मलनकारा मार थॉमा सीरियन चर्च ने सऊदी अरब के एक हिरासत केंद्र में रखे गए अपने तीन सदस्यों की रिहाई के प्रयासों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत सरकार के प्रति आभार जताया है। 9 सितंबर को प्रधानमंत्री मोदी को लिखे पत्र में केरल स्थित मलनकारा मार थॉमा सीरियन चर्च के प्रमुख मार थॉमा मेट्रोपोलिटन ने डैनीमोन, लिजू मैथ्यू और मैथ्यू चेरियाचन की रिहाई सुनिश्चित करने की दिशा में किए गए "ईमानदार और लगातार प्रयासों" के लिए प्रधानमंत्री और उनके कार्यालय का धन्यवाद किया।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि चर्च ने इस मामले में किए गए हस्तक्षेप के लिए आभार व्यक्त किया। मेट्रोपोलिटन ने कहा कि चर्च इस मामले में प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से किए गए "त्वरित हस्तक्षेप और संवेदनशील ध्यान" की गहराई से सराहना करता है। उन्होंने सऊदी अरब में भारतीय दूतावास के प्रयासों और समन्वय को भी स्वीकार किया। उन्होंने कहा कि तीनों की रिहाई से हिरासत में लिए गए लोगों, उनके परिवारों और व्यापक समुदाय को "बहुत बड़ी राहत और खुशी" मिली है। पत्र में रिहाई की प्रक्रिया में शामिल सभी लोगों के प्रति आभार जताया गया और इस मामले में भारतीय राजनयिक प्रयासों की भूमिका को स्वीकार किया गया। पत्र के अनुसार, तीनों हिरासत में लिए गए लोगों की रिहाई से उनके परिवारों और चर्च समुदाय को काफी राहत मिली है।
बीआरएस विधायक दानम नागेंद्र को तेलंगाना उच्च न्यायालय ने अयोग्य घोषित किया
तेलंगाना विधानसभा सचिव ने बीआरएस विधायक दानम नागेंद्र को खैराबाद से उच्च न्यायालय द्वारा अयोग्य घोषित किए जाने की सूचना दी है। उच्च न्यायालय ने 18 सितंबर को नागेंद्र को अयोग्य ठहराया था। यह अधिसूचना 26 सितंबर को राजपत्र में प्रकाशित हुई, जिसे सोमवार को मीडिया को जारी किया गया। नागेंद्र बीआरएस विधायक रहते हुए कांग्रेस में शामिल हुए थे। उन्होंने 2024 में कांग्रेस के टिकट पर सिकंदराबाद लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा था। न्यायालय ने उन्हें 23 अप्रैल 2024 से विधानसभा सदस्य के रूप में अयोग्य घोषित किया। यह आदेश भाजपा सदन नेता अल्लेटी महेश्वर रेड्डी और बीआरएस के पी कौशिक रेड्डी की याचिकाओं पर आया। 24 सितंबर को उच्चतम न्यायालय ने नागेंद्र की याचिका खारिज करते हुए इसे 'आया राम, गया राम' का मामला बताया। नागेंद्र ने उपचुनाव में अपनी सीट बरकरार रखने का विश्वास जताया है।
नाबालिग से यौन उत्पीड़न के आरोप में युवक गिरफ्तार
हैदराबाद पुलिस ने सोमवार को बताया कि 14 वर्षीय लड़की से यौन उत्पीड़न के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया गया। 18 वर्षीय आरोपी चित्रकार है, जो पीड़ित के घर के पास रहता था। उसने लड़की से दोस्ती कर कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किया। 27 सितंबर को उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया। कचिगुडा पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
कैंसर जैसे रोगों की 90 अस्पतालों में बेच चुका नकली दवा, गिरफ्तार
