माननीयों के स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए संसद के नए मेनू में बेहद पौष्टिक व्यंजनों को शामिल किया गया है। संसद की कैंटीन में सांसदों, अधिकारियों और आगंतुकों को अब रागी यानी मंडुआ इडली, ज्वार उपमा, मूंग दाल चीला, भुनी हुई मछली परोसी जाएगी।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की पहल पर तैयार किए गए विशेष मेनू का उद्देश्य संसद के सत्रों के दौरान घंटों बहस में व्यस्त रहने वाले सांसदों और अधिकारियों को पोषण युक्त भोजन प्रदान करना है।
संसद की कैंटीन में सेहत को ध्यान में रखते हुए भोजन उपलब्ध कराने की पहल इस मायने में भी अहम है कि सत्र के दौरान कार्यवाही लंबे समय तक और कई बार देर रात तक चलती है। अब संसद में लजीज पकवानों के साथ श्रीअन्न से बने पकवान, करी, विशेष थाली, फाइबर युक्त सलाद और प्रोटीन-पैक सूप उपलब्ध होगा। प्रत्येक व्यंजन को सावधानीपूर्वक इस तरह तैयार किया गया है कि उसमें कार्बोहाइड्रेट, सोडियम और कैलोरी कम हों व सेहत के लिए जरूरी पोषक तत्व अधिक हों।
ये भी पढ़ें: Supreme Court: 'दोषी प्रतीत होने पर कार्यवाही कोर्ट का हक'; अदालत ने अधिकार के प्रयोग में सावधानी पर दिया जोर
मेन्यू में उन खाद्य पदार्थों को प्रमुखता से स्थान मिला है जो संयुक्त राष्ट्र की ओर से घोषित अंतरराष्ट्रीय मोटा अनाज वर्ष, 2023 में सुर्खियों में रहे। मुख्य आकर्षणों में सांबर के साथ रागी बाजरा इडली और चटनी (270 किलो कैलोरी), ज्वार उपमा (206 किलो कैलोरी) और चीनी-मुक्त मिक्स बाजरा खीर (161 किलो कैलोरी) शामिल हैं। पेय पदार्थों के मेन्यू में स्वास्थ्य-प्रथम दृष्टिकोण को दर्शाया गया है। इनमें ग्रीन और हर्बल चाय, मसाला सत्तू और गुड़ के स्वाद वाला आम पन्ना होगा। ये चीनी से भरपूर सोडे और पारंपरिक मिठाइयों की जगह लिए जा सकते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में अपने मन की बात संबोधन में मोटापे से निपटने के लिए सामूहिक कदम उठाने की जरूरत बताई थी।
हल्के नाश्ते में जौ-ज्वार सलाद, भुने टमाटर और तुलसी का शोरबा
हल्के नाश्ते के लिए सांसद जौ और ज्वार का सलाद (294 किलो कैलोरी) और गार्डन फ्रेश सलाद (113 किलो कैलोरी) जैसे रंग-बिरंगे सलाद के साथ-साथ भुने टमाटर, तुलसी का शोरबा और सब्जियों के गरमागरम सूप व चना चाट का आनंद ले सकते हैं। मांसाहार का सेवन करने वाले सदस्यों की सेहत का भी ख्याल रखा गया है। उनके लिए ग्रिल्ड उबली सब्जियों के साथ ग्रिल्ड चिकन और ग्रिल्ड फिश जैसे पोषक विकल्प उपलब्ध हैं।
ये भी पढ़ें: Balasore Suicide Case: मृतक छात्रा के भाई ने दर्ज कराई साइबर उत्पीड़न की शिकायत, पुलिस से मांगी सुरक्षा
हर व्यंजन पर लिखी होगी कैलोरी की मात्रा
- प्रत्येक व्यंजन को कार्बोहाइड्रेट, सोडियम और कैलोरी की न्यूनतम मात्रा के साथ-साथ आवश्यक पोषक तत्वों से भरपूर रखने के लिए सावधानीपूर्वक तैयार किया गया है।
- इसके अलावा, स्वास्थ्य मेनू में व्यंजनों के नाम के आगे कैलोरी की मात्रा भी लिखी होगी।