फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

'न्यूयॉर्क के यहूदी सुरक्षित नहीं': यूएन पहुंचे नेतन्याहू ने ममदानी पर बोला हमला, कहा- मुझे चुप नहीं करा सकते

Fri, 25 Sep 2026 02:30 AM IST
प्रशांत तिवारी वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला

सार

इस्राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी इस्राइल-विरोधी बयानबाजी और गाजा पर टिप्पणियों से न्यूयॉर्क के यहूदियों में असुरक्षा बढ़ी है।
विज्ञापन
बेंजामिन नेतन्याहू, प्रधानमंत्री, इस्राइल - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने गुरुवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा में न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी पर तीखा हमला बोला। नेतन्याहू ने आरोप लगाया कि इस्राइल की गाजा में सैन्य कार्रवाई को लेकर ममदानी ने झूठ फैलाया है और उनकी बयानबाजी की वजह से न्यूयॉर्क में रहने वाले यहूदियों के बीच असुरक्षा की भावना बढ़ी है। नेतन्याहू ने ममदानी को “न्यूयॉर्क का यहूदी-विरोधी मेयर” तक कह दिया।

विज्ञापन


UN के मंच से ममदानी पर सीधा निशाना
नेतन्याहू ने अपने भाषण का एक हिस्सा ममदानी को जवाब देने में लगाया। उन्होंने कहा, 'मिस्टर ममदानी, जब से आप इस शहर के मेयर चुने गए हैं, कई यहूदी अब न्यूयॉर्क में खुद को सुरक्षित महसूस नहीं करते। वे मुझसे बात करते हैं और कहते हैं कि यह वह शहर नहीं रहा, जिसे हम याद करते हैं। यह शहर इतनी तेजी से बदल गया।' यह बयान ऐसे समय आया है जब नेतन्याहू और न्यूयॉर्क के पहले मुस्लिम मेयर जोहरान ममदानी के बीच लंबे समय से सार्वजनिक तौर पर तीखी बयानबाजी चल रही है।

गाजा को लेकर ममदानी की मुखर आलोचना
ममदानी लंबे समय से गाजा में इस्राइल की सैन्य कार्रवाई के आलोचक रहे हैं। उन्होंने नेतन्याहू को “युद्ध अपराधी” कहा है और उन पर फिलिस्तीनी लोगों के खिलाफ “भयानक नरसंहार” की योजना बनाने का आरोप लगाया है। ममदानी का कहना है कि इस्राइल की नीतियों की आलोचना करना और फिलिस्तीनी अधिकारों की वकालत करना यहूदी-विरोधी नहीं है। वहीं, नेतन्याहू उनकी टिप्पणियों को यहूदियों की सुरक्षा से जोड़ रहे हैं।
विज्ञापन


ट्रंप से मुलाकात के बाद भी जारी रही तनातनी
ममदानी ने इसी सप्ताह न्यूयॉर्क में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात की थी। नेतन्याहू ने संयुक्त राष्ट्र में अपने भाषण के दौरान ट्रंप की इस्राइल को दिए जा रहे समर्थन के लिए जमकर तारीफ की।
उन्होंने कहा कि हमारे पास राष्ट्रपति ट्रंप से बड़ा कोई साझेदार नहीं रहा है। ममदानी के कार्यालय की ओर से नेतन्याहू के इस भाषण पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई।

नेतन्याहू को गिरफ्तार कराने की बात से शुरू हुआ विवाद
नेतन्याहू और ममदानी के बीच विवाद का एक बड़ा मुद्दा अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय यानी ICC का गिरफ्तारी वारंट भी रहा है। पिछले साल मेयर पद के चुनाव अभियान के दौरान ममदानी ने कहा था कि अगर नेतन्याहू न्यूयॉर्क आते हैं तो वह शहर की पुलिस को उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट लागू करने का निर्देश देंगे। हालांकि, बाद में ममदानी ने माना कि न्यूयॉर्क शहर के पास नेतन्याहू को गिरफ्तार करने का अधिकार नहीं है।

अब संघीय सरकार से गिरफ्तारी की मांग
इसके बाद ममदानी ने अमेरिकी संघीय सरकार से नेतन्याहू को गिरफ्तार करने की अपील की है। हालांकि, राष्ट्रपति ट्रंप साफ कर चुके हैं कि नेतन्याहू को गिरफ्तार नहीं किया जाएगा। नेतन्याहू ने संयुक्त राष्ट्र में ममदानी को इसी मुद्दे पर भी घेरा। उन्होंने कहा, 'मिस्टर ममदानी, आपने मुझे यहां आने से रोकने की कोशिश की। आपने मुझे चुप कराने की कोशिश की। लेकिन आप मुझे चुप नहीं करा सकते और न ही सच्चाई को।'

ये भी पढ़ें: 'गाजा में नरसंहार सदी का सबसे बड़ा झूठ': यूएन में नेतन्याहू का हुआ विरोध, भाषण से पहले कई प्रतिनिधि बाहर निकले
विज्ञापन


ममदानी और नेतन्याहू के बीच बढ़ता राजनीतिक टकराव
न्यूयॉर्क के मेयर और इस्राइल के प्रधानमंत्री के बीच यह टकराव अब सिर्फ गाजा और फिलिस्तीनी अधिकारों तक सीमित नहीं दिख रहा है। इसमें न्यूयॉर्क में यहूदी समुदाय की सुरक्षा, नेतन्याहू के खिलाफ ICC वारंट और अमेरिकी संघीय सरकार की भूमिका जैसे मुद्दे भी जुड़ गए हैं। ममदानी जहां फिलिस्तीनी अधिकारों पर अपनी स्थिति को लेकर कायम हैं, वहीं नेतन्याहू उनकी आलोचना को इस्राइल और न्यूयॉर्क के यहूदी समुदाय के लिए गंभीर मुद्दे के रूप में पेश कर रहे हैं।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें