तमिलनाडु की एक पटाखा फैक्ट्री में धमाका, दो की गई जान
तमिलनाडु के विरुधुनगर जिले के शिवकाशी के पास एक पटाखे की फैक्ट्री में विस्फोट हो गया। इससे दो लोगों की जान चली गई। वहीं दो अन्य घायल हो गए। दमकल कर्मचारियों ने बताया कि घायलों को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कतर एयरवेज के एक विमान को दृश्यता कम होने के कारण बंगलूरू किया डायवर्ट
देशभर में जमकर भारी बारिश हो रही है। इस बीच, मनोहर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (एमआईए) पर कम दृश्यता के चलते मंगलवार तड़के दोहा से गोवा आ रही कतर एयरवेज की एक उड़ान को बंगलूरू लाया गया।
गोवा में सोमवार को भारी बारिश हुई। एमआईए के एक अधिकारी ने बताया कि कतर एयरवेज के विमान (क्यूआर 522) को उत्तरी गोवा के मोपा स्थित मनोहर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर देर रात एक बजकर 50 मिनट पर खराब दृश्यता के कारण उतरने की मंजूरी नहीं मिल सकी। दोहा से आया विमान करीब 15-20 मिनट तक हवाई अड्डे के ऊपर उड़ान भरता रहा और बाद में इसे कर्नाटक के बंगलूरू के केंपेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की ओर मोड़ दिया गया।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मंगलवार को 'रेड अलर्ट' जारी किया है, जिसमें कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। मंगलवार को उत्तरी गोवा और दक्षिण गोवा जिलों में तेज हवाओं के साथ कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है।
राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने कोच्चि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक केन्याई नागरिक को 13 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के नशीले पदार्थों की तस्करी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी को सोमवार को गिरफ्तार किया गया, जब उसके मलाशय में लगभग 200 ग्राम कोकीन कैप्सूल मिले। उसके चेक-इन बैगेज में शराब की बोतल से लगभग 1,100 ग्राम तरल रूप में कोकीन भी बरामद की गई। उन्होंने कहा कि यह पहली बार है जब केरल में तरल रूप में कोकीन जब्त की गई है। जब्त किए गए नशीले पदार्थों का बाजार मूल्य 13 करोड़ रुपये से अधिक है, जो डीआरआई के लिए एक महत्वपूर्ण जब्ती है। विदेशी नागरिक को मंगलवार को रिमांड के लिए मजिस्ट्रेट के सामने पेश किए जाने की उम्मीद है।