कर्नाटक की विशेष जांच टीम ने अंतर-राज्यीय नकली दवा रैकेट के मुख्य मास्टरमाइंड प्रशांत रंजन बाबू को सोमवार सुबह बंगलुरु के केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया है। वह अगस्त महीने में बेंगलुरु के पास एक फार्महाउस पर हुई छापेमारी के बाद से ही करीब डेढ़ महीने से फरार था। वह कैंसर की नकली दवाएं, देश के 90 से अधिक अस्पतालों में सप्लाई कर चुका है। यह गिरोह पड़ोसी राज्यों से कम कीमत वाली जेनेरिक और सस्ती दवाएं लाता था।
नए शरीर के अनुसार जैविक उम्र बदल लेता है प्रत्यारोपित दिल
हार्वर्ड मेडिकल स्कूल और ब्रिघम एंड विमेंस हॉस्पिटल के वैज्ञानिकों ने एक अध्ययन में खुलासा किया है कि प्रत्यारोपित दिल नए शरीर के अनुसार अपनी जैविक उम्र को बदल लेते हैं। यदि एक उम्रदराज दिल किसी युवा शरीर में ट्रांसप्लांट किया जाता है, तो वह जैविक रूप से ‘जवान’ होने लगता है। इसके विपरीत, युवा दिल किसी उम्रदराज शरीर में जाने पर तेजी से बूढ़ा होने लगता है।
अभी उम्रदराज दिल को लेकर डर
अभी अधिक उम्र के डोनर्स के अंगों को अक्सर कमजोर मानकर खारिज कर दिया जाता है। इस खोज से उम्मीद जगी है कि उम्रदराज डोनर्स के दिल भी युवाओं में जाकर दोबारा सक्रिय और युवा हो सकते हैं। वैज्ञानिकों ने युवा और बूढ़े चूहों के बीच दिल का ट्रांसप्लांट कर यह नतीजे निकाले हैं। ----अमर उजाला रिसर्च
शास्त्र के साथ एआई पढ़ाने वाला विवि बनाएं : चंद्रशेखरन
टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने हिंदू शास्त्रों और आधुनिक विज्ञान के बीच समन्वय स्थापित करने वाले एक बड़े विश्वविद्यालय की स्थापना का सुझाव दिया है। उन्होंने प्रस्ताव रखा कि यह श्रृंगेरी के आचार्य के कुलाधिपतित्व में स्थापित किया जा सकता है और इसमें पारंपरिक भारतीय ज्ञान के साथ कंप्यूटर साइंस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) जैसे आधुनिक विषयों को पढ़ाया जाए। श्रृंगेरी मठ में श्री महागणपति वाक्यार्थ विद्वत सभा के समापन समारोह में चंद्रशेखरन ने कहा, भारतीय परंपरा में नैतिकता के साथ-साथ व्याकरण, तर्क और मीमांसा जैसे विषयों में ज्ञान और विचार-विमर्श की गहरी परंपरा रही है। इन विषयों को आधुनिक विज्ञान से जोड़कर समग्र पाठ्यक्रम तैयार किया जा सकता है। अंतरविषयक शिक्षा महत्वपूर्ण:- चंद्रशेखरन ने कहा कि आज दुनिया में अलग-अलग विषयों के मेल से नई खोजें हो रही हैं और इसी कारण अंतरविषयक शिक्षा महत्वपूर्ण होती जा रही है। चंद्रशेखरन ने कहा, हिंदू सनातन धर्म और उसके विभिन्न विषयों के विद्वानों को आधुनिक विषयों के विशेषज्ञों के समान पहचान नहीं मिल पाई है। इन विद्वानों का ज्ञान और अनुभव व्यापक समाज तक पहुंचना चाहिए।
तमिलनाडु में मामा का तोहफा: मुख्यमंत्री विजय ने शिशुओं को बांटीं सोने की अंगूठियां
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने अपने प्रमुख चुनावी वादे को पूरा करते हुए सोमवार को थाईमामन थंगा मोथिरम थिट्टम नामक कल्याणकारी योजना का शुभारंभ किया। हिंदी में समझें तो इस योजना को मामा स्वर्ण अंगूठी योजना कहा जा सकता है। इसके तहत सरकारी अस्पतालों में जन्म लेने वाले शिशुओं को 22 कैरेट सोने की एक ग्राम की अंगूठी दी जाएगी। बच्चों को गोद में उठा जीता दिल:- विजय ने मदुरै के सरकारी अस्पताल राजाजी में इस योजना की शुरुआत करते हुए शिशुओं को कुछ पल के लिए गोद में लिया और उन्हें सोने की अंगूठियां प्रदान कीं।
