फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स

Mumbai Rains: मुंबई में बारिश ने जनजीवन को किया अस्त-व्यस्त, आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मायानगरी का मौसम?

स्पेशल डेस्क, अमर उजाला Published by: शिवेंद्र तिवारी Updated Tue, 09 Jul 2024 06:11 PM IST

सार

Mumbai Rains: सोमवार की सुबह मुंबई के कई इलाकों में 300 मिमी से अधिक वर्षा दर्ज की गई। 2019 के बाद से महानगर में एक दिन में सबसे अधिक बारिश है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने भारी बारिश के बीच मंगलवार को शहर के लिए हाई टाइड अलर्ट जारी किया है। 
विज्ञापन
विज्ञापन
बीते 24 घंटे के दौरान मुंबई में बारिश - फोटो : AMAR UJALA
बीते 24 घंटे के दौरान महाराष्ट्र समेत नौ राज्यों में मूसलाधार बारिश हुई है। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में बदरा जमकर बरसे हैं। मुंबई में सोमवार सुबह 7 बजे से पहले के छह घंटों में 300 एमएम बारिश दर्ज की गई, जिससे मायानगरी थम गई। भारी बारिश के चलते मुंबई हवाईअड्डे पर दृश्यता कम होने की वजह से कई उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। मुंबई की जान कही जाने वाली लोकल ट्रेनों की आवाजाही बाधित हुई। स्कूल और कॉलेजों को बंद करना पड़ा।

आइये जानते हैं मुंबई में कैसी बारिश हो रही है? शहर में भारी वर्षा की वजह क्या है? महानगर में भारी वर्षा का क्या असर हुआ है? आगे आने वाले दिनों में यहां मौसम कैसे रहेगा? 
विज्ञापन

बीते 24 घंटे के दौरान मुंबई में बारिश - फोटो : AMAR UJALA
बीते 24 घंटे के दौरान महाराष्ट्र समेत नौ राज्यों में मूसलाधार बारिश हुई है। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में बदरा जमकर बरसे हैं। मुंबई में सोमवार सुबह 7 बजे से पहले के छह घंटों में 300 एमएम बारिश दर्ज की गई, जिससे मायानगरी थम गई। भारी बारिश के चलते मुंबई हवाईअड्डे पर दृश्यता कम होने की वजह से कई उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। मुंबई की जान कही जाने वाली लोकल ट्रेनों की आवाजाही बाधित हुई। स्कूल और कॉलेजों को बंद करना पड़ा।

आइये जानते हैं मुंबई में कैसी बारिश हो रही है? शहर में भारी वर्षा की वजह क्या है? महानगर में भारी वर्षा का क्या असर हुआ है? आगे आने वाले दिनों में यहां मौसम कैसे रहेगा? 

मुंबई में बारिश - फोटो : PTI
मुंबई में कैसी बारिश हो रही है?
रविवार और सोमवार की मध्य रात्रि में मुंबई में भारी बारिश हुई। सोमवार की सुबह शहर के कई इलाकों में 300 मिमी से अधिक वर्षा दर्ज की गई। 2019 के बाद से महानगर में एक दिन में सबसे अधिक बारिश है। सोमवार सुबह तक पिछले 24 घंटों में दर्ज की गई कुल 268 मिमी बारिश में से 210 मिमी वर्षा महज दो घंटों के भीतर दर्ज की गई।

बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के आंकड़ों के मुताबिक, मुंबई के पूर्वी उपनगरों में रात एक बजे से सुबह सात बजे के बीच सबसे भारी बारिश दर्ज की गई। बीएमसी के स्वचालित मौसम प्रणाली (एडब्ल्यूएस) ने विक्रोली में सबसे ज्यादा 315.6 मिमी बारिश दर्ज की। इसके बाद पवई में 314.5 मिमी, अंधेरी ईस्ट (292 मिमी), चकला, (272 मिमी) और आरे (259 मिमी) में वर्षा हुई।

