फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

न्यूज डायरी: नगालैंड में नकली शराब पीने से नौ की मौत; बंगाल की सीमा पर बीएसएफ ने डूबने से बचाए 10 बांग्लादेशी

Sun, 13 Sep 2026 10:54 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला।
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

नगालैंड के तूएनसांग जिले में हाल ही में दो दिनों के दौरान नौ लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को कहा कि इन मौतों का परिस्थितिजन्य संबंध मिलावटी या नकली शराब के सेवन से सामने आया है। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया कि शराब के सेवन और मौतों के बीच संबंध अभी निर्णायक रूप से स्थापित नहीं हुआ है।

विज्ञापन


मौतें 10 और 11 सितंबर को तूएनसांग शहर और चेंदांग सैडल गांव में हुईं। जिला पुलिस ने एक बयान में कहा कि मौतों का 'परिस्थितिजन्य रूप से संदिग्ध नकली या मिलावटी शराब के सेवन से संबंध सामने आया है।' पुलिस ने बताया कि ज्यादातर मामलों में पोस्टमार्टम समेत वैज्ञानिक और फोरेंसिक जांच की प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हुई है और शवों को आगे की जांच के लिए भेजा गया है। राज्य में नगालैंड लिकर टोटल प्रोहिबिशन एक्ट, 1989 के तहत शराब रखने, बेचने, पीने और बनाने पर प्रतिबंध है।

बंगाल की सीमा पर बीएसएफ ने डूबने से बचाए 10 बांग्लादेशी, एक नवजात भी शामिल
सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में भारत-बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास गंगा नदी में डूब रहे 10 बांग्लादेशी नागरिकों को बचा लिया। इनमें एक नवजात बच्चा भी शामिल है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
विज्ञापन


अधिकारियों के मुताबिक, घटना शनिवार शाम की है। 71वीं बटालियन के बीएसएफ जवानों ने खंडुआ सीमा चौकी के पास कुछ लोगों को मदद के लिए पुकारते देखा। समूह में 30 दिन का एक नवजात, दो बच्चे और तीन महिलाएं शामिल थीं। नाव पलटने के बाद सभी लोग नदी में गिर गए थे। बीएसएफ ने स्पीडबोट की मदद से बचाव अभियान चलाकर सभी को सुरक्षित बाहर निकाला।

बांग्लादेशी नागरिकों ने बताया कि वे बांग्लादेश के जोहारपुर गांव के रहने वाले हैं और चपाई नवाबगंज से जोहारपुर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी नाव अचानक पलट गई और सभी यात्री नदी में गिर गए। पानी के तेज बहाव के कारण वे बहकर भारतीय सीमा की ओर पहुंच गए। अधिकारियों ने बताया कि बीएसएफ जवानों ने सभी को प्राथमिक उपचार दिया और इसके बाद सरकारी अस्पताल पहुंचाया। हालत स्थिर होने के बाद सभी को सीमा सुरक्षा बल ने अपने समकक्ष बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (बीजीबी) के हवाले कर दिया।

अहमदाबाद: दो मंजिला मकान ढहने से एक महिला की मौत, तीन अन्य घायल
अहमदाबाद में रविवार को एक पुराना दो मंजिला मकान ढहने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। अग्निशमन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि घटना दोपहर के समय खाड़िया इलाके की एक संकरी गली में हुई। मकान ढहने के बाद चार लोग मलबे में फंस गए थे।

उन्होंने बताया कि पीड़ितों की पहचान जानवी राणा (27), पार्थ राणा (23), आशाबेन (42) और सोनल राणा (45) के रूप में हुई है। अधिकारी के मुताबिक, दो लोगों को तुरंत मलबे से बाहर निकाल लिया गया, जबकि मलबा हटाने के बाद दो महिलाओं को बाद में बाहर निकाला गया। चारों को एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया। एलजी अस्पताल के रेजिडेंट मेडिकल ऑफिसर आलाप शाह ने बताया कि सोनल राणा को अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया।

ओडिशा में मिले ओरांगुटानों को ले जाने की कोशिश में इंडोनेशिया
ओडिशा के बालासोर जिले के जंगल में मिले पांच ओरांगुटान भारत तक कैसे पहुंचे, इसका जवाब तलाश रही ओडिशा पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने दीघा के होटल से तीन लोगों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। इस बीच, इंडोनेशिया ने भारतीय अधिकारियों से संपर्क कर इन जीवों को वापस ले जाने के लिए कोशिशें शुरू कर दी हैं। पांचों ओरांगुटान 8 सितंबर को बालासोर के भोगराई क्षेत्र के जंगल में मिले थे। उन्हें भुवनेश्वर के नंदनकानन जूलॉजिकल पार्क में चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। इनमें तीन नर और दो मादा बताए गए हैं।

कर्नाटक : पुलिस ने 800 बाल मजदूर मुक्त कराए
कर्नाटक में पूरे राज्य में शनिवार को बाल मजदूरी रोकने के लिए चलाए गए एक विशेष अभियान में पुलिस ने बाल मजदूरी से 800 बच्चों का बचपन बचाया। सीएम डीके शिवकुमार के निर्देश पर राज्य भर के 962 पुलिस थानों के तहत 16,951 जगहों की तलाशी ली गई। 