भारी बारिश से आंध्र प्रदेश में 72,000 किसानों की 44,000 हेक्टेयर फसलें बर्बाद
आंध्र प्रदेश सरकार ने अनुमान लगाया है कि हाल ही में गहरे दबाव के कारण हुई भारी बारिश से 44,000 हेक्टेयर से अधिक फसलें क्षतिग्रस्त हो गईं। अधिकारियों ने सोमवार को कृषि मंत्री के अच्चननायडू को बताया कि 1,229 गांवों में करीब 72,000 किसानों को नुकसान हुआ है। प्रारंभिक अनुमानों के अनुसार, 190 मंडलों के 1,229 गांवों में लगभग 44,029 हेक्टेयर फसलें बर्बाद हुईं। अब तक 19 मंडलों के 45 गांवों में ही फसल नुकसान का आकलन किया गया है। इसी तरह, 89 मंडलों के 351 गांवों में 1,734 हेक्टेयर बागवानी फसलें क्षतिग्रस्त हुईं, जिससे 5,777 किसान प्रभावित हुए। अच्चननायडू ने अधिकारियों को फसल नुकसान की गणना में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों को व्यक्तिगत रूप से खेतों का दौरा करने और यह सुनिश्चित करने को कहा कि कोई भी प्रभावित किसान छूटे नहीं।
तमिलनाडु में निजी बस ऑपरेटरों की 24 घंटे की टोकन हड़ताल
चेन्नई, मदुरै, नागरकोइल और ऊटी को छोड़कर तमिलनाडु के निजी बस ऑपरेटरों ने सोमवार को 29 सितंबर की आधी रात से 24 घंटे की टोकन हड़ताल की घोषणा की। यह हड़ताल यात्री किराए में संशोधन और महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा योजना के प्रस्तावित विस्तार के विरोध में है। फेडरेशन अध्यक्ष के थंगराज और सचिव डी आर धर्मराज ने बताया, 7,000 निजी बसें डीजल व स्पेयर पार्ट्स की लागत बढ़ने से 65 फीसदी नुकसान में हैं। किराया 2018 से नहीं बढ़ा है; तब डीजल 64 रुपये था, अब 100 रुपये से अधिक है। ऑपरेटरों ने कहा कि किराया न बढ़ने पर यह क्षेत्र अव्यावहारिक हो जाएगा। चेन्नई उच्च न्यायालय के निर्देश के बावजूद किराया संशोधन पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। फेडरेशन ने 2 अक्तूबर से महिला मुफ्त यात्रा योजना के विस्तार पर आपत्ति जताई, निजी बसों के लिए सब्सिडी की मांग की।
कोल्लम: अमित शाह के केरल दौरे पर सुरक्षा में चूक का आरोप, भाजपा का विरोध मार्च
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दौरे में सुरक्षा चूक के विरोध में सोमवार को भाजपा की कोल्लम जिला समिति ने कलेक्ट्रेट तक मार्च निकाला। यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शाह को काले झंडे दिखाए थे। भाजपा नेता बी बी गोपाकुमार ने मार्च का उद्घाटन किया। उन्होंने सुरक्षा चूक की जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। गोपाकुमार ने आरोप लगाया कि यूथ कांग्रेस को शाह को काले झंडे दिखाने के लिए परिस्थितियां बनाई गईं। भाजपा प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री वी डी सतीसन के खिलाफ नारे लगाए। उन्होंने चेतावनी दी कि मुख्यमंत्री और मंत्री राज्य में स्वतंत्र रूप से नहीं घूम पाएंगे। गोपाकुमार ने स्थानीय प्रशासन की लापरवाही और शाह के कार्यक्रम बाधित करने की साजिश का आरोप लगाया। 26 सितंबर को यूथ कांग्रेस नेताओं ने शाह के काफिले को काले झंडे दिखाए थे। शाह कोल्लम जिले में कई कार्यक्रमों में शामिल होने आए थे।
