पाकिस्तान संयुक्त जांच दल (जेआईटी) ने पठानकोट आतंकी हमले की जांच के सिलसिले में नेशनल इनवेस्टिगेशन एजेंसी (एनआईए) के पाकिस्तान दौरे के प्रस्ताव का स्वागत किया है। एनआईए प्रमुख शरत कुमार ने कहा है कि जांच को आगे बढ़ाने के लिए एनआईए का पाकिस्तान जाना तय कार्यक्रम का हिस्सा है। पाकिस्तान ने इसकेलिए भारत को ओर से भेजे गए लेटर रोगेटरी (एलआर) पर जल्द अमल करने समेत सभी रास्ते साफ करने का भरोसा दिया है। यात्रा की तारीख जल्द ही तय की जाएगी।
पठानकोट हमले की जांच के सिलसिले में जेआईटी और एनआईए ने पांच दिन तक बैठक कर जांच की बारीकियों पर गंभीरता से विचार किया। एनआईए को उम्मीद है कि वह जेआईटी से साथ मिलकर ऐसे ठोस सबूत तैयार कर लेगा जो पाकिस्तान की अदालत में मान्य होगा। शुक्रवार को पाक जेआईटी पाकिस्तान वापस चली गई।
शरत कुमार ने कहा कि एनआईए ने मारे गए चारों आतंकवादियों की पहचान जेआईटी को बताई है। अब जेआईटी पाकिस्तान में उसकेठिकानों को ढूंढ कर इसकी तसदीक करेगा। इसी दौरान आतंकियों के परिवार वालों से उनकेडीएनए भी मैच कराए जाएंगे। एनआईए ने पाक दल को बताया है कि उनमें से एक आतंकवादी का नाम नसीर अहमद है। इसने हमले से पहले अगवा किए गए सलविंदर से फोन से पाकिस्तान में अपनी मां से बातचीत की थी। एनआईए ने उसकी मां के डीएनए सैंपल की भी मांग की है।
इसके अलावा एनआईए ने जैश-ए-मोहम्मद के सरगनाओं के खिलाफ भी ठोस सबूत दिए गए हैं। एनआईए डीजी ने कहा कि जेआईटी ने भी अबतक की पाकिस्तान में की गई जांच का पूरा कागजी ब्यौरा दिया है।