वहीं आईएमडी ने बताया कि सांताक्रूज रिकॉर्डिंग स्टेशन ने 268 मिमी, जबकि कोलाबा केंद्र ने रविवार और सोमवार की सुबह के बीच केवल 84 मिमी बारिश दर्ज की। इस तरह से 2 जुलाई को उपनगरों में 24 घंटे के भीतर 375.2 मिमी बारिश दर्ज की गई थी।

मुंबई में कई इलाकों में भारी बारिश - फोटो : PTI
शहर में भारी वर्षा की वजह क्या है? 
आईएमडी के वैज्ञानिकों ने भारी बारिश का कारण आधी रात के आसपास 'समुद्री उतार' के मजबूत होना बताया है। मानसून के मौसम के दौरान भारत के पश्चिमी तट पर कम दबाव का एक उथला उतार देखा जाता है। इसे ऑफ-शोर ट्रफ' या समुद्री उतार के रूप में जाना जाता है।

वैज्ञानिकों के अनुसार, उत्तरी गुजरात और केरल तट के पास समुद्री उतार जो पहले कमजोर था आधी रात के आसपास उत्तरी कोंकण के पास मजबूत हो गया, जिससे भारी बारिश हुई। 

मुंबई में भारी बारिश के कारण पटरियों पर पानी भरा - फोटो : PTI
आगे कैसा रहेगा मुंबई का मौसम?
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने भारी बारिश के बीच मंगलवार (9 जुलाई) को मुंबई के लिए हाई टाइड अलर्ट जारी किया है। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र की चेतावनी के बाद, कई जिलों के स्कूलों को 9 जुलाई को बंद रहने का निर्देश दिया गया है। IMD ने मंगलवार को शहर के लिए 'रेड' अलर्ट जारी किया है। 

आईएमडी ने 12 जुलाई तक मुंबई में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा का अनुमान लगाया है। मौसम एजेंसी ने 12 जुलाई तक महाराष्ट्र के विभिन्न जिलों में भारी से मध्यम वर्षा की भविष्यवाणी की है। मुंबई के विभिन्न इलाकों में आगामी सात दिनों में बारिश का पूर्वानुमान है। बोरीवली में 9 और 10 जुलाई को सामान्यतः बादल छाए रहेंगे और मध्यम वर्षा होगी। 11, 12 और 13 जुलाई को इलाके में सामान्यतः बादल छाए रहेंगे और भारी वर्षा होगी। इसके बाद 14 और 15 जुलाई को वर्षा होने का अनुमान है।

चेंबूर में 9, 12 और 13 जुलाई को आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और भारी बारिश होगी। 10 और 11 जुलाई को आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और मध्यम बारिश होगी। वहीं 14 और 15 जुलाई को बारिश होने का अनुमान है। 

कोलाबा के लिए पूर्वानुमान कहता है 9, 11 और 12 जुलाई को भारी बारिश के साथ आमतौर पर बादल छाए रहेंगे। 10-जुलाई को मध्यम बारिश के साथ आमतौर पर बादल छाए रहने का अनुमान है। 13-जुलाई को सुबह के समय आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, शाम या रात को आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और आंधी के साथ बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है। वहीं 14 और 15 जुलाई को इलाके में बारिश होने का अनुमान है। 

मुलुंद और पोवई में 9, 12 और 13 जुलाई को भारी बारिश के साथ सामान्यतः बादल छाए रहने का अनुमान है। 10 और 11 जुलाई को यहां मध्यम बारिश के साथ सामान्यतः बादल छाए रहेंगे। आईएमडी के अनुसार, 14 और 15 जुलाई को बारिश होने का अनुमान है। 

सांताक्रूज में 9 और 10 जुलाई को सामान्यतः बादल छाए रहेंगे और मध्यम वर्षा होगी। 11, 12 और 13 जुलाई को सामान्यतः बादल छाए रहेंगे और भारी वर्षा होगी। वहीं 14 और 15 जुलाई को इलाके में बारिश होने का पूर्वानुमान है। 

वर्ली में 9, 10 और 11-जुलाई को आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और मध्यम बारिश होना का अनुमान जताया गया है। 12 और 13 जुलाई को यहां सामान्यतः बादल छाए रहेंगे और भारी बारिश होगी। आईएमडी के अनुसार, 14 और 15 जुलाई को बारिश होने का अनुमान है।

