फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

न्यूज डायरी: सिक्किम में भारी बारिश का असर, एनएच-10 के 52 किमी हिस्से पर आवाजाही प्रतिबंधित

Sat, 26 Sep 2026 03:49 AM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला।
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

ओडिशा पुलिस ने शुक्रवार को मयूरभंज जिले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। उस पर जादू-टोना के संदेह में एक महिला की हत्या का आरोप है। उप-मंडल पुलिस अधिकारी (SDPO) नबकृष्ण नायक ने यह जानकारी दी। आरोपी ने 23 सितंबर की शाम को महिला का गला ब्लेड से रेत दिया था। यह घटना आदिवासी बहुल जिले के करंजिया पुलिस थाना क्षेत्र के केंदुमुंडी गांव में हुई। पुलिस ने अपराध स्थल से एक मोटरसाइकिल जब्त की। हत्या में इस्तेमाल किया गया ब्लेड और आरोपी के जूते भी मिले। पुलिस ने बताया कि आरोपी को संदेह था कि पीड़िता जादू-टोना करती थी। उसे यह भी लगता था कि महिला उसके बड़े भाई की मौत के लिए जिम्मेदार थी।

विज्ञापन


बंगाल भाजपा अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने CEC ज्ञानेश कुमार को पद्म भूषण देने की मांग की
पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने शुक्रवार को मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार को पद्म भूषण देने की मांग की। उन्होंने राज्य में हिंसा-मुक्त चुनाव सुनिश्चित करने और मतदाता सूची से अवैध बांग्लादेशियों को हटाने का श्रेय ज्ञानेश कुमार को दिया। भट्टाचार्य की यह टिप्पणी चुनाव आयोग के कामकाज पर बड़े विवाद के बीच आई है। दो चुनाव आयुक्तों ने SIR अभ्यास के दौरान उनके नाम पर लिए गए निर्णयों पर आपत्ति जताई थी। भट्टाचार्य ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयानों को खारिज किया, जिन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और CEC कुमार को "देशद्रोही" कहा था। भाजपा नेता ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता खुश है कि चुनाव में कोई हिंसा नहीं हुई और लोग वोट डाल पाए। उन्होंने ज्ञानेश कुमार को सीमा पार घुसपैठ रोकने और मतदाता सूची को "साफ" करने का श्रेय दिया।इस बीच, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने कुमार के इस्तीफे के लिए 48 घंटे की समय सीमा तय की है। कांग्रेस ने CEC को हटाने और गिरफ्तारी की मांग को लेकर शुक्रवार को देशव्यापी विरोध प्रदर्शन किया। सुप्रीम कोर्ट में भी एक याचिका दायर की गई है।

विवाह बचाने को पति भी निभाएं गृहणी की भूमिका : हाईकोर्ट
घरेलू काम के असमान वितरण के कारण परिवार टूटने पर चिंता जताते हुए मद्रास हाईकोर्ट ने कहा है कि अगर महिलाएं गृहणी की जिम्मेदारी संभाल सकती हैं तो पुरुष घर के कामकाज में हाथ क्यों नहीं बंटा सकता। हाईकोर्ट की मदुरै पीठ ने वैवाहिक विवाद का निपटारा करते हुए कहा कि महिलाओं के तेजी से रोजगारोन्मुख होने के कारण न सिर्फ विवाह व्यवस्था प्रभावित हो रही है, बल्कि वे इसे कॅरिअर में रुकावट भी मान रही हैं। जस्टिस एमडी सुमति और जस्टिस जीआर स्वामीनाथन ने डॉक्टर दंपती के तलाक की याचिका पर सुनवाई के दौरान सुझाव दिया कि अगर महिलाएं गृहिणी बन सकती हैं, तो पुरुष भी हाउस हसबैंड की भूमिका निभा सकते हैं, ताकि विवाह की संस्था को बचाया जा सके। कोर्ट ने दोनों पक्षों की सहमति के आधार पर मामले का निपटारा करते हुए पति को पत्नी और बच्चों के लिए 2.5 करोड़ जमा करने का निर्देश दिया।  

