पश्चिम बंगाल के ईस्ट मेदिनीपुर जिले के एक गांव में पांच जनवरी को हुए बम विस्फोट मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की। इस मामले में एनआईए ने पांच जगहों पर छापा मारा।
राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के ईस्ट मेदिनीपुर जिले में हुए बम विस्फोट मामले में कार्रवाई की है। एनआईए की टीम ने यहां पांच जगहों पर छापा मारा। गौरतलब है कि एनआईए ने यह कार्रवाई खेजुरी बम बलास्ट मामले में की।
विज्ञापन
गौरतलब है कि बीती 5 जनवरी को खेजुरी थानाक्षेत्र स्थित एक गांव में कथित तौर पर बनाए जा रहे बमों के फटने से दो व्यक्तियों की मौत हो गई थी। मिली जानकारी के मुताबिक, मरने वाले दोनों व्यक्ति तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता थे। इस विस्फोट में तीन अन्य घायल भी हो गए थे। इस मामले में बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने आरोप लगाया था कि इस विस्फोट के पीछे भाजपा का हाथ है। टीएमसी ने तब कहा था कि भाजपा के गुंडों ने इस घटना को अंजाम दिया है। हालांकि भाजपा ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया था।
घटना के बाद खेजुरी में टीएमसी और भाजपा समर्थकों के बीच झड़प भी हुई थी। राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने इस मामले की जांच जनवरी 15 को अपने हाथ में ले ली थी। अब एनआईए ने इसमें कार्रवाई की है।