असम कांग्रेस के प्रभारी भूपेश बघेल ने की समीक्षा बैठक
कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्षी गठबंधन ने शनिवार को असम से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर बैठक की। इसमें भाजपा और सांप्रदायिक शक्तियों के खिलाफ एकजुट होकर लड़ने का संकल्प लिया गया। अखिल भारतीय कांग्रेस समिति (एआईसीसी) के महासचिव और असम कांग्रेस के नए प्रभारी भूपेश बघेल की मौजूदगी में हुई इस बैठक में राजनीति के अलावा ऊपरी असम के तीन जिलों में आई भयंकर बाढ़ पर भी चर्चा हुई। बघेल ने कांग्रेस नेताओं के साथ नागांव लोकसभा उपचुनाव की रणनीति पर भी अलग से बैठक की। कांग्रेस नेताओं ने बाढ़ को "मानव निर्मित" और "सिंडिकेट का परिणाम" बताते हुए जनता के बीच ले जाने तथा स्थायी समाधान की दिशा में काम करने का फैसला किया। उन्होंने बाढ़ पीड़ितों को पर्याप्त सरकारी सहायता न मिलने पर चिंता व्यक्त की और तत्काल मदद की मांग की। बैठक में काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान के पास प्रस्तावित पांच सितारा होटल के विरोध में जेल में बंद आदिवासी नेता प्रणब डोले की रिहाई की मांग का प्रस्ताव भी पारित हुआ। काजीरंगा पर्यावरण-संवेदनशील क्षेत्र को कम करने के प्रस्ताव पर भी चर्चा की गई। आगामी उपचुनावों में भाजपा और एआईयूडीएफ के खिलाफ एकजुट होकर लड़ने का संयुक्त प्रस्ताव भी पारित हुआ। लोकतंत्र और जन अधिकारों की रक्षा के लिए समान विचारधारा वाले दलों से संवाद जारी रखने का निर्णय लिया गया और अगली बैठक जल्द बुलाने पर भी सहमति बनी। इस बैठक में गौरव गोगोई, सहित कई नेता शामिल रहे।

बंगाल उपचुनाव में वाम दल के कितने प्रत्याशी
पश्चिम बंगाल में छह अक्तूबर को विधानसभा उपचुनाव कराए जाने हैं। उपचुनावों में वाम दल के प्रत्याशी भी किस्मत आजमा रहे हैं। सीपीआई (एम) ने रेजिनगर विधानसभा क्षेत्र से अधिवक्ता सईद असद अली को मैदान में उतारा है, जबकि सीपीआई ने नंदीग्राम विधानसभा क्षेत्र से शांति गोपाल गिरि को उम्मीदवार बनाया है।
विज्ञापन

तृणमूल के दोनों गुटों ने की मुलाकात, आयोग ने ऋतब्रता से मांगे दस्तावेज
तृणमूल कांग्रेस में विद्रोह के बाद पार्टी के नाम, चुनाव चिन्ह और संगठन को लेकर चल रहे विवाद में चुनाव आयोग ने सुनवाई की है। चुनाव आयोग ने दोनों गुटों को सुना है और ऋतब्रता से दिन खत्म होने से पहले कुछ दस्तावेज देने को कहा है। आयोग के सूत्रों ने कहा कि फिलहाल अभी दोनों तरफ जैसा था वैसा ही रहेगा। क्योंकि वह दोनों तरफ की दलीलों और दस्तावेजों का आकलन कर रहा है। इस आधार पर निर्णय व्यापक अध्ययन के बाद ही होगा। दरअसल 16 सितंबर को राज्य में उपचुनाव है। ऐसे में आयोग ने अगर पार्टी के चुनाव चिह्न जोडा़ फूल (घासफूल) पर फैसला नहीं किया तो वह उसे फ्रीज कर दोनों दलों को निर्दलीय मैदान में जाने के लिए नया नाम और चुनाव चिन्ह आवंटित करेगा। वहीं ऋतब्रता ने नया दांव खेलते हुए एलान किया है कि यदि ममता बनर्जी नंदीग्राम उपचुनाव में निर्दलीय तौर पर चुनाव लड़ती हैं तो वे दीदी के सम्मान में चुनावी मैदान में अपना उम्मीदवार नहीं उतारेंगे।

चुनाव आयोग की संपूर्ण पीठ मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, चुनाव आयुक्त डॉ सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने शनिवार को पहले 11 बजे ऋतब्रता, अरूप राय, मुख्य सचेतक अख्रुज्जमान, चंद्रिमा भट्टाचार्य और रिजु दत्ता से घंटा 40 मिनट चर्चा की। जबकि ममता गुट की बैठक देर से शुरु हुई और लगभग दो घंटा चली। वहीं ममता बनर्जी गुट की ओर से कल्याण बनर्जी, डेरेक ओब्रायन, सागरिका घोष और साकेत गोखले के साथ उनके वकील अभिनव सिंह थे। कल्याण बनर्जी ने कहा कि उन्होंने अपनी बात रखी है। सवालों के जवाब दिए हैं। अब क्या होगा वह यह नहीं बता सकते, कि आयोग उनकी बातों से कितना संतुष्ट है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें