एंटीलिया मामले में आरोपी सचिन वाजे को लेकर एनआईए कई नए खुलासे कर सकती है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी सचिन वाजे की मिस्ट्री गर्ल मीना जॉर्ज से लगातार तीन दिनों से पूछताछ कर रही है। मीन जॉर्ज वही महिला है जो सचिन वाजे के साथ मुंबई के ट्राइडेंट होटल में दिखी थी। पूछताछ में सामने आया कि सचिन वाजे और मीना जॉर्ज का ज्वाइंट खाता और लॉकर भी है।
मुंबई के डीसीबी बैंक में दोनों के साझा खाते और लॉकर के बारे में पता चला। वाजे की गिरफ्तारी के बाद इस खाते से कम से कम 26 लाख रुपये निकाल लिए गए, अब इसमें सिर्फ पांच हजार रुपये ही बचे हैं। इसके अलावा लॉकर को भी खोला गया और वहां से सिर्फ कुछ ही डॉक्यूमेंट बरामद हुए हैं।
एनआईए इस बात की जानकारी जुटाने में लगी है कि वाजे और मीना के ज्वाइंट अकाउंट से किसने पैसे निकाले और क्यों। एनआईए सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, मीना पैसे गिनने की मशीन लेकर घूमती थी और वो ट्राइडेंट होटल में वाजे से मिलने जाती थी। एनआईए ने बताया कि मीना सचिन वाजे के पैसे संभालने का काम करती थी।
एनआईए सूत्रों ने बताया कि सचिन वाजे और मीना जॉर्ज के बेहद करीबी संबंध थे। एजेंसी को इस बात का शक है कि मुंबई के बार, पब, रेस्त्रां से वसूले गए पैसों को ठिकाने लगाने का काम मीना जॉर्ज ही करती थीं। फिलहाल सचिन वाजे को सात अप्रैल तक एनआईए की हिरासत में भेज दिया गया है।