प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में लोगों को संबोधित कर रहे हैं। यूपी में पीएम मोदी तीसरी परिवर्तन रैली कर रहे हैं।
मोदी ने इस दौरान प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा कहा- सरकार को किसानों की कोई चिंता नहीं है। सरकार पर आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार किसानों को उनकी फसलों का सही दाम दिलवा पाने में भी असमर्थ है। मोदी ने कहा मुझे नहीं लगता यूपी की सरकार कुछ काम कर पाएगी, उनका इसमें इंटरेस्ट ही नहीं है। हमने यूपी सरकार से कई बार किसानों को फसल बीमा योजना का लाभ दिलाने के लिए कहा लेकिन प्रदेश सरकार इसमें भी असफल रही।
मोदी ने कहा कि दिल्ली की सरकार गरीबों के लिए समर्पित है। मैं आपके विश्वास को चोट नहीं पहुंचने दूंगा, आंच नहीं आने दूंगा। यूपी में अब परिवर्तन का समय आ गया है।
अब किसानों को यूरिया के लिए डंडे नहीं खाने पड़ते
- फोटो : ANI
हमारी सरकार ने किसानों के भले के लिए ढाई साल में बेइंतहा काम किए हैं। किसानों को मिलने वाला यूरिया और डाई जिसकी हमेशा कालाबाजारी होती थी आज वो उन्हें बिना परेशान हुए मिल जाता है। जबकि पहले यूरिया लेने के लिए किसानों को डंडे खाने पड़ते थे। कड़कड़ाती ठंड में यूरिया लेने के लिए उन्हें घंटों लाइन में लगा रहना पड़ता था।
मोदी ने कहा कि अब यूरिया की चोरी बंद हो चुकी है क्योंकि हमने उस पर नीम कोटिंग कर दी है अब न उद्योगों में यूरिया चोरी से सप्लाई किया जाता है और न ही उसकी कालाबाजारी हो सकती है।
केंद्र सरकार मिट्टी परीक्षण के लिए भी काम कर रही है जिससे मिट्टी से ज्यादा से ज्यादा पैदावार मिल सके। मोदी ने कहा कि किसानों के लिए पहले किसी को पीड़ा नहीं होती थी लेकिन हमारी सरकार को उनके हर दर्द का एहसास है।
पूरी दुनिया कैशलेश मार्केट की तरफ चल पड़ी है हम पीछे रह जाएंगे
- फोटो : ANI
मोदी ने दावा किया कि केंद्र सरकार ने गन्ना किसानों का बीस हजार करोड़ बकाया में से ज्यादातर चुका दिया है। मेरी सरकार गरीबों, किसानों और दलितों की फिक्रमंद है। अगर हम देश के किसानों के हालात बदल पाए तो देश के हालात भी बदल जाएंगे। मजबूत किसान और गांव ही मजबूत देश की नींव रखेंगे।
मोदी ने भारत बंद का आह्वान करने वालों पर यह कहकर निशाना साधा कि 'हम काले धन और भ्रष्टाचार को बंद करने की बात कर रहे हैं और वो भारत बंद करने की बता कर रहे हैं।' मैंने देश से 50 दिन मांगे हैं, जो बड़े हैं उनको बड़-बड़ी तकलीफ होगी और जो छोटे हैं उन्हें छोटी-छोटी।
मोदी ने लोगों से आह्वान किया कि आज पूरी दुनिया बिना पैसों के कारोबार चलाने की चल पड़ी है, लेकिन हम पीछे रह गए। पर अब भारत पीछे नहीं रहेगा। आपके पैसे आपके हैं, बिना नोट के भी आज इसे खर्च कर सकते हो। जितनी आसानी से आप मोबाइल से फोटो और वाट्सएप पर मैसेज भेज सकते हो उतनी आसानी से मोबाइल को अपने बैंक की ब्रांच बना सकते हो।