कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक सप्ताह के अंदर दूसरी बार राष्ट्र को संबोधित किया। प्रधानमंत्री ने लोगों को जागरुक करते हुए कहा कि आने वाले 21 दिन हमारे लिए महत्वपूर्ण हैं। इसलिए आज रात 12 बजे से पूरे देश में संपूर्ण लॉकडाउन होने जा रहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि कोरोना से बचने का इसके अलावा कोई तरीका नहीं है, कोई रास्ता नहीं है। कोरोना को फैलने से रोकना है, तो इसके संक्रमण की सायकिल को तोड़ना ही होगा। पीएम मोदी ने बताया कि किस तरह यह जानलेवा वायरस दुनिया में फैला।
पीएम मोदी ने कहा कि सोचिए, पहले एक लाख लोग संक्रमित होने में 67 दिन लगे और फिर इसे दो लाख लोगों तक पहुंचने में सिर्फ 11 दिन लगे। ये और भी भयावह है कि दो लाख संक्रमित लोगों से तीन लाख लोगों तक ये बीमारी पहुंचने में सिर्फ चार दिन लगे।
भारत में जितने 40 दिन में अब उतने एक दिन में हुए संक्रमित मरीज
बता दें कि भारत में पहले 40 दिनों में कोरोना वायरस के एक से लेकर 50 तक मामले सामने आए। फिर चार दिनों में देश में संक्रमित मरीजों की संख्या 50 से बढ़कर 100 तक हो गई। अगले चार दिनों को संक्रमितों की संख्या 100 से बढ़कर 150 पर पहुंच गई।
उसके बाद यह वायरस तेजी से फैलने लगा और अगले दो दिन में मरीजों की संख्या 150 से बढ़कर 200 हो गई। फिर एक दिन में कोविड-19 के मरीजों की संख्या 200 से 250 के ऊपर चली गई। अब संक्रमित मरीजों की संख्या 500 से ज्यादा हो गई है और हर रोज 50 से ज्यादा नए मामले सामने आ रहे हैं। इसी को लेकर पीएम मोदी ने लोगों को जागरुक किया है।