ओडिशा में सत्तारूढ़ भाजपा ने शनिवार को विपक्षी दल- बीजू जनता दल (BJD की सांसद सुलता देव के खिलाफ भुवनेश्वर के कैपिटल थाने में शिकायत दर्ज कराई। सुलता देव ने उन पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को निशाना बनाकर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करने का आरोप लगाया है। भाजपा प्रवक्ता सतरूपा मिश्रा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने कार्रवाई की मांग की। पार्टी का आरोप है कि देव ने स्वतंत्रता दिवस समारोह से जुड़ी नवीन की एक कथित AI-जनरेटेड तस्वीर पोस्ट की, जिसमें उन्हें राष्ट्रीय ध्वज उल्टा पकड़े दिखाया गया। ये जानबूझकर प्रतिष्ठा खराब करने की कोशिश और राष्ट्रीय ध्वज संहिता का उल्लंघन है। AI के कथित दुरुपयोग और आपत्तिजनक भाषा को लेकर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। सुलता देव 2022 में राज्यसभा के लिए चुनी गई थीं। राज्यसभा में BJD की उपनेता व मुख्य सचेतक सुलता ने इस मामले में कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
तेलंगाना के भद्राद्री कोठागुडेम जिले में बिजली के जाल की चपेट में आने से वन बीट अधिकारी बी. नवीन (37) की मौत के मामले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। घटना 11 अगस्त की रात नकीरेपेटा वन क्षेत्र में हुई। पुलिस के मुताबिक, जंगली जानवरों के शिकार के लिए लगाए गए बिजली के जाल की सूचना मिलने पर नवीन अन्य वनकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे थे। आरोपियों की तलाश के दौरान वह 11 केवी की लाइव तार के संपर्क में आ गए और करंट लगने से उनकी मौत हो गई। शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता के तहत गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से तार और बिजली की बाड़ लगाने में इस्तेमाल सामग्री बरामद की है।
पश्चिम बंगाल के स्वास्थ्य मंत्री शरद्वत मुखर्जी ने कहा कि सरकार प्रदेश में 16 अगस्त से आयुष्मान भारत स्वास्थ्य बीमा योजना लागू करेगी। इससे लगभग 1.5 करोड़ परिवारों और करीब छह करोड़ लोगों को कवर किए जाने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि इस दिन को 'आयुष्मान दिवस' के रूप में मनाया जाएगा। इस योजना की शुरुआत राज्य के लिए एक नया अध्याय साबित होगी। ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली पिछली सरकार क नीतियों का जिक्र करते हुए मुखर्जी ने आरोप लगाया कि पिछले 15 वर्षों में लोगों को आयुष्मान भारत सहित केंद्र की कई कल्याणकारी योजनाओं से वंचित रखा गया था।
तेलंगाना में मासूम से दुष्कर्म
हैदराबाद में पुलिस ने एक मंदिर के 66 वर्षीय प्रबंधक पर दुष्कर्म का मामला दर्ज किया है। तेलंगाना पुलिस की तरफ से रविवार को जारी बयान के मुताबिक मंदिर परिसर के अंदर एक नाबालिग लड़की के साथ कथित तौर पर यौन उत्पीड़न करने के आरोप में हिरासत में लिया गया है। घटना 13 अगस्त को घटी। आरोपी को कुछ स्थानीय लोगों ने रंगे हाथों पकड़ लिया, जिन्होंने बाद में पुलिस को सूचना दी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि रामचंद्रपुरम पुलिस स्टेशन में आरोपी के खिलाफ यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण (POCSO) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है।
घर में पिता-पुत्री की मौत, पुलिस जांच में जुटी
केरल के कासरगोड जिले के चेमनाड में रविवार को एक 48 वर्षीय व्यक्ति और उसकी 16 वर्षीय बेटी की कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। मेलपारंबा पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि स्थानीय लोगों के अनुसार, पिता ने पड़ोसियों को बताया था कि उसकी बेटी ने फांसी लगा ली है। इसके बाद वह घर के अंदर गया, दरवाजा बंद कर लिया और कथित तौर पर उसी कमरे में फांसी लगा ली। पुलिस के मुताबिक, फिलहाल दोनों की मौत को लेकर पंचनामा और अन्य कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटनास्थल से जुड़ी परिस्थितियों की जांच जारी है और आत्महत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस ने बताया कि घटना के समय मृतक की पत्नी, जो होम नर्स के तौर पर काम करती हैं, घर पर मौजूद नहीं थीं।
विनयतोष मिश्रा ने ओडिशा के डीजीपी का अतिरिक्त प्रभार संभाला
वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी विनयतोष मिश्रा ने रविवार को ओडिशा के पुलिस महानिदेशक का अतिरिक्त प्रभार संभाल लिया है। उन्होंने यह पदभार निवर्तमान डीजीपी वाई बी खुरानिया के सेवानिवृत्त होने के बाद कटक स्थित पुलिस मुख्यालय में ग्रहण किया। 1993 बैच के आईपीएस अधिकारी मिश्रा वर्तमान में डीजीपी (क्राइम ब्रांच) के पद पर तैनात हैं और नियमित डीजीपी की नियुक्ति होने तक इस पद की जिम्मेदारी संभालेंगे।
पदभार संभालने के बाद पत्रकारों से बातचीत में मिश्रा ने बताया कि राज्य में महिलाओं की सुरक्षा, नशा मुक्त ओडिशा का निर्माण और साइबर अपराधों पर नियंत्रण उनकी मुख्य प्राथमिकताएं रहेंगी। इसके साथ ही, राज्य के कुछ हिस्सों में आई बाढ़ की स्थिति को देखते हुए पुलिस विभाग 'ओडिशा डिजास्टर रैपिड एक्शन फोर्स' के साथ मिलकर प्रभावित लोगों की मदद करेगा।