भारत के पहले युगल के तौर पर एवरेस्ट चढ़ने का दावा करने वाले पुणे पुलिस के कांस्टेबल दिनेश और तारकेश्वरी राठौड़ के दावे को नेपाल सरकार ने खारिज करते हुए उन पर 10 साल का प्रतिबंध लगा दिया है।
इंडियन एक्सप्रेस की खबर के मुताबिक पुणे पुलिस कमिशनर रश्मि शुक्ला ने बताया कि, '23 मई को एवरेस्ट चढ़ने का झूठा दावा करने वाले पुलिस युगल पर नेपाल सरकार ने 10 साल का प्रतिबंध लगा दिया है। नेपाल के अधिकारियों ने पुणे पुलिस को इस संबंध में एक पत्र भेजकर युगल के नेपाल में दाखिल होने पर प्रतिबंध की जानकारी दी।'
शुक्ला ने कहा, 'नेपाल सरकार की जांच में एवरेस्ट चढ़ने का दावा करने वाले पुलिस युगल के झूठे दावे की पुष्टि हुई है। यह वाकई चौंकाने वाला है। इससे न सिर्फ पुलिस की छवि खराब हुई बल्कि पूरे देश की छवि धुमिल हुई है।'
पुणे पुलिस में कांस्टेबल दिनेश और तार्केशवरी ने 5 जून को काठमांडु में संवाददाता सम्मेलन में घोषणा की थी कि 23 मई को एवरेस्ट पर चढ़ने वाले वे भारत के पहले कपल हैं। दोनों पुणे सिटी पुलिस के शिवाजीनगर मुख्यालय में कांस्टेबल हैं। कमिश्नर शुक्ला ने कहा,'दोनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।' उन्होंने दोनों की गिरफ्तारी पर कहा कार्रवाई मानदंडों के अनुसार की जाएगी। कमिश्नर ने बताया विभागीय जांच शुरू करने के बाद से दोनों फरार हैं।