मणिपुर में पिछले साल से हिंसा जारी है। राज्य से लेकर केंद्र सरकार तक इस जंग को शांत कराने की कोशिश कर रही है। इसके लिए लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। हिंसा में इस्तेमाल किए जा रहे हथियारों की बरामदगी के लिए एक मार्च से अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत भारतीय सुरक्षाबलों ने एक तलाशी अभियान चलाया और भारी मात्रा में हथियार बरामद किए।
असम राइफल्स ने एक गुप्त सूचना पर मोरेह के एलोरा होटल के सामान्य क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान सुरक्षाबलों ने आठ पिस्तौल, 10 देशी आईईडी, तीन हथगोले और गोला-बारूद जब्त किए। बरामद हथियार और गोला-बारूद पुलिस को सौंप दिए गए थे।
कैसे शुरू हुई हिंसा?
मैतेई समुदाय को अनुसूचित जनजाति (एसटी) का दर्जा दिए जाने की मांग के विरोध में तीन मई को पर्वतीय जिलों में ‘आदिवासी एकजुटता मार्च’ के आयोजन के बाद झड़पें शुरू हुई थीं। राज्य में तब से अब तक कम से कम 160 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। हिंसा में सैकड़ों लोगों की जान जा चुकी है और हजारों लोग विस्थापित हुए हैं।
तमिलनाडु में आग लगने की घटना में एक परिवार के तीन बच्चों की मौत
चेन्नई के निकट चेंगलपट्टू के एक मकान में संभवत: रसोई गैस गैस लीक होने की वजह से आग लगने के कारण एक परिवार के तीन बच्चों की मौत हो गई है। पुलिस ने शनिवार को बताया कि बच्चों की मां भी इस घटना में गंभीर रूप से झुलस गई है और उसका यहां किलपौक सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि आग संभवत: गैस लीक होने के कारण लगी। उन्होंने बताया कि बिहार से आए इस परिवार के पास एक गैस चूल्हा था जो जमीन पर रखा था और मकान में कोई खिड़की नहीं थी।
अधिकारी ने बताया कि महिला अपने तीनों बच्चों के साथ गुरुवार को चेंगलपट्टू रेलवे स्टेशन के निकट स्थित अपने पति के कार्यस्थल पर उससे मिलने गई थी और उसने वहां से लौटकर जैसे ही अपने मकान की लाइट जलाई, वहां आग लग गई। उन्होंने कहा कि पड़ोसी उनके चिल्लाने की आवाज सुनकर मदद के लिए दौड़े और चारों लोगों को चेंगलपट्टू सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया।
उन्होंने बताया कि बच्चों की शुक्रवार को मौत हो गई। बच्चों में से एक की आयु सात वर्ष और एक की आयु पांच वर्ष थी जबकि तीसरा बच्चा उनसे भी छोटा था। बच्चों की मां को चेंगलपट्टू सरकारी अस्पताल से किलपौक सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया है।
चेंगलपट्टू पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
NIA ने निजामाबाद PFI मामले में फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया
एनआईए ने आतंकवादी कृत्यों को अंजाम देने के लिए प्रतिबंधित संगठन द्वारा भारत विरोधी साजिश से जुड़े निजामाबाद पीएफआई मामले में एक फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। जिसकी गिरफ्तारी पर दो लाख रुपये का नकद इनाम रखा गया है। एनआईए के एक प्रवक्ता ने शनिवार को इसकी जानकारी दी। PFI के तेलंगाना उत्तर के राज्य सचिव अब्दुल सलीम इस मामले में गिरफ्तार होने वाले 15वें आरोपी हैं, मूल रूप से तेलंगाना पुलिस ने जुलाई 2022 में निजामाबाद पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया था और उसी साल अगस्त में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने इसे अपने कब्जे में ले लिया था।
राणा गोस्वामी असम के भाजपा उपाध्यक्ष नियुक्त
असम कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने वाले राणा गोस्वामी ने 29 फरवरी को भाजपा का दामन थामा था। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने भाजपा में उनका स्वागत किया था। साथ ही इसे पूर्वोत्तर राज्य में सत्तारूढ़ पार्टी के लिए एक महत्वपूर्ण दिन करार दिया। राणा गोस्वामी को असम राज्य भाजपा का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
मदरसा छात्र की पिटाई: महाराष्ट्र बाल अधिकार पैनल सुनवाई करेगा
महाराष्ट्र राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने पिछले महीने छत्रपति संभाजीनगर के एक मदरसे में कथित तौर पर घड़ी चुराने के आरोप में एक छात्र की पिटाई के मामले में स्वत: संज्ञान लिया है। शनिवार को जारी एक विज्ञप्ति में एमएससीपीसीआर की अध्यक्ष सुसीबेन शाह ने कहा कि बच्चों को इस तरह से पीटना क्रूर और अपमानजनक है। उन्होंने विज्ञप्ति में कहा कि हमने घटना का स्वत: संज्ञान लिया है। एसपी छत्रपति संभाजीनगर और अन्य संबंधित व्यक्तियों को आठ मार्च को मुंबई में मामले पर सुनवाई में शामिल होने के लिए कहा गया है।
गौरतलब है कि बच्चे पर पास की दुकान से 100 रुपये की घड़ी चुराने का आरोप था और छत्रपति सभाजीनगर के खुलताबाद स्थित मदरसे में एक मौलाना ने उसकी पिटाई की थी।
