भारत का करीब दो तिहाई हिस्सा मंगलवार को भी लू की चपेट में रहा। गर्मी पहले के मुकाबले इस बार अधिक लंबे समय तक चल रही है। जिसके कारण कई लोगों की मौत की खबर भी आई। इसके अलावा पानी की समस्या उत्पन्न हो गई, हजारों पर्यटक गर्मी से राहत के लिए पहाड़ी इलाकों में जा रहे हैं, लेकिन इस बार इन इलाकों में भी तापमान अधिक है। उत्तरी, मध्य और प्रायद्वीपीय भारत के बड़े क्षेत्रों में पारा 45 डिग्री के स्तर को पार कर गया है।
उत्तर प्रदेश के झांसी, राजस्थान के चूरू और बीकानेर, हरियाणा के हिसार और भिवानी, पंजाब के पटियाला और मध्यप्रदेश के भोपाल और ग्वालियर में गर्मी ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। वहीं अगर राजधानी दिल्ली की बात करें तो यहां सोमवार इतिहास का सबसे गर्म दिन रहा। इस दिन यहां पारा 48 डिग्री सेल्सियस था। दिल्ली के पालम में सुबह के समय हल्की बारिश होने के बावजूद भी पारा 45.4 डिग्री सेल्सियस रहा।