहा कि सरकार ने सबसे पहले अधिनियम के डिजिटल क्रियान्वयन पर काम किया है और फिर उसके अनुसार नियम बनाए हैं। अश्विनी वैष्णव ने यहां पत्रकारों से कहा, प्रारूप तैयार है और परामर्श के लिए मसौदा नियम एक महीने के भीतर जारी किए जाने की उम्मीद है। मंत्री ने कहा कि नियमों के अंतिम मसौदे की पिछले सप्ताह समीक्षा की गई थी।
पीएम ने दी त्रिपुरा के पूर्व महाराजा बीर बिक्रम माणिक्य को श्रद्धांजलि
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने त्रिपुरा के महाराजा बीर बिक्रम किशोर माणिक्य बहादुर को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि दी। उन्हें आधुनिक त्रिपुरा के निर्माता कहा जाता है। पीएम ने सोमवार को अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, मैं महान महाराजा बीर बिक्रम किशोर माणिक्य बहादुर को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। उन्होंने त्रिपुरा के विकास में एक अमिट भूमिका निभाई। पीएम मोदी ने आगे लिखा, उन्होंने अपना जीवन गरीबों और दलितों को सशक्त बनाने के लिए समर्पित कर दिया। उनके आदिवासी समुदायों के लिए किए गए कल्याणकारी कामों बड़े स्तर पर सम्मान होता है। पीएम ने कहा कि हमारी सरकार त्रिपुरा की प्रगति के उनके विजन को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
23 अगस्त को यूक्रेन का दौरा करेंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 और 22 अगस्त को पोलैंड की आधिकारिक यात्रा पर जाएंगे। यह एक ऐतिहासिक यात्रा है, क्योंकि भारत के प्रधानमंत्री 45 वर्षों के बाद पोलैंड की यात्रा कर रहे हैं: तन्मय लाल, सचिव (पश्चिम)
इस दौरे के बाद पीएम मोदी 23 अगस्त को यूक्रेन का भी दौरा करेंगे।
पीएम मोदी के दौरे पर जेलेंस्की के कार्यालय का बयान
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की के कार्यालय ने बयान जारी किया - 23 अगस्त को यूक्रेन के राष्ट्रीय ध्वज दिवस पर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यूक्रेन की आधिकारिक यात्रा पर आएंगे। यह हमारे द्विपक्षीय संबंधों के इतिहास में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यूक्रेन की पहली यात्रा है। इस यात्रा के दौरान, विशेष रूप से, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की के साथ द्विपक्षीय और बहुपक्षीय सहयोग के मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। यह भी उम्मीद है कि यूक्रेन और भारत के बीच कई दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए जाएंगे।
रक्षा राज्य मंत्री ने राकेश पाल को दी अंतिम श्रद्धांजलि
रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने दिल्ली के बरार स्क्वायर में भारतीय तटरक्षक बल के महानिदेशक राकेश पाल को अंतिम श्रद्धांजलि दी।
रक्षा मंत्री ने राकेश पाल को अर्पित की श्रद्धांजलि
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भारतीय तटरक्षक बल के महानिदेशक राकेश पाल को नई दिल्ली स्थित उनके आवास पर श्रद्धांजलि अर्पित की।
जापानी विदेश मंत्री और रक्षा मंत्री से मिले पीएम मोदी
पीएम मोदी ने ट्वीट कर दी जानकारी, तीसरी भारत-जापान 2+2 विदेश और रक्षा मंत्रिस्तरीय बैठक से पहले जापानी विदेश मंत्री योको कामिकावा और रक्षा मंत्री मिनोरू किहारा से मिलकर बहुत खुशी हुई। भारत-जापान रक्षा और सुरक्षा संबंधों में हुई प्रगति का जायजा लिया। भारत-प्रशांत और उससे आगे शांति, स्थिरता और समृद्धि को बढ़ावा देने में भारत-जापान साझेदारी की भूमिका की पुष्टि की।
पीएम से नेपाल की विदेश मंत्री ने की मुलाकात
पीएम मोदी ने नेपाल की विदेश मंत्री आरजू राणा देउबा से मुलाकात की और ट्वीट कर लिखा नेपाल की विदेश मंत्री आरजू राणा देउबा का स्वागत करते हुए प्रसन्नता हो रही है। भारत और नेपाल के बीच घनिष्ठ सभ्यतागत संबंध और प्रगतिशील और बहुआयामी साझेदारी है। हमारी विकास साझेदारी में निरंतर गति की आशा है।
गुजरात: सूरत में मॉल पुलिस ने ली तलाशी
गुजरात के सूरत में एक मॉल को धमकी भरा खत मिला है। सूरत के पुलिस उपायुक्त राकेश बारोट ने बताया कि सोमवार दोपहर करीब तीन बजे मॉल को धमकी मिली। डॉग स्क्वॉयड की टीम, पुलिस टीम और एसओजी की टीम ने मॉल की जांच की है।