जम्मू-कश्मीर के उड़ी में हुए आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तल्खी बढ़ती जा रही है। पाकिस्तान के लिए और कड़ा रुख दिखाते हुए भारत ने सीजफायर समझौता रद्द करने का संकेत दिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत पड़ोसी देश से सीजफायर समझौता तोड़ सकता है यानी दोनों देशों की सीमा सुरक्षा के अधिकारी नियमित तौर पर वार्ता नहीं करेंगे और भारत पाकिस्तान की ओर होने वाले हमले का माकूल जवाब दे सकेगा।
पाकिस्तान के साथ भारत का सीजफायर समझौता 2003 में हुआ था। नई दिल्ली में सुरक्षा मामलों की कैबिनेट कमेटी (सीसीएस) में अब इस समझौते को तोड़ने पर विचार किया गया है। पाकिस्तान के साथ तनाव के मौजूदा माहौल के बीच हो रही सीसीएस की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर, एनएसए अजित डोभाल और सेनाध्यक्ष ने भी हिस्सा लिया। इसके अलावा विदेश मंत्री और गृह मंत्री समेत कैबिनेट के शीर्ष मंत्रियों ने भी हिस्सा लिया।