थूथुकुडी के नमक पैन में दिखा फ्लेमिंगो का खूबसूरत झुंड
तमिलनाडु के थूथुकुडी जिले के पूर्वी तटीय इलाकों में नमक पैन में बड़ी संख्या में फ्लेमिंगो नजर आए। उथले जलभराव वाले इन इलाकों में प्रवासी पक्षी भोजन और आराम के लिए जुटे हैं। फ्लेमिंगो की मौजूदगी तटीय आर्द्रभूमि और नमक पैन के पारिस्थितिक महत्व को भी दर्शाती है।
हिंसक झड़प रोकने पहुंची महिला हेड कांस्टेबल की मौत
तमिलनाडु के रामनाथपुरम जिले के परमाकुडी सरकारी अस्पताल में दो गुटों के बीच हुई झड़प रोकने की कोशिश में 35 वर्षीय महिला हेड कांस्टेबल कन्नकी की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, सोमवार देर रात मारपीट में घायल कुछ युवक इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे थे। यहां दोनों गुटों में फिर विवाद शुरू हो गया। कन्नकी ने झगड़ा रोकने की कोशिश की, तभी करुप्पु राजा नाम के युवक ने उन्हें कथित तौर पर जोर से धक्का दे दिया। संतुलन बिगड़ने से वह पीछे गिर गईं और सिर में गंभीर चोट लगी। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। आरोपी घटना के बाद फरार है।
ओडिशा में डीएमएफ फंड पर सीएजी की रिपोर्ट, करोड़ों की गड़बड़ियां उजागर
सीएजी ने ओडिशा के छह जिलों में डीएमएफ फंड के इस्तेमाल में कई खामियां उजागर की हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, 2015-16 से 2023-24 के बीच छह जिलों में ₹22,568 करोड़ डीएमएफ योगदान मिला और ₹20,947 करोड़ के प्रोजेक्ट मंजूर हुए। लेकिन प्रभावित गांवों की अनदेखी, ब्याज का नुकसान और नियमों के विपरीत खर्च सामने आया। सुंदरगढ़ में हॉकी स्टेडियम पर ₹136.77 करोड़ खर्च किए गए। वहीं, तीन जिलों में ₹470.25 करोड़ की अप्रयुक्त राशि वापस नहीं की गई। सीएजी ने फंड के सही हिसाब और समय पर उपयोग की सिफारिश की।
प्रियंक खरगे ने भाजपा नेताओं से पूछा सवाल, आरएसएस को लेकर दी चुनौती
कर्नाटक के गृह मंत्री प्रियंक खड़गे ने सोमवार को आरएसएस को लेकर भाजपा नेताओं पर सवाल उठाए। सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने कहा कि कर्नाटक में 224 विधानसभा क्षेत्र हैं और भाजपा को अपने उम्मीदवारों के बच्चों की तस्वीरें साझा करनी चाहिए, जिनमें वे आरएसएस की वर्दी में हों, शाखाओं में शामिल होते हों या गौशालाओं में सेवा करते हों। खड़गे ने दावा किया कि ऐसे लोगों की संख्या 10 प्रतिशत से भी कम होगी। उन्होंने आरएसएस की वित्तीय पारदर्शिता पर भी सवाल उठाते हुए भाजपा नेताओं से संगठन की गतिविधियों और फंडिंग को लेकर जवाब मांगा।
पारिवारिक विवाद में पत्नी की हत्या, 67 वर्षीय पति गिरफ्तार
केरल के कोठामंगलम में पारिवारिक विवाद के बाद 67 वर्षीय व्यक्ति ने अपनी 62 वर्षीय पत्नी की चाकू से हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक घटना मंगलवार तड़के करीब दो बजे हुई। हत्या के बाद आरोपी ने विदेश में रह रहे अपने बेटे को फोन कर घटना की जानकारी दी। बेटे ने रिश्तेदारों को बताया, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
