शरद यादव जनता दल (यूनाइटेड) अपने हक की कानूनी लड़ाई लड़ रहे हैं, इसी के साथ वह सांझी विरासत के माध्यम से देश के समान विचाराधारा वाले राजनीतिक दलों को एकजुट करने में लगे हैं। शरद यादव की एक नई भूमिका और सामने आई है। वह लोकतांत्रिक जनता दल (लोजद) नाम से बनी नई राजनीतिक पार्टी का मार्गदर्शन कर रहे हैं। समझा जा रहा है कि इस राजनीतिक पार्टी से वह देश के राजनीतिक दलों और लोगों के बीच मोदी सरकार तथा भाजपा के विरुद्ध एकजुट होने का आह्वान करेंगे।
लोकतांत्रिक जनता दल की राष्ट्रीय महासचिव प्रो. सुशीला मोराले के अनुसार उनकी पार्टी लोकतंत्र पर मंडरा रहे खतरे के विरुद्ध आवाज उठाएगी। इस पार्टी में गुजरात के सांसद छोटू भाई वसावा समेत तमाम राजनेता होंगे। प्रो. मोराले के अनुसार 18 मई को नई दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में लोकतांत्रिक जनता दल का राष्ट्रीय सम्मेलन होगा। इस सम्मेलन में बतौर मार्गदर्शक शरद यादव शामिल होंगे।
शरद यादव मौजूदा लोकतांत्रिक चुनौतियों को केन्द्र में रखकर
मोदी सरकार के विरुद्ध राजनीतिक लड़ाई तेज करने का आह्वान करेंगे। लोजद के राष्ट्रीय आंदोलन में हिस्सा लेने के लिए प्रो. मोराले ने देश भर के समाजवादी विचारधारा के नेताओं, गैर सरकारी संगठनों, सामाजिक संगठनों तथा समान विचारधारा वाले दलों को भी आमंत्रित किया है।