बारिश से सड़कें डूबीं - फोटो : PTI
भारी बारिश का असर क्या हुआ?
शहर में रिकॉर्ड बारिश से सड़कों और निचले इलाकों में पानी भर गया है। भारी बारिश के कारण मायानगरी में जन-जीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। अधिकारियों ने जानकारी दी है कि शहर में 40 जगह पेड़ 10 जगह दीवार गिरने की घटनाएं हुई हैं। शहर में शॉर्ट-सर्किट की 12 घटनाएं दर्ज की गईं, जिसमें सांताक्रूज ईस्ट में एक 72 साल की एक बुजुर्ग की जान चली गई।

बारिश की वजह से स्कूल-कॉलेजों में छुट्टी - फोटो : PTI
शिक्षण संस्थान बंद, मुंबई विश्विद्यालय की परीक्षाएं टलीं
महाराष्ट्र में भारी बारिश के कारण मंगलवार को मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है। मुंबई सहित कई जगहों पर बारिश की वजह से मंगलवार को स्कूल कॉलेजों में छुट्टी की गई है। अधिकारियों ने बताया कि यह निर्णय प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों के साथ-साथ जूनियर और सीनियर कॉलेजों पर भी लागू होता है। बृहन्मुंबई नगर निगम ने बंद के संबंध में अधिसूचना जारी की है।

उधर बारिश के लिए रेड अलर्ट के बीच मुंबई विश्वविद्यालय की परीक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, पुनर्निर्धारित परीक्षाओं के लिए नई तिथियां जल्द घोषित होंगी। 

मुंबई में बारिश - फोटो : PTI
जलभराव से रेल सेवाएं प्रभावित 
मुंबई और इसके आसपास के महानगरीय क्षेत्र में भारी बारिश के कारण पटरियों पर पानी भरने से मध्य रेलवे की हार्बर लाइन सेवाएं सोमवार रात को निलंबित कर दी गईं। सीआर के एक प्रवक्ता ने कहा कि वडाला स्टेशन पर जलभराव के कारण, वडाला और सीएसएमटी के बीच सेवाएं निलंबित कर दी गईं, जबकि मार्ग पर मानखुर्द और पनवेल के बीच ट्रेनें चालू हैं। भारी बारिश से हजारों यात्रियों को असुविधा हुई क्योंकि लोकल ट्रेनें घंटों पटरियों पर रुकी रहीं। मुंबई जाने वाली कई बाहरी ट्रेनें भी फंसी रहीं।

मुंबई में बारिश से हवाई सेवाओं पर भी असर - फोटो : PTI
हवाई सेवाओं पर भी असर
भारी बारिश के बाद दृश्यता कम होने के कारण मुंबई हवाई अड्डे पर उड़ान सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुईं। इसके कारण रनवे पर परिचालन एक घंटे से अधिक समय तक बंद रहा और लगभग 50 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। अधिकारियों ने बताया कि सुबह 11 बजे तक रद्द की गई 50 उड़ानों में से 42 इंडिगो की और छह एयर इंडिया की थीं। इनमें आगमन और प्रस्थान दोनों उड़ानें शामिल हैं।

फ्लाइटरडार24 की वेबसाइट के अनुसार, 8 जुलाई को मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 396 उड़ानें देरी से चलीं। इंडिगो ने भारी बारिश के कारण अपनी मुंबई उड़ानों में व्यवधान की सूचना दी। इसी तरह, स्पाइसजेट और विस्तारा ने भी यात्रियों को प्रतिकूल मौसम की स्थिति के कारण होने वाली संभावित व्यवधानों के बारे में आगाह किया। भारी बारिश के कारण मुंबई आने और जाने वाली उड़ानों में देरी, रद्द होने या डायवर्जन को देखते हुए कई एयरलाइनों ने एडवाइजरी जारी की है। यात्रियों को वैकल्पिक उड़ानें चुनने या पूरा रिफंड पाने के विकल्पों के बारे में बताया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next