राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के राज्यसभा सांसद मजीद मेमन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया है। उन्होंने मोदी के बोहरा समाज से मिलने पर तंज कसते हुए कहा, 'नरेंद्र मोदी की हालत ऐसी है कि जहां वह अपने कट्टर हिंदूवाद से हटते हैं तो वहां उनके गले पर हाथ पड़ जाता है वीएचपी की तरफ से, आरएसएस की तरफ से।'
मेमन ने आगे कहा, 'अब वो बोहरा समाज के पास गए इस विचार से कि शायद मुसलमानों को रिझा लिया जाएगा। लेकिन ना वो इधर के रहेंगे ना ही उधर के। धोबी के कुत्ते वाली बात हो जाती है। अब यह प्रधानमंत्री के ऊपर निर्भर है कि वह कितनी कहां झुकते हैं। यहां भी ना रहें वहां भी ना रहे उनकी परिस्थिति ऐसी ना हो जाए और लगता है परिस्थिति उनकी ऐसी ही बन रही है।'
बता दें कि 14 सितंबर को पीएम
नरेंद्र मोदी दाऊदी बोहरा समाज के धर्मगुरु सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन से मिलने के लिये इंदौर पहुंचे थे। बोहरा समाज के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ जब किसी प्रवचन कार्यक्रम में कोई प्रधानमंत्री शामिल हुआ था। शिवराज सिंह चौहान की सरकार ने सैफुद्दीन को राजकीय अतिथि का दर्जा दिया हुआ है। पीएम ने कहा था कि मुझे सैय्यदाना साहब से मिलने का मौका मिला था। उन्होंने मेरा हाथ चूमा था वह स्पर्श आज भी मेरे साथ है।