उड़ानों में देरी होने से यात्रियों ने एयरपोर्ट पर किया हंगामा
दिल्ली से दुबई जा रही स्पाइसजेट की दो उड़ानों में लंबी देरी होने के कारण (एक उड़ान में 24 घंटे से अधिक की देरी) यात्रियों ने एयरपोर्ट पर हंगामा किया। यह जानकारी एक रिपोर्ट में दी गई। एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, सोमवार सुबह 7:45 बजे उड़ान भरने वाली फ्लाइट एसजी 5111 के लिए कई बार देरी से उड़ने का एलान किया गया और खबर लिखे जाने तक यह उड़ान नहीं भर पाई थी, जो दिखाता है कि उड़ान में 24 घंटे से ज्यादा की देरी हो गई है। हालांकि, अब फ्लाइट ट्रैकिंग प्लेटफॉर्म फ्लाइटरडार 24 पर यह उड़ान रद्द दिखाई दे रही है।
रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि एक और फ्लाइट (एसजी 5105), जिसे सोमवार शाम 6:45 बजे दिल्ली से दुबई के लिए उड़ान भरनी थी, उसे मंगलवार दोपहर तक के लिए टाल दिया गया। इसके अलावा, यात्रियों ने कहा कि उन्हें एयरलाइन से कोई ताजा जानकारी नहीं मिली। साथ ही, सोशल मीडिया पर एयरपोर्ट के वायरल वीडियो में फंसे हुए यात्रियों को टर्मिनल के फर्श पर बैठे और अपनी उड़ान के बारे में जानकारी मांगते हुए देखा गया।
असम के धुबरी जिले की एक पोक्सो कोर्ट ने 2023 में चार साल की बच्ची के दुष्कर्म और हत्या के मामले में एक व्यक्ति को मौत की सजा सुनाई है। बिलासीपारा की एडिशनल और डिस्ट्रिक्ट कोर्ट के स्पेशल जज राणा दत्ता ने सोमवार को उत्पल रॉय को मौत की सजा सुनाई। रॉय पर आरोप था कि उसने तीन साल पहले चापर पुलिस स्टेशन इलाके में कृष्णाकली टी एस्टेट में बच्ची का यौन शोषण किया और फिर उसकी हत्या कर दी।
मामले के सरकारी वकील ने बताया कि जज ने भारतीय दंड संहिता और बच्चों को यौन अपराधों से संरक्षण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत अतिरिक्त सज़ा और जुर्माना भी लगाया। इस अपराध को 'दुर्लभतम से दुर्लभ' श्रेणी में मानते हुए, स्पेशल जज ने पीड़िता के परिवार को न्याय दिलाने के लिए दोषी को मौत की सजा सुनाई।
महाराष्ट्र के हिंगोली शहर में एक दुकान से कबाड़ और नकदी चोरी करने के शक में तीन लोगों ने कथित तौर पर 34 वर्षीय एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि आजम कॉलोनी के रहने वाले पीड़ित शेख शब्बीर शेख रफीक का शव सोमवार सुबह शहर के बाहरी इलाके में हिंगोली-गरमल रोड पर मिला। उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उसकी तस्वीर जारी करने के बाद देर शाम उसके परिवार ने शव की पहचान की।
पीड़ित के भाई की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपियों - सौरभ पात्रे, नितिन कोल्हे और शिवदास घाड़े - को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारी ने बताया कि तीनों ने स्थानीय दुकान से कबाड़ और पैसे चोरी करने के शक में पीड़ित की बेरहमी से पिटाई की। हमले के बाद वे मौके से भाग गए। उन्होंने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।