आईएएस अफसर पूजा के खिलाफ जारी रहेगा मनी लॉन्ड्रिंग का मामला
सुप्रीम कोर्ट से झारखंड की चर्चित आईएएस अधिकारी पूजा सिंघल को झटका लगा है। शीर्ष कोर्ट ने पूजा सिंघल के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग मामले में निचली अदालत के संज्ञान लेने के आदेश को रद्द करने से इन्कार कर दिया है।  सिंघल के खिलाफ ट्रायल आगे भी जारी रहेगा। यह फैसला मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने सुनाया। 

मणिपुर में उग्रवादियों ने 4 लोगों पर बरसाईं गोलियां, छलनी शव बरामद
मणिपुर के कामजोंग में शुक्रवार तड़के संदिग्ध उग्रवादियों की गोली से छलनी चार लोगों के शव बरामद हुए। पुलिस के अनुसार, शव म्यांमार सीमा के पास स्थित दूरदराज के पिलोंग गांव में सुनसान जगह से मिले। मृतकों में वारेइशिम जाजो, फामी जाजो, बेटरसन जाजो और निंगथेम काशक शामिल है। सभी तांगखुल नागा समुदाय से थे। पुलिस और स्थानीय लोगों की लंबी तलाश के बाद करीब 1:30 बजे शव बरामद किए गए।

नाक से दवा देकर हो सकता है टीबी का इलाज: विशेषज्ञ समिति ने कई दवाओं के ह्यूमन ट्रायल को दी मंजूरी
टीबी के इलाज में नया विकल्प तैयार किया जा रहा है। सीएसआईआर-सीडीआरआई ने रिफाब्यूटिन और आइसोनियाजिड को मिलाकर ऐसी दवा विकसित की है, जिसे सांस के रास्ते फेफड़ों तक पहुंचाया जाएगा। यह खास तौर पर टीबी के इलाज में एक नया तरीका हो सकता है। इस दवा के ह्यूमन ट्रायल की तैयारी शुरू हो गई है। जानवरों पर इसका परीक्षण हो चुका है। केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) की विशेषज्ञ समिति ने जानवरों पर दवा की सुरक्षा से जुड़े और आंकड़े मांगे हैं। इसके अलावा यह भी कहा है कि पहले चरण में स्वस्थ लोगों पर दवा को आजमाया जाए। वहीं, नसों से जुड़ी बीमारी की दवा के ट्रायल को भी मंजूरी नसों और मांसपेशियों को धीरे-धीरे कमजोर करने वाली बीमारी एएलएस के इलाज के लिए नई दवा का ह्यूमन ट्रायल अब अगले चरण में पहुंच गया है। विशेषज्ञ समिति ने उसनॉफ्लास्ट के फेज-3 ट्रायल को मंजूरी देने की सिफारिश की है। मोइएडीएमएसए नाम की इंजेक्शन वाली दवा के फेज-1 ह्यूमन ट्रायल को अभी सीधे मंजूरी नहीं मिली। समिति ने जानवरों पर दवा के असर और सुरक्षा से जुड़े अतिरिक्त आंकड़े मांगे हैं। प्रस्तावित ट्रायल केंद्र को भी उपयुक्त नहीं माना गया है। 

कोयंबटूरः हिंदूवादी नेता की हत्या में चार पीएफआई सदस्यों को उम्रकैद
एनआईए की एक विशेष अदालत ने शुक्रवार को वर्ष 2016 में कोयंबटूर में हुई हिंदू मुन्नानी नेता सी. शशिकुमार की हत्या के मामले में प्रतिबंधित संगठन पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) के चार सदस्यों को उम्रकैद की सजा सुनाई। केंद्र सरकार की तरफ से 2022 में पीएफआई पर प्रतिबंध लगाने के बाद यह एनआईए अदालत का पहला ऐसा फैसला है जिसमें प्रतिबंधित संगठन के सदस्यों को दोषी ठहराया गया है। एनआईए के एक बयान के मुताबिक, सद्दाम हुसैन, सुबैर, मुबारक और मोहम्मद रफीकुल हसन को उम्रकैद तथा 30,000 रुपये जुर्माने की सजा सुनाई गई है। 22 सितंबर, 2016 को कोयंबटूर में शशिकुमार की हत्या कर दी गई थी। यह हत्या समाज के एक वर्ग में डर फैलाने और पूरे इलाके में सांप्रदायिक अशांति भड़काने के मकसद से की गई थी। 