बंगलूरू में रातभर बारिश, सड़कें जलमग्न; ट्रैफिक प्रभावित
बेंगलुरु में सोमवार रात हुई तेज बारिश के बाद मंगलवार सुबह कई सड़कें जलमग्न हो गईं और यातायात प्रभावित रहा। छात्रों और ऑफिस जाने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई इलाकों में पेड़ भी उखड़ गए। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, शहर में 19.8 मिमी बारिश दर्ज हुई। एचएएल एयरपोर्ट पर 72 मिमी और जीकेवीके में 46 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
तमिलनाडु में 17 करोड़ का हशीश ऑयल जब्त, चार गिरफ्तार
तमिलनाडु के तूतीकोरिन में पुलिस ने करीब 17 करोड़ रुपये का हशीश ऑयल जब्त कर चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी इस नशीले पदार्थ को मालदीव भेजने की तैयारी में थे। इसे कार से कोयंबटूर से तूतीकोरिन लाया गया था। आरोपियों ने समुद्र के रास्ते मालदीव में खेप भेजने की योजना बनाई थी। पुलिस अब इसके स्रोत और अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से जुड़े लोगों की जांच कर रही है।
महानदी जल विवाद पर 1 अक्टूबर को अहम बैठक, अमित शाह करेंगे अध्यक्षता
ओडिशा और छत्तीसगढ़ के बीच लंबे समय से चले आ रहे महानदी जल विवाद को सुलझाने के लिए 1 अक्टूबर को नई दिल्ली में अहम बैठक होगी। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह बैठक की अध्यक्षता करेंगे। दोनों राज्यों के मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव और तकनीकी समिति के सदस्य शामिल होंगे। जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल भी बैठक में मौजूद रहेंगे। दोनों राज्य विवाद का सौहार्दपूर्ण समाधान तलाशने पर सहमत हुए हैं।
अन्नामलाई गांधी जयंती पर 12 महिलाओं को देंगे कामराज पुरस्कार
तमिलनाडु में महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के लिए अक्टूबर 2026 को महिला सशक्तीकरण माह के रूप में मनाया जा रहा है। इसी के तहत 2 अक्टूबर, गांधी जयंती के दिन ‘वी द लीडर्स’ की ओर से महिला उपलब्धि हासिल करने वालों को कामराज पुरस्कार दिया जाएगा। इस साल शिक्षा, कृषि, सामाजिक सेवा और सामुदायिक विकास समेत विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाली करीब 12 महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा।
कर्नाटक में खड़े ट्रक से टकराई पिकअप, दो लोगों की मौत
कर्नाटक के धारवाड़ में सोमवार देर रात एक पिकअप वाहन सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गया। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। पुलिस के मुताबिक ट्रक का टायर पंचर होने के बाद चालक और दो अन्य लोग सड़क किनारे उसकी मरम्मत कर रहे थे। इसी दौरान प्याज से लदी पिकअप ने नियंत्रण खो दिया और ट्रक से जा टकराई।
केरल में गोदाम की लिफ्ट गिरी, 19 वर्षीय कर्मचारी की मौत
केरल के एर्नाकुलम जिले के मुवाट्टुपुझा में एक गोदाम की लिफ्ट गिरने से 19 वर्षीय कर्मचारी अक्षय कृष्णन की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार सोमवार दोपहर करीब दो बजे वह ऊपरी मंजिल पर रखे सामान को लेने गया था, तभी लिफ्ट अचानक गिर गई। उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
