भाजपा मंगलवार 24 दिसंबर को अपने संस्थापक सदस्य और देश के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को याद करेगी। मंगलवार को अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती है। इसके लिए भाजपा मुख्यालय से लेकर प्रदेश कार्यालय तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने की योजना है। भाजपा महासचिव अरुण सिंह के अनुसार अटल जी की जयंती को पार्टी सुशासन दिवस के रूप में मना रही है।
वाजपेयी जी को याद करने और उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित करने के लिए राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू, केन्द्रीय गृह मंत्री और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, भाजपा के कार्यवाहक अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, लालकृष्ण आडवाणी समेत तमाम नेता स्मृति स्थल जाएंगे।
भाजपा नेताओं के मुताबिक देश भर में अटल जी को याद करने, उनके बताए रास्तों का अनुसरण करने समेत अन्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। गौरतलब है कि पिछले साल 16 अगस्त को देश के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का निधन हुआ था।