2021 के अंत के साथ ही 2022 की शुरुआत भी हो गई है, लेकिन भारत के लिए यह नया साल एक दुखद खबर लेकर सामने आया। रात को जश्न मनाकर सोए लोगों को सुबह उठते ही खबर मिली कि माता वैष्णो देवी भवन में भगदड़ मच गई, जिसमें 12 लोगों की मौत हो गई और करीब 13 लोग घायल हो गए। यह पहली बार नहीं है कि भारत के लिए नए साल की शुरुआत किसी दुख भरी खबर से हुई हो। इससे पहले भी कई साल ऐसे रहे हैं, जिसमें भारतवासियों को एक अनचाही खबर सुनने को मिली है।
1978 में एयर इंडिया विमान हादसा
1978 में आज के ही दिन एयर इंडिया का विमान एक बड़े हादसे का शिकार हो गया था। यह विमान 213 यात्रियों के साथ अरब सागर में समा गया था। मुंबई के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ देर ही बाद विमान में तकनीकी खराबी आ गई थी। इस कारण विमान अरब सागर में समा गया। उस समय विमान में 190 यात्रियों के साथ 23 क्रू मेंबर भी सवार थे।
1992 में मुंबई में 91 लोगों की मौत
1992 में नए साल की पूर्व संध्या पर मुंबई में जश्न मना रहे 91 लोगों की मौत हो गई थी। सभी लोगों ने जहरीली शराब पी थी, जिसके चलते रात में उनकी हालत बिगड़ी और एक जनवरी की सुबह लोगों की मौत की खबर सामने आई। कम से कम 91 लोग इस दुखद घटना का शिकार हुए थे।