नासा ने आर्टेमिस-II चांद मिशन की लॉन्च तारीख फ्यूलिंग टेस्ट के दौरान हाइड्रोजन लीक मिलने के बाद टाल दी। काउंटडाउन के अंतिम चरण में रिसाव बढ़ने पर सिस्टम ने प्रक्रिया रोक दी। इंजीनियर समस्या ठीक नहीं कर सके। अब लॉन्च मार्च में होगी। नासा ने कहा कि अंतरिक्ष यात्रियों और मिशन की सुरक्षा सबसे बड़ी प्राथमिकता है। आइए विस्तार से इस पूरे मिशन को समझते हैं।
चांद पर इंसानों को फिर से भेजने की तैयारी कर रहे नासा के बड़े मिशन आर्टेमिस-II को फिलहाल टाल दिया गया है। लॉन्च से पहले किए जा रहे ईंधन परीक्षण के दौरान हाइड्रोजन लीक मिलने के बाद एजेंसी ने मिशन की तारीख आगे बढ़ा दी है। अब यह मिशन फरवरी की जगह मार्च में लॉन्च किया जाएगा। नासा ने साफ कहा है कि सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
विज्ञापन
नासा चार अंतरिक्ष यात्रियों को लेकर चांद की कक्षा तक जाने वाले इस मिशन की तैयारी कर रहा है। यह उड़ान फ्लोरिडा के केनेडी स्पेस सेंटर से होनी थी। पहले लॉन्च की तारीख 6 फरवरी रखी गई थी। खराब मौसम के कारण इसे 8 फरवरी किया गया, लेकिन बाद में फ्यूलिंग टेस्ट के दौरान तकनीकी गड़बड़ी सामने आने पर लॉन्च विंडो ही बदल दी गई। नासा प्रशासन ने कहा कि पूरी तकनीकी जांच के बाद ही नई तारीख तय होगी।
फ्यूलिंग टेस्ट में आखिर क्या गड़बड़ी मिली?
दो दिन तक चले वेट ड्रेस रिहर्सल टेस्ट में स्पेस लॉन्च सिस्टम रॉकेट में क्रायोजेनिक ईंधन भरा गया। यह असली लॉन्च से पहले पूरी प्रक्रिया की रिहर्सल होती है। टेस्ट के दौरान टेल सर्विस मास्ट अंबिलिकल इंटरफेस पर लिक्विड हाइड्रोजन का रिसाव दर्ज हुआ। काउंटडाउन आखिरी चरण में था, तभी लीक रेट बढ़ गया। सिस्टम ने अपने आप काउंटडाउन रोक दिया। इंजीनियरों ने कई घंटे तक दिक्कत दूर करने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
टेस्ट के दौरान कौन-कौन सी बातें सामने आईं?
काउंटडाउन लगभग पांच मिनट पहले अपने आप रुक गया।
हाइड्रोजन लीक की दर अचानक बढ़ गई थी।
ओरियन क्रू मॉड्यूल हैच से जुड़ा नया वाल्व फिर से कसना पड़ा।
क्लोजआउट ऑपरेशन तय समय से ज्यादा लंबा चला।
कई तकनीकी लक्ष्य पूरे हुए, लेकिन लॉन्च मंजूरी नहीं मिली।
नासा ने लॉन्च टालने पर क्या कहा?
नासा प्रशासन ने कहा कि फरवरी की लॉन्च विंडो बंद कर दी गई है और अब मार्च सबसे पहले संभव लॉन्च समय होगा। एजेंसी ने कहा कि अंतरिक्ष यात्री, सिस्टम और आम लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। जब तक पूरी तैयारी और भरोसा नहीं होगा, तब तक रॉकेट नहीं उड़ाया जाएगा। मार्च में एक और वेट ड्रेस रिहर्सल करने की योजना है, ताकि सभी सिस्टम दोबारा जांचे जा सकें।
मिशन में कौन-कौन जाएगा?
आर्टेमिस-II मिशन 10 दिन का होगा और चार अंतरिक्ष यात्री चांद की कक्षा तक जाकर लौटेंगे। दल में कमांडर रीड वाइजमैन, पायलट विक्टर ग्लोवर, मिशन विशेषज्ञ क्रिस्टीना कोच और कनाडा स्पेस एजेंसी के जेरेमी हैंसन शामिल हैं। लॉन्च टलने के कारण इन्हें फिलहाल क्वारंटीन से बाहर किया जाएगा। अगली संभावित लॉन्च तारीख से करीब दो हफ्ते पहले फिर क्वारंटीन होगा। यह मिशन आर्टेमिस-III की तैयारी का चरण है, जिसके तहत 2027 में इंसानों को चांद के दक्षिणी ध्रुव पर उतारने की योजना है।