तूतीकोरिन में 17 करोड़ का हशीश ऑयल जब्त
तमिलनाडु के तूतीकोरिन में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 17 करोड़ रुपये का हशीश ऑयल जब्त किया। पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि आरोपी कार से कोयंबटूर से नशीला पदार्थ तूतीकोरिन लाए थे और नाव के जरिए इसे मालदीव भेजने की तैयारी में थे।
चेन्नई एयरपोर्ट पर 1.20 करोड़ की गांजा बरामद
चेन्नई एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने कुआलालंपुर से आई एक महिला यात्री के सामान से 3.424 किलो हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद किया। गांजा बैग के फॉल्स बॉटम में छिपाकर रखा गया था। इसकी अवैध बाजार में कीमत करीब 1.20 करोड़ रुपये बताई गई है। महिला को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया।
नंदीग्राम उपचुनाव: कांग्रेस उम्मीदवार को छह मामलों में अंतरिम जमानत
कलकत्ता हाईकोर्ट ने नंदीग्राम उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान को 2007 में दर्ज छह आपराधिक मामलों में अंतरिम जमानत दी। अदालत ने उन्हें 20 अक्टूबर तक राहत दी, ताकि वे चुनाव प्रचार कर सकें। प्रधान को 21 अक्टूबर को ट्रायल कोर्ट में सरेंडर करने का निर्देश दिया गया है। मामलों में हत्या और हत्या के प्रयास जैसे आरोप शामिल हैं।
विजय की चुनावी रैली से पहले TVK नेताओं ने तैयारियों का जायजा लिया
तमिलनाडु के धारापुरम में मुख्यमंत्री और TVK अध्यक्ष सी. जोसेफ विजय की बुधवार को होने वाली चुनावी रैली से पहले पार्टी नेताओं ने तैयारियों का जायजा लिया। रैली उपचुनाव में पार्टी उम्मीदवार पी. सत्याबामा के समर्थन में आयोजित की जा रही है। 34 एकड़ क्षेत्र में मंच और झंडे लगाए जा रहे हैं। सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए हैं।
कोच्चि एयरपोर्ट पर 1.5 करोड़ की हाइड्रोपोनिक गांजा जब्त
कोच्चि के कोचीन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कस्टम अधिकारियों ने करीब चार किलो हाइड्रोपोनिक गांजा जब्त किया, जिसकी कीमत लगभग 1.5 करोड़ रुपये बताई गई है। अधिकारियों ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया। एक आरोपी हैदराबाद का रहने वाला है और बैंकॉक से कोलंबो होते हुए कोच्चि पहुंचा था। दूसरे आरोपी पर तस्करी में मदद का आरोप है।
सुभेंदु अधिकारी से जुड़े मामले में घर की तलाशी में कुछ नहीं मिला
पश्चिम बंगाल पुलिस ने कलकत्ता हाईकोर्ट को बताया कि सुभेंदु अधिकारी से जुड़े 2024 के मामले में कोलाघाट स्थित घर की तलाशी के दौरान कोई आपत्तिजनक सामान नहीं मिला। पुलिस रिपोर्ट में इसे संभावित गलत सूचना से जुड़ा मामला बताया गया। अधिकारी के वकील ने रिपोर्ट के बाद याचिका आगे नहीं बढ़ाने की बात कही, जिसके बाद अदालत ने याचिका खारिज कर दी।
कर्नाटक में पिकअप ट्रक और कार की टक्कर, महिला की मौत
कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़ जिले में पिकअप ट्रक और कार की टक्कर में 67 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हुए। हादसा मंगलुरु-बेंगलुरु राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ। पुलिस के अनुसार, कार ने हाईवे पर अचानक यू-टर्न लिया, जिसके बाद पीछे आ रहे पिकअप ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। मामले की जांच जारी है।
बंगलूरू एयरपोर्ट पर 70.70 लाख की हाइड्रोपोनिक गांजा जब्त
बंगलूरू के केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बैंकॉक से आए एक यात्री को हाइड्रोपोनिक गांजा के साथ गिरफ्तार किया गया। कस्टम अधिकारियों ने उसके पास से 2.02 किलो गांजा बरामद किया, जिसकी कीमत करीब 70.70 लाख रुपये बताई गई। आरोपी को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया। इसी दौरान दुबई से आए एक यात्री से 1.64 करोड़ का सोना भी जब्त हुआ।
10. पत्नी की आत्महत्या मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार
चेन्नई पुलिस ने पत्नी की आत्महत्या के मामले में दोषी ठहराए गए 35 वर्षीय राजा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, उसकी पत्नी सुधा की 2016 में मौत हुई थी। जांच में दहेज उत्पीड़न और आत्महत्या के लिए उकसाने की बात सामने आई थी। 2026 में मद्रास हाईकोर्ट ने उसकी सजा बरकरार रखते हुए तीन साल की कठोर कैद और 15 हजार रुपये जुर्माना लगाया था।
रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) ने बख्तरबंद वाहनों के लिए स्वदेशी उन्नत हल्का बुलेटप्रूफ कांच विकसित करने के लिए प्रौद्योगिकी साझेदार के रूप में सीएसआईआर-केंद्रीय कांच एवं सिरेमिक अनुसंधान संस्थान (सीएसआईआर-सीजीसीआरआई) से हाथ मिलाया है। इसका उद्देश्य आयातित पारदर्शी कवच का विकल्प तैयार करना, इसके वजन व मोटाई को 50 प्रतिशत तक कम करना तथा एके-47 राइफल जैसे हथियारों की गोलियों से सुरक्षा प्रदान करना है। चार साल की परियोजना को महाराष्ट्र स्थित नौसेना सामग्री अनुसंधान प्रयोगशाला और चंडीगढ़ स्थित टीबीआरएल समेत डीआरडीओ की प्रयोगशालाओं के साथ मिलकर आगे बढ़ाया जा रहा है। इसका उद्देश्य डीआरडीओ द्वारा चुने जाने वाले किसी उद्योग साझेदार के जरिये प्रौद्योगिकी को प्रयोगशाला स्तर के विकास से बड़े पैमाने पर विनिर्माण तक ले जाना है।
काला जादू के आरोप में महिला की पिटाई, पेड़ से बांधा
हैदराबाद पुलिस ने सोमवार को बताया कि 65 वर्षीय महिला को काला जादू करने के आरोप में पीटा और पेड़ से बांध दिया। 23 सितंबर को नोमुला गांव में हुई इस घटना का वीडियो सामाजिक माध्यमों पर तेजी से प्रसारित हुआ। पुलिस के अनुसार, महिलाओं सहित एक समूह ने वृद्धा पर जादू-टोना और नाबालिग लड़के पर काला जादू करने का आरोप लगाया। उन्होंने उसे पीटा, पेड़ से बांध दिया और इसका वीडियो भी बनाया। महिला के बेटे ने शिकायत में बताया कि समूह ने घर में घुसकर उसकी मां पर हमला किया। विरोध करने पर उसे और परिवार के अन्य सदस्यों को पीटा। हमलावरों ने लाठियों और पत्थरों से उसकी कार को भी नुकसान पहुंचाया। सूचना मिलने पर पुलिस ने महिला को बचाया और ग्रामीणों को समझाया। पुलिस उपायुक्त (महेश्वरम जोन) के नारायण रेड्डी ने बताया कि मंचल पुलिस स्टेशन में 14 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।