नवी मुंबई में एक आवासीय परिसर में रहने वाली महिला ने आरोप लगाया है कि आवासीय सोसायटी की प्रबंधन समिति ने कॉलोनी परिसर के अंदर आवारा कुत्तों को खाना खिलाने पर आठ लाख रुपये से अधिक का जुर्माना लगाया है। यह जुर्माना एनआरआई कॉम्प्लेक्स की प्रबंध समिति ने लगाया है। इसमें 40 से अधिक इमारते हैं।
यह आरोप लगाने वाली महिला का नाम अंशु सिंह है। उन्होंने बताया कि आवासीय सोसायटी परिसर के अंदर आवारा कुत्तों को खाना खिलाने वाले लोगों पर प्रति दिन 5000 रुपये के हिसाब से जुर्माना लगाती है। अंशु ने बताया कि सोसायती की ओर से मुझ पर जो जुर्माना लगाया गया है उसकी कुल राशि आठ लाख रुपये से अधिक है।
उन्होंने कहा कि कंपनी ने आवारा कुत्तों को परिसर के अंदर खाना खिलाने पर जुर्माना लगाने की शुरुआत जुलाई 2021 में की थी। अंशु के अनुसार परिसर के अंदर ही कई आवारा कुत्ते घूमते दिख जाते हैं। अंशु के अलावा एक अन्य निवासी पर भी जुर्माना लगाया गया है। इस व्यक्ति पर छह लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
बच्चों और बुजुर्गों के चलते बनाया जुर्माना का नियम
हालांकि, आवासीय कॉम्प्लेक्स की सचिव विनीता श्रीनंदन ने कहा कि यह फैसला इसलिए लिया गया था क्योंकि ट्यूशन जाते वक्त बच्चे इन आवारा कुत्तों के पीछे भागते हैं और वरिष्ठ नागरिकों को इन कुत्तों के डर के चलते आने-जाने में समस्या का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि ऐसे कुत्तों के लिए एक बाड़ा भी बनाया गया है।