प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात को एक और सौगात देने वाले हैं। वे 10 जून को अहमदाबाद का दौरा करेंगे। यहां वे बोपल में भारतीय राष्ट्रीय अंतरिक्ष संवर्धन और प्राधिकरण केंद्र (IN-SPACe) के मुख्यालय का उद्घाटन करेंगे। इसे जून 2020 में केंद्रीय कैबिनेट से मंजूरी मिली थी।
जानकारी के मुताबिक, IN-SPACe एक नोडल एजेंसी होगी, जो अंतरिक्ष गतिविधियों और गैर-सरकारी निजी संस्थाओं को अंतरिक्ष से जुड़ी सुविधाओं के विभाग के उपयोग की अनुमति देगी। इसका मकसद अंतरिक्ष क्षेत्र के लिए ज्यादा से ज्यादा निजी भागीदारी को सुनिश्चित करना होगा।
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने अपने ट्विटर हैंडल पर IN-SPACe मुख्यालय के उद्घाटन की घोषणा की। IN-SPACe के अध्यक्ष पवन गोयनका ने ट्वीट किया कि मुझे 10 जून 2022 को पौने चार बजे पीएम मोदी बोपल, अहमदाबाद में IN-SPACe मुख्यालय के उद्घाटन करेंगे। इसकी घोषणा करते हुए मुझे खुशी हो रही है। हम अंतरिक्ष क्षेत्र का विकास करने के लिए उद्योग और इसरो के साथ काम करने के लिए तत्पर हैं।