उड़ी हमले के बाद भारतीय सेना द्वारा पीओके में चल रहे आतंकी शिविरों पर शुरू की गई कार्रवाई से पाकिस्तान बौखला गया है। सेना द्वारा किए गए सर्जिकल स्ट्राइक से भड़के नवाज शरीफ ने भारत को चेतावनी वाले लहजे में कहा कि भारत हमारी शराफत और शांति चाहने की आदत को हमारी कमजोरी न समझे।
"हम अपने देश की रक्षा और सुरक्षा के लिए पूरी तरह तैयार हैं। शरीफ ने कहा कि हम पूरी दृढ़ता से भारतीय सेना की अकारण और नग्न आक्रामकता की निंदा करते हैं, जिसकी वजह से सीमा पर हमारे दो जवान शहीद हो गए।" बता दें कि पाकिस्तान ने दावा किया कि भारतीय सेना द्वारा किए गए सीजफायर उल्लंघन में उसके दो जवान मारे गए हैं।
पाकिस्तानी प्रधानमंत्री नवाज शरीफ का यह बयान भारतीय डायरेक्टर जनरल आफ मिलिट्री ऑपरेशन (डीजीएमओ) की ओर से इस बात का दावा किया गया था कि भारतीय सेना ने सीमा पार पाक अधिकृत कश्मीर में आतंकियों के ठिकाने पर हमले की कार्रवाई की है। भारतीय सेना की इस कार्रवाई के बाद से ही पाकिस्तान की ओर से लगातार पुंछ जिले में एलओसी पर फायरिंग की जा रही है। भारतीय सेना भी पाक फायरिंग का कड़ा जवाब दे रही है।