केपीसीसी ने केरल पुलिस के खिलाफ विशेषाधिकार कार्यवाही की मांग की
प्रदर्शनकारियों पर आंसू गैस के गोले के इस्तेमाल को लेकर केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) के प्रमुख और कन्नूर के सांसद के सुधाकरन ने शनिवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को नोटिस देकर केरल पुलिस के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का प्रस्ताव लाने की अनुमति मांगी। कांग्रेस के शनिवार सुबह डीजीपी कार्यालय मार्च के दौरान सुधाकरन और उनके साथी संसद सदस्यों पर केरल पुलिस ने बल प्रयोग किया। उन्होंने कहा, केरल पुलिस ने विशेषाधिकार का जघन्य उल्लंघन मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन के निर्देशों के तहत किया है।
सुधाकरन ने पुलिस कर्मियों की ओर से प्रदर्शनकारियों पर आंसू गैस के गोले के इस्तेमाल को लेकर उनके और कई अन्य नेताओं के बीमार होने के कुछ घंटों बाद लोकसभा अध्यक्ष को पत्र भेजा।
तेलंगाना में रैगिंग के आरोप में 80 छात्राएं छात्रावास से निलंबित
तेलंगाना के वारंगल में काकतीय विश्वविद्यालय के महिला छात्रावास की 80 छात्राओं को रैगिंग के आरोप में एक सप्ताह के लिए निलंबित कर दिया गया है। ये छात्राएं परास्नातक द्वितीय वर्ष की हैं। इन पर प्रथम वर्ष की छात्राओं से गाना गाने और नृत्य करने के लिए मजबूर करने का आरोप है।
एक अधिकारी ने शनिवार को कहा कि हाल ही में आयोजित परिचय कार्यक्रम में वाणिज्य और प्राणीशास्त्र विभागों के स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों की कुछ छात्राओं ने फिर से अपने जूनियरों से संस्थान के महिला छात्रावास में अपना परिचय देने के लिए कहा। मना करने पर छात्राओं ने उसने जबरदस्ती की। जांच के बाद 80 छात्राओं के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू की गई है।
बंगाल के राज्यपाल ने जाधवपुर विश्वविद्यालय के कुलपति को हटाया
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीए आनंद बोस ने अनुशासनात्मक आधार पर जाधवपुर विश्वविद्यालय के कार्यवाहक कुलपति बुद्धदेव साव को हटा दिया है। राज्यपाल राज्य संचालित सभी विश्वविद्यालयों के कुलाधिपति भी हैं।
राज्यपाल ने यह फैसला रविवार को होने जा रहे विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह से एक रात पहले लिया। राज्यपाल ने कुलपति के खिलाफ प्राप्त शिकायतों की जांच के लिए एक समिति भी गठित की है। गणित के प्रोफेसर साव को इसी साल अगस्त में कार्यवाहक कुलपति बनाया गया था।
तटरक्षक बल को मिला लापता नाविक का शव
भारतीय तटरक्षक बल ने शनिवार को एक नाविक का शव बरामद किया। इससे पहले, मुबई के प्रोंग्स लाइटहाउस से लगभग 11 मील दूर एमवी बून्या नारी से उसके लापता होने की सूचना तटरक्षक बल को मिली थी। जिसके बाद, बल ने उसकी खोज जारी की थी।
तटरक्षक बल ने बताया कि उसने लापता नाविक का पता लगाने के लिए समुद्री-हवाई समन्वय के लिए आईसीजी चेतक 805 हेलीकॉप्टर और भारतीय तटरक्षक जहाज सी439 को तैनात किया था। उसका शव अरब सागर में मिला। लापता नाविक का नाम अभिषेक कुमार बताया जा रहा है।
दो बसों के बीच फंसे चार दोपहिया वाहन, एक की मौत
सूरत में दो बस रैपिड ट्रांजिट सिस्टम बसों के बीच चार दोपहिया वाहन फंस जाने के कारण एक व्यक्ति की मौत हो गई है, हादसे में छह अन्य घायल हो गए हैं। पुलिस ने मामले की जानकारी दी। पुलिस उपायुक्त पिनाकिन परमार ने कहा कि यह दुर्घटना यातायात के लिए खुली सड़क पर हुई, न कि बीआरटीएस लेन पर। अधिकारी ने बताया कि चार दोपहिया वाहनों पर कुल आठ लोग सवार थे। मामले पर कार्रवाई करते हुए चालक को हिरासत में ले लिया गया है।