महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए एनसीपी शरद पवार ने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जयंत पाटिल इस्लामपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। वहीं जीतेंद्र अव्हाण मुंब्रा और अनिल देशमुख काटोल विधानसभा क्षेत्र से चुनाव मैदान में उतरेंगे। इसके अलावा रोहित पवार कर्जत जामखेड और रोहिणी खडसे मुक्ताईनगर से चुनाव लड़ेंगीं। पार्टी की पहली सूची में 45 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए गए हैं।
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जयंत पाटिल ने बताया कि योगेंद्र पवार बारामती विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे। यहां से महायुति गठबंधन में शामिल एनसीपी अजित गुट के प्रमुख और डिप्टी सीएम अजित पवार प्रत्याशी हैं। चुनाव को लेकर महाविकास अघाड़ी गठबंधन में शामिल शिवसेना उद्धव ठाकरे ने सोमवार को 65 उम्मीदवारों की सूची जारी की थी।
महाराष्ट्र में 20 नवंबर को एक चरण में होंगे चुनाव
288 सदस्यीय महाराष्ट्र विधानसभा के लिए चुनाव 20 नवंबर को एक ही चरण में होंगे, जबकि विधानसभा चुनाव के मतों की गिनती 23 नवंबर को होगी। वहीं मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना, भाजपा और अजीत पवार की एनसीपी से मिलकर बनी महायुति सत्ता बरकरार रखने की कोशिश कर रही है, जबकि शिवसेना (यूबीटी), एनसीपी (एसपी) और कांग्रेस की विपक्षी महा विकास अघाड़ी (एमवीए) इसे सत्ता से बेदखल करने के प्रयास में है।
संबंधित वीडियो