कर्नाटक चुनाव के लिए एनसीपी ने अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में नौ उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की गई है। हालांकि एनसीपी उम्मीद की यह लिस्ट नामांकन की अवधि खत्म होने के एक दिन बाद आई है। एनसीपी ने जिन उम्मीदवारों के नाम का एलान किया है, वे पहले ही नामांकन दाखिल कर चुके हैं। साथ ही एनसीपी ने अपने स्टार प्रचारकों के नामों का भी एलान किया है।
शरद पवार की अगुवाई वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने शुक्रवार को कहा कि उसने आगामी कर्नाटक विधानसभा चुनाव में नौ उम्मीदवार उतारे हैं। राकांपा ने उत्तम पाटिल को बेलगावी जिले के निप्पनी विधानसभा क्षेत्र से मैदान में उतारा है।
साथ ही, देवर हिप्परगी से मसूर साहब बिलागी, जमीर अहमद इनामदार को बासवान बागवाड़ी, कुलप्पा चव्हाण को नागथन, आर हरि को येलबुर्गा, आर शंकर को रानेबेन्नूर, के सुगुना को हगारीबोम्मनहल्ली, एसवाईएम मसूद फौजदार को विराजपेट और रेहाना बानो को नरसिम्हाराजा से चुनावी मैदान में उतारा है।
कर्नाटक में चुनावी मैदान में एनसीपी ने अपने उम्मीदवार तब उतारें हैं, जब एनसीपी सुप्रीमो शरद पवार अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए विपक्षी एकता बनाने के प्रयासों का नेतृत्व कर रहे हैं। वहीं, राकांपा ने अपने स्टार प्रचारकों की सूची में शरद पवार, प्रफुल्ल पटेल, सुप्रिया सुले, पी पी मोहम्मद फैजल, फौजिया खान, क्लाइड क्रास्टो का नाम शामिल है।