अगर आपने कभी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ तस्वीर खिंचवाई है और यह नहीं पता कि इसे कैसे खोजा जाए, तो रिकॉर्ड की गई पुरानी तस्वीर खोजने के लिए नमो एप में नया फीचर 'फोटो बूथ' जोड़ा गया है। इससे तस्वीर का पता लगाने में मदद मिलती है और उसे डाउनलोड भी किया जा सकता है।
विज्ञापन
एक अधिकारी ने कहा, हम इसके लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) का इस्तेमाल कर रहे हैं। इस तकनीक के जरिए सर्च प्रक्रिया के दौरान तस्वीरें सामने आती हैं। पीएम मोदी के किसी भी कार्यक्रम के दौरान कई लोग उनका स्वागत करते हैं। उस दौरान कई लोग पीएम के साथ फोटो क्लिक कराते हैं। एआई तकनीक के इस्तेमाल से उन्हें उनकी पुरानी तस्वीरें उपलब्ध हो सकेंगी। नमो एप पर काम कर रही एक टीम इस विशेषता पर काम कर रही है।
सूत्रों ने कहा कि फिलहाल एआई-प्रक्रिया 30 दिन पुरानी तस्वीर को ट्रैक कर सकती है, लेकिन यह जल्द ही उन तस्वीरों का पता लगा लेगी जो बहुत पुरानी हैं। एक सांसद ने एएनआई को बताया कि सांसदों और नेताओं के लिए उनकी तस्वीरों का पता लगाना आसान है, लेकिन जिनके पास उनकी तस्वीरों तक पहुंचने का कोई तरीका नहीं है, उनके लिए यह अभूतपूर्व है।
विज्ञापन
सूत्रों ने कहा कि यह अपनी तरह का अनूठा फीचर है और यह नमो ऐप ऐसा पहला प्लेटफॉर्म है, जो पीएम मोदी की तकनीक के प्रति रुचि के अनुरूप इसे इतने बड़े पैमाने पर इस्तेमाल कर रहा है।
पीएम मोदी ने एक बैठक में सांसदों से कहा कि किसी को तकनीकी विशेषज्ञ होने की जरूरत नहीं है, लेकिन लगातार सीखते हुए विकसित और अनुकूल होना सीखना चाहिए।