प्रवर्तन निदेशालय ने हथियार सौदे के बिचौलिये संजय भंडारी के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का नया केस दर्ज किया है। अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि दरअसल दक्षिण कोरिया की सैमसंग इंजीनियरिंग कंपनी लि. से कथित रूप से 49.9 लाख डॉलर की दलाली लेने के मामले की ईडी जांच करेगा।
उन्होंने बताया कि सैमसंग ने नियम को ताक पर रख कर भंडारी की कंपनी को दलाली के पैसे दिए और बदले में अधिकारियों को प्रभावित कर 6,744 करोड़ रुपये का ठेका हथियाया लिया। इसके जरिये कंपनी ने गुजरात में ओएनजीसी पेट्रो एडिशंस लि. (ओपल) के सहयोग से उद्योग शुरू किया। ओपल को कुछ सरकारी तेल कंपनियों का सहयोग है।
उन्होंने बताया कि ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम कानून के तहत ईसीआईआर दर्ज की है। विदेशों में अघोषित संपत्ति रखने और अन्य मामलों में 2017 में केस दर्ज होने के बाद भंडारी के खिलाफ यह दूसरा केस है। एजेंसी जून में एक चार्जशीट दायर कर चुकी है। ईडी ने कहा था कि भंडारी ने पहली जांच में सहयोग नहीं किया और देश से भाग गया। बताया जाता है कि वह ब्रिटेन या उसके आसपास किसी देश में है।