इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के सांसद पीके कुन्हलिकुट्टी
- फोटो : अमर उजाला
इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के सांसद पीके कुन्हलिकुट्टी ने राष्ट्रपति के अभिभाषण पर मोशन ऑफ थैंक्स (धन्यवाद प्रस्ताव) के दौरान सवाल उठाए। उन्होंने राष्ट्रपति के अभिभाषण को उदासीन, खोखला और साधारण बताया। कुन्हलिकुट्टी ने कहा कि राष्ट्रपति के अभिभाषण में बेरोजगारी और आर्थिक मंदी जैसे कई ज्वलंत मुद्दों की बात ही नहीं थी। उन्होंने राष्ट्रपति के अभिभाषण को चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषणों का दोहराव करार दिया।
कुल्हनिकुट्टी ने कहा कि रोजगार सृजन पर कोई जानकारी नहीं दी गई। अगले पांच सालों का रोडमैप उसी तरह झूठे वादों से भरा हुआ है जो साल 2014 में किए गए थे। 2014 का चुनाव विकास के मुद्दे पर लड़ा गया था, लेकिन कार्यकाल समाप्त होने पर विकास का एजेंडा पूरी तरह परिवर्तित कर दिया गया और इसे राष्ट्रीय सुरक्षा का मुद्दा बना दिया गया। उन्होंने कहा कि जैसा कि अधीर चौधरी ने कहा, प्रधानमंत्री मोदी के पास अच्छी मार्केटिंग की कला है।