कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़ जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पारिवारिक विवाद के बाद 28 वर्षीय महिला ने अपने बेटे और ननद के बच्चे को कुएं में फेंक दिया। इस दर्दनाक हादसे में एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत गंभीर है। पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया है। यह वारदात 19 सितंबर को दोपहर के वक्त पेर्ने गांव में हुई। पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला नूरुन्निसा का फोन पर अपने पति से जोरदार झगड़ा हुआ था। विवाद से आक्रोशित होकर उसने घर के पास बने कुएं में अपने साढ़े तीन साल के बेटे और ननद के तीन साल के बेटे को फेंक दिया। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने दोनों बच्चों को कुएं से बाहर निकाला, लेकिन तब तक ननद के बेटे की सांसें थम चुकी थीं। वहीं, नूरुन्निसा के अपने बच्चे को गंभीर हालत में इलाज के लिए मंगलुरु के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उप्पिनंगडी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर आरोपी महिला से पूछताछ की जा रही है और घटना की आगे की जांच जारी है।
कोलकाता: दुर्गा पूजा पोस्टर पर विवाद, समिति ने मांगी माफी
कोलकाता में दक्षिणी हिस्से की बेहाला यंग मेन्स एसोसिएशन ने दुर्गा पूजा के थीम पोस्टर को लेकर रविवार को माफी मांगी। पोस्टर में तबले की तस्वीर के साथ बंगाली में “फकीर हुसैन” लिखा था, जिसे कुछ लोगों ने दिवंगत तबला वादक जाकिर हुसैन के प्रति अपमानजनक बताया। समिति ने कहा कि किसी महान कलाकार का मजाक उड़ाने या उन्हें नीचा दिखाने का कोई इरादा नहीं था। इस साल पूजा की थीम “छुट्टी” है, जिसमें बचपन की कल्पना और एआई के बढ़ते प्रभाव को दिखाया गया है। कलाकार सनातन डिंडा ने कहा कि विवादित पोस्टर तैयार करने में उनकी कोई भूमिका नहीं थी।
कर्नाटक: नकली दवाओं के मामले में 16 दवा लाइसेंस रद्द, आठ निलंबित
कर्नाटक FDA ने कथित नकली दवाओं की बिक्री और वितरण के मामले में 16 खुदरा और थोक दवा लाइसेंस रद्द कर दिए हैं, जबकि आठ अन्य लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। 18 अगस्त को बेंगलूरू दक्षिण के बिदादी स्थित एक फार्महाउस पर छापे में बिना लाइसेंस दवाओं की री-पैकिंग और री-लेबलिंग का मामला सामने आया था। कार्रवाई में करीब 5.05 करोड़ रुपये की नकली दवाएं, मशीनें और प्रिंटिंग सामग्री जब्त की गई। जांच में आरोप है कि कम कीमत की दवाओं को नई शीशियों में पैक कर बहुराष्ट्रीय कंपनियों की महंगी जीवनरक्षक दवाओं के नाम से बेचा जा रहा था। इनमें कथित तौर पर फाइजर ब्रांड के उत्पाद भी शामिल थे।
कर्नाटक: गडग को सूखाग्रस्त घोषित नहीं किया तो विधायक पद से इस्तीफा देंगे एचके पाटिल
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और विधायक एचके पाटिल ने कहा है कि गडग तालुक को 10 अक्तूबर तक सूखाग्रस्त घोषित नहीं किया गया तो वह विधायक पद से इस्तीफा दे देंगे। किसानों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वह दो अक्तूबर से पहले ही गडग को सूखाग्रस्त घोषित कराने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। पाटिल ने कहा कि यदि पात्र होने के बावजूद घोषणा रोकने की कोशिश हुई तो भी वह इस्तीफा देंगे। कर्नाटक में अब तक 124 तालुकों को सूखाग्रस्त घोषित किया जा चुका है। उपमुख्यमंत्री जी परमेश्वर ने कहा है कि चरणबद्ध आकलन के बाद 200 से अधिक तालुक सूखाग्रस्त सूची में शामिल हो सकते हैं।