सुनेत्रा पवार ने की कांग्रेस दिग्गज अनंतराव थोपटे से मुलाकात
महाराष्ट्र डिप्टी सीएम अजित पवार की पत्नी और बारामती लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र की संभावित उम्मीदवार सुनेत्रा पवार ने कांग्रेस दिग्गज और शरद पवार के पूराने प्रतिद्वंदी अनंतराव थोपटे से मुलाकात की। उनकी इस मुलाकात ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी।
इस मुलाकात की जानकारी अनंतराव थोपटे के बेटे संग्राम थोपटे ने दी। हालांकि, उन्होंने बताया कि यह मुलाकात राजनीतिक नहीं था, बल्कि सुनेत्रा पवार केवल उनके पिता की हालचाल जानने के लिए आईं थी।
सुनेत्रा पवार ने अनंतराव थोपटे से शुक्रवार को भोर में उनके आवास पर मुलाकात की। ऐसी अटकलें है कि अजित पवार के नेतृत्व वाली राकांपा बारामती लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से सुप्रिया सुले के खिलाफ सुनेत्रा पवार को चुनावी मैदान में उतारेगी।
तमिलनाडु सरकार की बस पलटने से 30 लोग घायल
मरक्कनम से पुडुचेरी जा रही तमिलनाडु सरकार की बस पलट गई। इस हादसे में 30 लोग घायल हो गए। एक अधिकारी ने इस घटना की जानकारी देते हुए बताया कि बस चालक का वाहस से नियंत्रण हट गया था, जिस वजह से यह हादसा हुआ। घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया।
गुजरात के सीएम ने अयोध्या स्थित राम मंदिर में पूजा अर्चना की
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने अपने मंत्रिमंडल के सहयोगियों और विधानसभा अध्यक्ष शंकर चौधरी के साथ शनिवार को अयोध्या स्थित राम मंदिर में पूजा अर्चना की। मुख्यमंत्री के हवाले से जारी विज्ञप्ति में कहा गया कि राम मंदिर का निर्माण विशेष रूप से गुजराती समुदाय के लिए गर्व का अवसर है, क्योंकि पीएम मोदी, जो गुजरात से हैं, उन्होंने मंदिर का अभिषेक किया था।
रामलला के दर्शन अवर्णनीय- भूपेंद्र पटेल
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने मंदिर की अपनी यात्रा पर खुशी व्यक्त करते हुए अनुभव को अवर्णनीय बताया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दृढ़ता और प्रतिबद्धता ने मंदिर का उद्घाटन सुनिश्चित किया है। उन्होंने आगे कहा कि राज्य सरकार ने गुजरात से मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए यात्रा को आसान बनाने के लिए गुजरात यात्री भवन के निर्माण के लिए इस साल के बजट में 10 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं।
भारतीय नौसेना मिनिकॉय-लक्षद्वीप को आईएनएस जटायु के रूप में कमीशन करेगी
भारतीय नौसेना छह मार्च को नौसेना टुकड़ी मिनिकॉय-लक्षद्वीप को आईएनएस जटायु के रूप में कमीशन करेगी। इसे नौसेना स्टाफ के प्रमुख डमिरल आर हरि कुमार की उपस्थिति में किया जाएगा।
महाराष्ट्र के पनवेल में एक कंटेनर यार्ड से 3.95 करोड़ रुपये के सामान की हेराफेरी के आरोप में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ प्राथिमिकी दर्ज की है। तलोजा थाने के अधिकारी ने शनिवार को कहा, यह मामला जुलाई 2022 से जुलाई 2023 के बीच का है। चारों आरोपी एक कंपनी के गोदाम में काम करते थे। इन पर मोबाइल फोन एक्सेसरीज, अमोनियम क्लोराइड, बीज, जूते और कपड़े जैसे सामान की हेरफेर का आरोप है। उन्होंने कहा, यह सामान उस गोदाम में रखा गया था जहां वे काम करते थे और उन पर सीमा शुल्क का भुगतान भी नहीं किया गया था। आरोपियों में मयूरेश चस्कर, सुशील मंडल, शैलेश ठाकुर और महेश शिवाले शामिल हैं। अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
मेघालय में बीएसएफ-तस्करों के बीच झड़प; एक की मौत
मेघालय के पूर्वी खासी हिल्स जिले में भारत-बांग्लादेश सीमा के पास अर्धसैनिक बल पर भीड़ के हमले में एक तस्कर की मौत हो गई और तीन बीएसएफ कर्मियों सहित चार अन्य घायल हो गए। सीमा रक्षकों ने शनिवार को यह जानकारी दी। बीएसएफ ने बयान में कहा कि तस्करों द्वारा बीएसएफ पर पत्थरों, धारदार हथियारों और लकड़ी की छड़ों से हमला करने के बाद जवानों ने गोलीबारी की। जिसमें एक तस्करी की मौत हो गई। इस झड़प में बीएसएफ के तीन जवान और एक बांग्लादेशी तस्कर घायल हो गया। बीएसएफ ने कहा कि मेघालय से बांग्लादेश तक मवेशी, चीनी, प्याज, शराब और अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं की तस्करी की जाती है।
भारतीय नौसैनिक जहाज से हुआ लापता, सर्च अभियान जारी
27 फरवरी से नौसैनिक साहिल वर्मा के भारतीय नौसेना जहाज से समुद्र में लापता होने की सूचना मिली है। नौसेना ने जहाजों और विमानों के साथ बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया, जो अभी भी जारी है। पश्चिमी कमान के भारतीय नौसेना ने विस्तृत जांच रिपोर्ट के लिए एक नौसेना बोर्ड ऑफ इंक्वायरी का आदेश दिया है।