महाराष्ट्र आईएसआईएस मॉड्यूल मामले में एनआईए के हाथ बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। एक अधिकारी ने कहा कि एनआईए ने गुरुवार को आतंकवादी संगठन आईएसआईएस (ISIS) की हिंसक गतिविधियों को बढ़ावा देने के आरोप में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। एजेंसी ने बयान जारी कर कहा कि अदनान अली पांचवां आरोपी था जिसके खिलाफ 28 जून को मामला दर्ज किया गया था।
छापेमारी के दौरान आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद
अधिकारी ने बताया कि आरोपी को पुणे के कोंढवा इलाके में उसके घर से गिरफ्तार किया। छापेमारी के दौरान उसके पास से आईएसआईएस (ISIS) से जुड़े दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक गैजेट के साथ कई आपत्तिजनक सामग्रियां बरामद की गईं। एजेंसी के प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी आपत्तिजनक सामग्रियों का उपयोग युवाओं को आईएसआईएस से जोड़ने को लेकर कर रहा था।
आतंकवादी गतिविधियों की रची थी साजिश
एनआईए के मुताबिक, आरोपियों ने आईएसआईएस की आतंकवादी गतिविधियों को आगे बढ़ाने की साजिश रची थी। आईएसआईएस संगठन को इस्लामिक स्टेट ऑफ इराक एंड लेवंत (आईएसआईएल), दाएश, इस्लामिक स्टेट इन खुरासान प्रोविंस (आईएसकेपी), आईएसआईएस विलायत खोरासन और इस्लामिक स्टेट ऑफ इराक एंड द शाम खुरासान (ISIS-K) के नाम से भी जाना जाता है।
देश की एकता, अखंडता को हिलाने की थी कोशिश
बयान में आगे कहा गया है कि आरोपी अदनान अली देश की एकता, अखंडता, सुरक्षा और संप्रभुता को चोट पहुंचाने की कोशिश कर रहा था और वह इस 'महाराष्ट्र आईएसआईएस मॉड्यूल' के माध्यम से आईएसआईएस की साजिश के तहत भारत सरकार के खिलाफ युद्ध छेड़ने की कोशिश कर रहा था।
इससे पहले, चार आरोपियों को एनआईए ने गिरफ्तार किया है, जिनमें मुंबई से ताबिश नासिर सिद्दीकी, पुणे से जुबैर नूर मोहम्मद शेख उर्फ अबू नुसैबा और ठाणे से शरजील शेख और बड़ौदा का जुल्फिकार अली शामिल है। एनआईए ने इन सभी को व्यापक तलाशी के बाद तीन जुलाई को गिरफ्तार किया था। वहीं अभी इस मामले को लेकर जांच जारी है।