जंगली हाथी को पकड़ने के लिए ‘ऑपरेशन मखना’ शुरू, दो कुमकी हाथी उतारे
केरल के अरालम फार्म में इंसानी बस्तियों में बार-बार घुसने वाले जंगली हाथी KM-1 को पकड़ने के लिए वन विभाग ने ‘ऑपरेशन मखना’ शुरू किया है। अधिकारियों के मुताबिक, हाथी के हमले में एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है और कई लोग प्रभावित हुए हैं। शुक्रवार रात प्रशिक्षित कुमकी हाथी विक्रम और भरत को अभियान में लगाया गया। वायनाड से एक और कुमकी हाथी उन्नीकृष्णन को लाया जाएगा। फिलहाल KM-1 जंगल के अंदर है और वनकर्मी उसकी तलाश कर रहे हैं। हाथी के मिलने के बाद उसे आबादी की ओर खदेड़कर बेहोश कर पकड़ने की तैयारी है। इसके लिए तीन विशेषज्ञ पशु चिकित्सकों की टीम भी तैनात की गई है।

केरल में ओमन चांडी हेल्थ इंश्योरेंस स्कीम की तैयारी, हर परिवार को 25 लाख तक का कवर
केरल सरकार ने प्रस्तावित ओमन चांडी हेल्थ इंश्योरेंस स्कीम के लिए तकनीकी विशेषज्ञ समिति गठित की है। योजना के तहत राज्य के हर परिवार को 25 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा कवर देने का प्रस्ताव है। समिति में बीमा क्षेत्र के विशेषज्ञ भी शामिल हैं और उसे चार महीने में विस्तृत परियोजना रिपोर्ट सौंपनी है। योजना में आय आधारित पाबंदियां कम रखने और अधिक से अधिक परिवारों को शामिल करने का लक्ष्य है। इसके तहत सरकारी और निजी सूचीबद्ध अस्पतालों में कैशलेस इलाज की व्यवस्था पर विचार किया जा रहा है। समिति अस्पतालों के पैनल में शामिल होने, क्लेम प्रबंधन, इलाज की गुणवत्ता और शिकायत निवारण जैसे मुद्दों पर भी रिपोर्ट तैयार करेगी।

मणिपुर में सुरक्षा बलों की कार्रवाई, उगाही के आरोप में तीन गिरफ्तार
मणिपुर के इंफाल पूर्व और थौबल जिलों में सुरक्षा बलों ने प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े तीन लोगों को कथित उगाही गतिविधियों के आरोप में गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, एनआरएफएम के 27 वर्षीय कैडर के पास से 30,500 रुपये बरामद हुए। उसकी निशानदेही पर एक सहयोगी भी पकड़ा गया। वहीं, थौबल में केसीपी (नॉन्गद्रेनखोम्बा) से जुड़े एक कथित उगाहीकर्ता को गिरफ्तार किया गया। सुरक्षा बल 2023 में शुरू हुई जातीय हिंसा के बाद से संवेदनशील इलाकों में लगातार तलाशी अभियान चला रहे हैं।

केरल में तेज रफ्तार कार पुल की रेलिंग तोड़ नदी में गिरी
केरल के एलाप्पारा में शुक्रवार रात बड़ा हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार पुल की रेलिंग तोड़कर नदी में जा गिरी। हादसे में 27 वर्षीय अभिषेक एस. नायर की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी काव्या और दो दोस्त अभिराम व अफसा घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक, चारों कुट्टिक्कनम के एक रिसॉर्ट से करिंथारुवी जा रहे थे। सीसीटीवी फुटेज में कार तेज गति से पुल की ओर जाती दिखी। स्थानीय लोगों ने तीन घायलों को कार से बाहर निकाला। पुलिस ने आशंका जताई है कि अभिषेक को नींद आने से हादसा हुआ हो सकता है। मामले की जांच जारी है।

असम के डिब्रूगढ़ में शुरू हुआ तीसरा चाय नीलामी केंद्र, 18 खरीदारों ने लिया हिस्सा
असम के डिब्रूगढ़ में चाय उत्पादकों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के लिए नया चाय नीलामी केंद्र शुरू किया गया। यह राज्य का तीसरा नीलामी केंद्र है। पहली नीलामी में 18 खरीदार शामिल हुए। CTC लीफ की 1.48 लाख किलो चाय में से 61.33 फीसदी बिकी, जिसकी औसत कीमत करीब 206 रुपये प्रति किलो रही। वहीं CTC डस्ट की करीब 74,694 किलो चाय में 63.16 फीसदी बिक्री हुई और औसत कीमत 210 रुपये प्रति किलो रही। कुल औसत बिक्री मूल्य करीब 207 रुपये प्रति किलो रहा। अधिकारियों के मुताबिक, केंद्र से ऊपरी असम के उत्पादकों की परिवहन लागत घटेगी और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

भारी बारिश के बीच सिक्किम की लाइफलाइन NH-10 पर 6 घंटे यातायात बंद
भारी बारिश के चलते सिक्किम की लाइफलाइन माने जाने वाले NH-10 के सेवोक-रंगपो मार्ग पर शनिवार को छह घंटे तक सभी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रही। 52 किलोमीटर लंबे इस हिस्से पर सुबह 6 बजे से दोपहर 12 बजे तक यातायात रोका गया। NHIDCL ने भूस्खलन और अन्य संभावित खतरों को देखते हुए यह फैसला लिया। पश्चिम बंगाल और सिक्किम के प्रशासन व पुलिस को संवेदनशील स्थानों पर यातायात नियंत्रित करने के निर्देश दिए गए।

सोशल मीडिया पर दोस्ती के बाद 16 वर्षीय किशोरी से शोषण

चेन्नई के उपनगरीय इलाके में सोशल मीडिया के जरिए 16 वर्षीय किशोरी से दोस्ती करने वाले 19 वर्षीय युवक पर उसे सुनसान जगह ले जाकर यौन शोषण करने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, शिकायत मिलने के एक घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। मामले की जांच जारी है।

ओडिशा में 17 दिन में मोबाइल चोरी के केस में सजा
ओडिशा पुलिस ने मोबाइल चोरी के मामले में तेजी से जांच पूरी कर महज 17 दिनों में आरोपी को सजा दिलाई। रेंगाली थाने में 9 सितंबर को चार मोबाइल और दो ईयरबड चोरी होने की शिकायत दर्ज हुई थी। आरोपी सनातन किशन को गिरफ्तार कर उसके घर से दो मोबाइल और एक ईयरबड बरामद किया गया। 19 सितंबर को चार्जशीट दाखिल हुई और 25 सितंबर को अदालत ने आरोपी को छह महीने की साधारण कैद और 5 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई।
विज्ञापन

तमिलनाडु में स्टालिन का सीएम विजय पर हमला
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के बयानों पर डीएमके अध्यक्ष एमके स्टालिन ने निशाना साधा। स्टालिन ने विजय पर राजनीतिक पाखंड और प्रशासनिक विफलता के आरोप लगाए। उन्होंने टीवीके के खुद को ‘शुद्ध ताकत’ बताने और डीएमके को ‘बुरी ताकत’ कहने पर सवाल उठाए। स्टालिन ने भाजपा, एआईएडीएमके और टीवीके से जुड़े राजनीतिक मुद्दों पर भी विजय से सवाल किए। उन्होंने सरकार की बिजली कटौती, महंगाई, दूध की कमी और कानून-व्यवस्था को लेकर भी आलोचना की।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें