राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने पश्चिम बंगाल के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) और हावड़ा पुलिस आयुक्त को नोटिस भेजा है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। एनएचआरसी ने यह नोटिस शांतिपूर्ण रामनवमी के जुलूस पर हमले और पुलिस की कथित निष्क्रियता की शिकायत पर भेजा है।
बता दें, रामनवमी (30 मार्च) के अवसर पर शोभायात्रा के दौरान पश्चिम बंगाल के हावड़ा में हिंसा भड़क गई थी। जिसमें दो समुदाय आमने-सामने आ गए थे और जमकर पत्थरबाजी और आगजनी हुई थी। इसके एक दिन बाद हावड़ा में हिंसा की खबर सामने आई थी। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शुक्रवार को एक बार फिर हिंसा भड़क गई और हावड़ा के शिवपुर में पथराव हुआ। इससे पहले गुरुवार को भड़की हिंसा में दो समुदाय आमने-सामने आ गए थे। इस दौरान जमकर पथराव हुआ था और कई वाहनों में आग लगा दी गई थी।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भाजपा पर लगाए थे आरोप
हावड़ा बवाल पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का बयान भी सामने आया था। उन्होंने कहा था कि हमने किसी शोभा यात्रा पर रोक नहीं लगाई। राज्य में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं होगा। मुख्यमंत्री ने कहा था कि जिन्होंने हिंसा भड़काई वे लोग हिंदू नहीं थे, उन्हें बाहर से लाया गया था। भाजपा, बंगाल को अशांत करना चाहती है। अल्पसंख्यक समुदाय के लोग हिंसा में शामिल नहीं हैं क्योंकि वह रमजान में व्यस्त हैं।