प्रतिष्ठित न्यू यॉर्क रेडियो अवार्ड्स ने साल 2023 के लिए स्टोरीटेलर्स गाला के विजेताओं की सूची जारी कर दी है। इस सूची में दिल्ली एनसीआर के एक प्रोडक्शन हाउस ने भी स्थान हासिल किया है। इस पुरस्कार के लिए दुनिया भर से 42 देशों ने अपनी प्रविष्ठियां दर्ज की थीं, भारत को भी 4 अवार्ड हासिल हुए हैं जिनमें से 2 दिल्ली एनसीआर स्थित प्रोडक्शन हाउस ‘भोंपूवाला’ को मिले हैं।
इन दो पॉडकास्ट को दिया गया अवार्ड
दिल्ली एनसीआर के भोंपूवाला क्रिएटिव सॉल्यूशंस द्वारा निर्मित पॉडकास्ट ‘भगत सिंह की जेल डायरी’ को ‘बेस्ट परफॉरमेंस बाई एन एक्टर’ कैटेगरी और ‘जज मी नॉट’ को ‘सोशल जस्टिस’ कैटेगरी में प्रतिष्ठित न्यूयॉर्क रेडियो फेस्टिवल अवार्ड दिया गया है।
भोंपूवाला प्रोडक्शन हाउस द्वारा बनाया गया पॉडकास्ट ‘भगत सिंह की जेल डायरी के एपिसोड मुझे फांसी न दी जाए को सिल्वर अवार्ड मिला है। ये पॉडकास्ट शहीद ए आजम भगत सिंह द्वारा उनके जेल में बिताए गए समय के दौरान लिखे गए कुछ पत्रों पर आधारित हैं। गौरतलब है कि‘बेस्ट परफॉर्मेंस बाई एन एक्टर’ की श्रेणी विश्व भर में केवल ‘भगत सिंह की जेल डायरी’ पॉडकास्ट को ही अवार्ड मिला. जिसे खुद भोंपूवाला के संस्थापक अभिषेक शर्मा ने प्रस्तुत किया है।
वहीं, दूसरी ओर ‘जज मी नॉट’ पॉडकास्ट, LGBTQAI+ समुदाय के लोगों पर आधारित एक ‘चैट शो’ है। इसमें LGBTQAI+ समुदाय के लोग अपनी समाज में स्वीकार्यता की जद्दोजहद की कहानियों को बताते हैं। पॉडकास्ट ‘जज मी नॉट के एपिसोड द फिनिक्स’ को ‘सोशल जस्टिस’ कैटेगरी में सिल्वर अवार्ड मिला है, जिसे इस पॉडकास्ट ने अल जज़ीरा, ब्लूमबर्ग और द वाशिंगटन पोस्ट जैसे बड़े मीडिया संस्थानों को पछाड़ते हुए हासिल किया है।
भोंपूवाला के संस्थापक ने जताई खुशी
इन दोनों पॉडकास्ट के प्रस्तुतकर्ता और भोंपूवाला के संस्थापक अभिषेक शर्मा ने ये सम्मान मिलने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि हमें बहुत खुशी हैं कि हम समाज के पूर्वाग्रह ग्रसित तबके के लिए कुछ कर पाए।
जानें न्यूयॉर्क रेडियो फेस्टिवल अवार्ड के बारे में
बता दें कि न्यूयॉर्क रेडियो फेस्टिवल अवार्ड विश्व भर में रेडियो का सबसे बड़ा पुरस्कार माना जाता है। इसी कारण उसे रेडियो का ऑस्कर भी कहा जाता है। हर साल इस अवॉर्ड के लिए दुनिया भर से कई देश अपनी प्रविष्ठियां भेजते हैं और इस साल भी 42 से भी अधिक देशों ने अपनी प्रविष्टियां भेजी थीं।
क्या है भोंपूवाला क्रिएटिव सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड
गौरतलब है कि भोंपूवाला क्रिएटिव सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड दिल्ली एनसीआर में स्थित एक ऑडियो विजुअल प्रोडक्शन स्टार्टअप है। इसे जेल रेडियो, मानसिक स्वास्थ्य आधारित प्रोग्राम, धर्म आधारित प्रोग्राम और देश भर में रेडियो ब्रांडस को सेवाएं देने के लिए जाना जाता है।